The awaz news

Directions Contact the business

The awaz news all about india news

09/10/2026

नरवाना में कपड़े की दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख
अपोलो चौक स्थित बिरबल नगर की गली में हुआ हादसा, दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने पाया आग पर काबू
द आवाज न्यूज.
हरियाणा नरवाना के अपोलो चौक स्थित बिरबल नगर की गली में एक कपड़े की दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, दुकान मालिक राजू शुक्रवार सुबह अपनी दुकान की सफाई करने के बाद घर लौट गया था। इसके कुछ समय बाद ही दुकान में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देखकर आसपास के दुकानदारों ने दुकान मालिक को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद लोगों ने अपने स्तर पर बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया और दमकल विभाग को भी सूचना दी। आग इतनी भीषण थी कि लोगों के प्रयासों के बावजूद उस पर काबू नहीं पाया जा सका। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की दो गाड़ियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक दुकान में रखा काफी सामान जल चुका था। दुकानदार को हुआ लाखों रुपये का नुकसान दुकान मालिक राजू ने बताया कि वह सुबह दुकान की सफाई करके घर चला गया था। कुछ समय बाद उसे दुकान में आग लगने की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि दुकान में कपड़ों का लाखों रुपये का सामान रखा हुआ था, जो आग की चपेट में आने से जलकर राख हो गया। इससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हो पाई है।

09/10/2026

हरियाणा के जींद में आदर्श किला रामलीला का शुभारंभ
मंच पर नहीं होता अश्लील डांस
दिखाई जाती है मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की लीला
द आवाज न्यूज.
जींद में रामलीलाओं के मंचन का दौर शुरू हो गया है। शहर के किले वाली सनातन धर्म आदर्श किला रामलीला का शुभारंभ वीरवार को हुआ। रामलीला के माध्यम से कलाकार भगवान श्रीराम के जीवन, उनके आदर्शों और मर्यादा का संदेश लोगों तक पहुंचाएंगे। आदर्श किला रामलीला की खास बात यह है कि यहां किसी भी प्रकार का अश्लील डांस नहीं किया जाता। रामलीला कमेटी का उद्देश्य केवल मनोरंजन करना नहीं, बल्कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की लीलाओं का मंचन करके लोगों को धर्म, संस्कार, सत्य और आदर्श जीवन की प्रेरणा देना है। यहां मंच पर भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़ी लीलाओं को प्राथमिकता दी जाती है।
श्री सनातन धर्म आदर्श किला रामलीला में श्रवण कुमार के जीवन पर आधारित भावुक ड्रामा आयोजित किया गया। इस नाट्य मंचन को देखने के लिए पहुंचे दर्शकों ने कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया और कलाकारों के अभिनय की सराहना की। ड्रामा में गर्वित ने श्रवण कुमार की भूमिका निभाई। गर्वित ने पहली बार इस किरदार को मंच पर जीवंत किया और अपने अभिनय से रामलीला में चार चांद लगा दिए। उनके अभिनय ने दर्शकों को प्रभावित किया। श्रवण कुमार की मातृ-पितृ भक्ति और सेवा भावना को दर्शाते इस प्रसंग ने लोगों को भावुक कर दिया।
रामलीला के प्रधान रवि गुम्बर और दीपक सहगल ने बताया कि रामलीला के मंचन को बेहतर और प्रभावशाली बनाने के लिए कमेटी के सदस्य करीब 40 दिन पहले से ही तैयारियों में जुट जाते हैं। इस दौरान कलाकारों की रिहर्सल, संवादों का अभ्यास, मंच की व्यवस्था और अन्य जरूरी तैयारियां की जाती हैं, ताकि दर्शकों के सामने रामलीला का मंचन अच्छे तरीके से प्रस्तुत किया जा सके।
रामलीला के पहले दिन शर्मन ड्रामा का किया गया जिससे लोगों ने देखा इसकी सराहना की । उन्होंने बताया कि रामलीला में हर साल नए कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने और विभिन्न पात्रों की भूमिका निभाने का अवसर दिया जाता है। इससे युवाओं को धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का मौका मिलता है और रामलीला की परंपरा को आगे बढ़ाने में भी मदद मिलती है।

