10/08/2026
जिला पुलिस भिवानी की महिला थाना टीम व दुर्गा शक्ति टीमों द्वारा जिले में छात्राओं एवं महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में किया जा रहा जागरूक।
स्कूल, कॉलेज, शिक्षण संस्थानों एवं कार्यस्थलों पर पहुंचकर महिला सुरक्षा से संबंधित दी जा रही महत्वपूर्ण जानकारी।
✍️ पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार, आईपीएस के निर्देशन में जिला पुलिस द्वारा महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें उनके अधिकारों, महिला सुरक्षा से संबंधित कानूनों तथा घर से बाहर आने-जाने के दौरान होने वाली विभिन्न समस्याओं के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
महिला थाना व दुर्गा शक्ति टीमों द्वारा आयोजित किए जा रहे जागरूकता कार्यक्रम
✍️ जिला पुलिस की महिला थाना टीम एवं दुर्गा शक्ति टीमों द्वारा जिले के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों, शिक्षण संस्थानों, कोचिंग सेंटरों, इंस्टिट्यूट एवं अन्य संस्थानों में जाकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के दौरान छात्राओं एवं कामकाजी महिलाओं से संवाद कर उन्हें घर से बाहर निकलने, कार्यस्थल पर जाने, आने-जाने के रास्ते में अथवा किसी अन्य स्थान पर सामना होने वाली समस्याओं तथा उनसे निपटने के लिए उपलब्ध पुलिस सहायता एवं उनके कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी जा रही है।
किसी भी परेशानी में डायल 112 पर लें पुलिस सहायता
✍️ पुलिस टीमों द्वारा छात्राओं एवं महिलाओं को बताया जा रहा है कि यदि उन्हें घर से बाहर, कार्यस्थल, शिक्षण संस्थान या रास्ते में किसी प्रकार की परेशानी, छेड़छाड़, पीछा करने, अभद्र व्यवहार, धमकी अथवा किसी अन्य आपात स्थिति का सामना करना पड़ता है तो वे बिना किसी संकोच के डायल 112 पर कॉल करके पुलिस सहायता प्राप्त कर सकती हैं। पुलिस द्वारा आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध करवाने के लिए डायल 112 की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है।
ट्रिप मॉनिटरिंग सिस्टम के बारे में भी दी जा रही जानकारी
✍️ जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान महिलाओं एवं छात्राओं को हरियाणा पुलिस के ट्रिप मॉनिटरिंग सिस्टम के बारे में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी जा रही है। टीमों द्वारा बताया जा रहा है कि यात्रा के दौरान महिलाएं इस सुविधा का उपयोग कर अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कर सकती हैं तथा आवश्यकता पड़ने पर पुलिस से सहायता प्राप्त कर सकती हैं।
मोबाइल में डायल 112 ऐप डाउनलोड करवाकर कराया जा रहा रजिस्ट्रेशन।
✍️ महिला सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जागरूकता टीमों द्वारा छात्राओं एवं महिलाओं के मोबाइल फोन में डायल 112 ऐप डाउनलोड करवाकर उसका रजिस्ट्रेशन भी कराया जा रहा है। टीमों द्वारा उन्हें ऐप के माध्यम से उपलब्ध सुविधाओं, डायल 112 सेवा तथा ट्रिप मॉनिटरिंग सिस्टम के उपयोग की प्रक्रिया के बारे में व्यावहारिक रूप से जानकारी दी जा रही है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर महिलाएं स्वयं इन सुविधाओं का आसानी से उपयोग कर सकें।
महिला सुरक्षा को लेकर जिला पुलिस की प्रतिबद्धता
✍️ पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार, आईपीएस के निर्देशन में जिला पुलिस द्वारा महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। जिला पुलिस का उद्देश्य केवल आपात स्थिति में पुलिस सहायता उपलब्ध करवाना ही नहीं, बल्कि महिलाओं एवं छात्राओं को उनके अधिकारों और उपलब्ध सुरक्षा सुविधाओं के प्रति जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाना भी है।
✍️ जिला पुलिस भिवानी द्वारा भविष्य में भी स्कूलों, कॉलेजों, शिक्षण संस्थानों, कार्यस्थलों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्राओं एवं महिलाओं को उनके अधिकारों, महिला सुरक्षा, सुरक्षित यातायात तथा पुलिस द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही विभिन्न सुरक्षा सेवाओं के बारे में जागरूक किया जाता रहेगा।