11/03/2026
#झाँसी में 2 चालकों ने 524 गैस सिलेंडरों से लदा ट्रक चोरी कर लिया। फिर सभी सिलेंडरों को एक गैस एंजेसी संचालक को 13 लाख रुपए में बेच दिया। यूपी में रसोई गैस (LPG) की किल्लत को देखते हुए एजेंसी मालिक ने 135 सिलेंडर ब्लैक में बेच दिए।
बुधवार को पुलिस ने गैस एजेंसी के मालिक, मुनीम, दो ट्रक ड्राइवरों समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 11 लाख 93820 रुपए, 524 सिलेंडर (389 भरे व 135 खाली), बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद किए। ट्रक भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन के प्लांट से अटैच था। जांच में पता चला दोनों ड्राइवर पहले इसी ट्रक को चलाया करते थे। बाद में मालिक ने दोनों को निकाल दिया था। पूरा मामला सीपरी बाजार थाना क्षेत्र का है।
SSP बीबी जीटीएस मूर्ति ने बताया- सीपरी बाजार के न्यू राजगंज निवासी नीरज अग्रवाल का एक ट्रक करारी स्थित भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन के प्लांट में अटैच है। 2 मार्च को ट्रक में 524 गैस सिलेंडर लोड हुए थे।
जो कानपुर देहात के गजनेर जाने थे। मगर होली होने की वजह से ड्राइवर ट्रक को प्लांट के बाहर खड़ा करके घर चला गया था।
5 मार्च की रात चोर ट्रक चोरी कर ले गए। इसके अगले दिन ट्रक पारीछा के पास खड़ा मिला। मगर उसमें सिलेंडर नहीं थे। नीरज अग्रवाल ने सिलेंडरों की कीमत लगभग 18 लाख रुपए बताई थी।
उनकी तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज किया। चोरों को पकड़ने के लिए 3 पुलिस टीमों को लगाया। एक टीम ने लोगों से पूछताछ की तो दूसरी ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले। जिसके जरिए आरोपियों की पहचान कर ली गई। उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही थी।
बुधवार को मुखबिर की सूचना पर सीपरी बाजार थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने आरोपियों की घेराबंदी की। आरोपियों ने जान से मारने की नियत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
घेराबंदी कर पुलिस ने प्रेमनगर के गडिया फाटक निवासी जावेद (26), समथर के मोहल्ला काली मर्दन निवासी आमिर (35), प्रेमनगर के महाराजपुरा इमामबाग के पास निवासी रितिक (24) और प्रेमनगर के स्कूलपुरा निवासी सुमित अहिरवार (22) को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से तमंचा, कारतूस, बाइक बरामद की।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीम ने समथर में शिव गैस एजेंसी पर छापा मारा। यहां से एजेंसी मालिक समथर के तेवरियाना मोहल्ला निवासी शुभांकर परिहार (28), समथर के टूटागड़ा मोहल्ला निवासी अभिषेक कुशवाहा (25) और सुरेंद्र (23) को गिरफ्तार कर लिया।
उनके पास से 389 भरे और 135 खाली कुल 524 गैस सिलेंडर बरामद हुए। 135 गैस सिलेंडर को बेच चुके थे। इसकी बिक्री के 83820 रुपए बरामद हुए। वहीं, जावेद की निशानदेही पर उसके घर से 11 लाख 10 हजार रुपए बरामद हुए।
SSP ने बताया- आरोपी रितिक और जावेद पहले नीरज अग्रवाल का ट्रक चलाया करते थे। दोनों को नीरज ने नौकरी से हटा दिया था। दोनों के लगभग 70 हजार रुपए बकाया था। मांगने पर नीरज पैसे नहीं दे रहा था। इस वजह से दोनों ने गैस सिलेंडर चुराकर ब्लैक में बाहर बेचने की साजिश बनाई।
इसमें सुमित अहिरवार को शामिल किया। तीनों ने मिलकर गैस एजेंसी के मुनीम आमिर से संपर्क किया। बातचीत के बाद 13 लाख रुपए में सभी सिलेंडर खरीदने की डील हुई। रितिक ट्रक चलाकर ले गया, जबकि जावेद और सुमित बाइक से आगे चल रहे थे।
11.10 लाख रुपए अरोपी जावेद के घर पर मिले
चिरगांव पहुंचने पर आमिर, अभिषेक और सुरेंद्र मिल गए। तीनों ट्रक को समथर गैस एजेंसी तक ले गए। यहां पर सभी सिलेंडर उतार दिए। फिर खाली ट्रक को ले जाकर पारीछा में खड़ा करके आरोपी भाग गए थे। 13 लाख में से 11.10 लाख रुपए अरोपी जावेद के घर से बरामद हो गए। एसएसपी ने खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार रुपए का इनाम दिया गया।
Source- दैनिक भास्कर