स्टेज कैरिज परमिट देने के लिए आवेदन की तिथि बढ़ाईपहले थी 30 सितंबर अंतिम तिथि, अब  छह नवंबर तक कर सकते हैं आवेदनजिलेभर स...
09/10/2026

स्टेज कैरिज परमिट देने के लिए आवेदन की तिथि बढ़ाई
पहले थी 30 सितंबर अंतिम तिथि, अब छह नवंबर तक कर सकते हैं आवेदन
जिलेभर से अबतक 400 आवेदन मिले
द आवाज न्यूज.
हरियाणा के जींद में संशोधित स्टेज कैरिज स्कीम के तहत 35 ग्रामीण रूटों पर प्राइवेट बसों को लेकर स्टेज कैरिज परमिट देने के लिए आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। पहले आवेदन की अंतिम तारीख 30 सितंबर थी लेकिन अब इसे बढ़ाते हुए छह नवंबर तक कर दिया गया है। अभी तक जिलेभर में 400 आवेदन आ चुके हैं। इच्छुक आवेदकों से अब छह नवंबर तक आवेदन मंगाए गए हैं। तय समय के बाद कोई आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। आवेदक निर्धारित प्रपत्र में आवेदन जमा करेंगे और साथ ही 25 हजर रुपये की निर्धारित नॉन रिफडेबल फीस भी जमा करेंगे। आवेदन के साथ जरूरी जानकारी आवेदकों को साथ में दिए गए प्रपत्र 1 में देनी होगी। संबंधित जिला परिवहन अधिकारी द्वारा आवेदनों को प्राप्त करने, प्रोसेस करने और उनकी जांच व पड़ताल करने के लिए एक विशेष टीम बनाई गई है। इस टीम में एडीटीओ, एमवीओ, टीआई, टीएसआइ और जरूरत के अनुसार आपरेटर व अन्य सहयोगी स्टाफ शामिल किए गए हैं। टीम बनाने के आदेश की एक कापी आवेदन लेने की तारीख शुरू होने से पहले हेड क्वार्टर को भेजी जाएगी। समिति द्वारा प्राप्त और प्रोसेस जांच किए गए आवेदनों का पूरा रिकार्ड एक रजिस्टर में रखा जा रहा है, जिस पर समिति के सदस्यों के हस्ताक्षर होंगे और संबंधित डीटीओ, सहसचिव, आरटीए के भी काउंटर हस्ताक्षर होंगे। इस समय जिले में परिवहन समिति की 162 बस दौड़ रही हैं। इसमें से नरवाना रूट पर 31, असंध पर 16, गोहाना, बरवाला पर 19, हांसी पर 26, पुंडरी पर तीन, जींद-पानीपत पर 26, पिल्लूखेड़ा-रोहतक पर पांच, नरवाना-हांसी पर पांच, नरवाना-कैथल पर 24 और नरवाना-हिसार रूट पर 20 बसें शामिल हैं। नए रूट में पिल्लूखेड़ा से रोहतक वाया धडोली, ललितखेड़ा, नंदगढ़, लिजवाना, जुलाना, लाखनमाजरा, जींद से हांसी वाया ईक्कस, रामराये, गुलकनी, राजथल, नारनौंद, नरवाना से नारनौंद वाया उचाना कलां, भौंगरा, बुडायन, कापड़ो, खेड़ी चौपटा, राखी और नरवाना से जींद वाया डूमरखां, सफाखेड़ी, उचाना कलां, खटकड़, झांझ जैसे रूट पर परिवहन समिति की बसों से आवेदन मांगे गए हैं। इन रूटों पर जितने आवेदन आएंगे। छह नवंबर के बाद परमिट को लेकर आगामी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
अभी तक आए 400 आवेदन
जिला परिवहन विभाग कार्यालय के निरीक्षक बलजीत सिंह ने बताया कि पिछले एक महीने से ज्यादा समय के अंदर 400 आवेदन आ चुके हैं। आवेदन के लिए 25 हजार रुपये की नान रिफंडेबल वऊीस जमा करवानी होगी। कोई भी आवेदन कर्ता किसी भी कार्य दिवस में जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय में आकर अपना आवेदन जमा करवा सकता है। जिले में नए स्टेज कैरिज परमिट लेने के लिए आवेदन की तारीख बढ़ा दी गई है। अब छह नवंबर तक आवेदन लिए जाएंगे।

08/10/2026

वोट चोरी के आरोपों पर इंडिया महागठबंधन का हल्लाबोल प्रदर्शन सड़कों पर उतरा विपक्ष
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हर हाल में देना होगा इस्तीफा: गीता भुक्कल
द आवाज न्यूज.
भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध और वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान के तहत वीरवार को इंडिया महागठबंधन के घटक दलों ने जींद में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की संयुक्त अध्यक्षता प्रकाश चंद्र, कांग्रेस जिला प्रधान रिषिपाल हैबतपुर और प्रेमचंद ने की। कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मतदाता सूचियों में कथित गड़बडिय़ों और वोटों की सुरक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इस मौके पर पूर्व विधायक सुभाष गांगोली, सतपाल सत्तू, दिनेश डाहौला, सारंग शमशेर ढाठरथ, विजेंद्र ढाठरथ, इशाक भट्टी, जेपी रूहिल, पवन दूहन, पूर्व मंत्री रामभज लोधर, पूर्व सांसद सुरेंद्र बरवाला, पूर्व विधायक सुभाष देसवाल, महावीर गुप्ता्र बलराम कटवाल, रमेश सैनी, जगबीर सिंह डिगाना, राजू लखीना सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शन में पूर्व मंत्री एवं झज्जर से कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न हथकंडों के जरिए वोटों की चोरी की गई तथा कई प्रदेशों में सरकारें भी चोरी की गईं। उन्होंने कहा कि विपक्ष जब मुख्य चुनाव आयुक्त से मिलने का प्रयास करता है तो नेताओं और सांसदों को गिरफ्तार किया जाता है। दिल्ली में चल रहे आंदोलन का जिक्र करते हुए भुक्कल ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित बड़ी संख्या में सांसदों की गिरफ्तारी से सरकार की घबराहट सामने आ गई है। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष लोकतंत्र और मतदाता के अधिकारों की रक्षा के लिए है। ज्ञानेश कुमार को हर हाल में इस्तीफा देना होगा और उनके खिलाफ संवैधानिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए। मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया गया। प्रदर्शनकारी रानी तालाब स्थित बाबा साहेब डा. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के पास एकत्र हुए और वहां से जुलूस के रूप में लघु सचिवालय परिसर में पहुंचे। यहां मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और प्रधानमंत्री के पुतलों का दहन कर रोष जताया गया। इस दौरान नेताओं ने एसआईआर को लेकर भी विरोध दर्ज कराया और मतदाता सूचियों में पारदर्शिता की मांग उठाई। प्रदर्शन को कपूर सिंह, रमेश चंद्र प्रेमचंद, मास्टर बलबीर सिंह राज्य अध्यक्ष किसान सभा एवं संयुक्त किसान मोर्चा के नेता, रिटायर्ड कर्मचारी यूनियन के नेता ईश्वर ठाकुर, अक्षय राज्य अध्यक्ष एसएफआई तथा नरेश राज्य सचिव नौजवान सभा सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम के समापन पर प्रदर्शनकारी लघु सचिवालय परिसर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास पहुंचे। यहां महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया और राष्ट्रगान के बाद कार्यक्रम संपन्न हुआ।

इंडस स्कूल में अभ्युद्य कला शो में रंगारंग कार्यक्रम की रही धूमदूर्गा पूजा में माता के सभी रूपों की सुंदर झलक दिखा मोहा ...
08/10/2026

इंडस स्कूल में अभ्युद्य कला शो में रंगारंग कार्यक्रम की रही धूम
दूर्गा पूजा में माता के सभी रूपों की सुंदर झलक दिखा मोहा मन
द आवाज न्यूज.
इंडस पब्लिक स्कूल के प्रांगण में नौवीं कक्षा के बच्चों द्वारा अभ्युद्य नाम से भव्य एवं रंगारंग कला शो का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ इंडस ग्रुप कार्डिनेटर प्रवीन परूथी, स्कूल निदेशिका रचना श्योराण, स्कूल प्राचार्या अरूणा शर्मा, उपप्राचार्य प्रवीन कुमार, मुख्याध्यापिका गुरमीत कौर ने दीप प्रज्जवलित करके किया। इस कार्यक्रम में नौवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। इस कार्यक्रम में नौवीं कक्षा के बच्चों के साथ-साथ उनके अभिभावकों को भी विषेश रूप से आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम का उद्देष्य विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता, आत्मविश्वास एवं मंचीय कौशल को प्रदर्शित करने के साथ-साथ उनकी अब तक की शैक्षणिक यात्रा की महत्वपूर्ण उपलब्धियों को यादगार बनाना था। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में दुर्गा पूजा, राजस्थानी, गुजराती, देशभक्ति से ओतप्रोत ताना जी नृत्य और हरियाणवी नृत्य आदि प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। दूर्गा पूजा में माता के सभी रूपों की सुंदर झलक देखने को मिली। गुजराती तथा हरियाणवी नृत्य मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे। इस अवसर पर सत्र 2025-26 के आठवीं कक्षा से पलक प्रथम, जैस्मिन द्वितीय और दुर्वा तृतीय स्थान पर रही। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को नगद पुरस्कार और प्रशस्त पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ग्रुप कार्डिनेटर प्रवीन परूथी ने नौवीं कक्षा के विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के लिए करियर काउंसलिंग की। उन्होंने विद्यार्थियों की रूचि, क्षमता एवं भविष्य के लक्ष्य के अनुरूप विभिन्न करियर विकल्पों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने विशय चयन, उच्च शिक्षा तथा भविष्य में उपलब्ध विभिन्न क्षेत्रों के अवसरों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने परीक्षा की प्रक्रिया, तैयारी की रणनीति, समय प्रबंधन तथा बेहतर प्रदर्शन के लिए आवश्यक सुझाव दिए। कार्यक्रम के दोरान विद्यार्थियों ने तथा अभिभावकों ने करियर से संबंधित प्रश्न पूछे, जिनका समाधान बखूबी किया गया। इस अवसर पर स्कूल प्राचार्या अरूणा शर्मा ने बच्चों तथा अध्यापकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचाने और उसे मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों में विद्यार्थियों की एकता, अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास में विषेश रूप से वृद्धि होती है। आज इंडस के विद्यार्थी देश में ही नही विदेशों में भी अपनी सफलता का परचम लहरा रहे हैं। इस साहस और आत्मविश्वास को विकसित करने के लिए एकाग्रता, आत्मविश्वास एवं अनुशासन की आवश्यकता है। स्कूल उपप्राचार्य प्रवीन कुमार ने आए हुए अभिभावकों का धन्यवाद किया। उन्होंने सीबीएसई द्वारा कक्षा नौवीं के पाठ्यक्रम में हुए बदलाव के बारे में अभिभावकों को जागरूक किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय जीवन में प्राप्त अनुभव और उपलब्धियां भविष्य की सफलता की मजबूत नींव तैयार करती हैं। इसलिए विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया।

बाइक चोरी के दो आरोपित गिरफ्तारगिरफ्तार किए गए चोरों से चोरीशुदा चार मोटरसाइकिलें बरामदद आवाज न्यूज. सीआइए स्टाफ  जींद प...
08/10/2026

बाइक चोरी के दो आरोपित गिरफ्तार
गिरफ्तार किए गए चोरों से चोरीशुदा चार मोटरसाइकिलें बरामद
द आवाज न्यूज.
सीआइए स्टाफ जींद पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी मामले में चोरी की चार मोटरसाईकिल सहित दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए चोरों के पास से चार चोरीशुदा बाइकें बरामद की हैं। पुलिस दोनों से बाइक चोरी की अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है।
सीआईए स्टाफ जींद के प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र सिंह ने गुरूवार को जानकारी देते हुए बताया कि थाना सदर जींद में गांव कैरखेड़ी निवासी सतीश ने पुलिस को दी शिकायत में बताा कि वह किसी काम के लिए जींद आया था और अपनी मोटरसाइकिल को कैथल रोड बाईपास पर वीटा बूथ के पर खड़ी की थी। जिसे किसी ने चोरी कर लिया। पुलिस ने सतीश की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ बाइक चोरी का मामला दर्ज किया है। मामले की जांच आगामी जांच सीआईए स्टाफ जींद सांैपी गई थी। सीआइए स्टाफ जींद ने जांच को आगे बढाया तो गांव दालमवाला निवासी मोहित व अपोलो रोड निवासी अमन का नाम सामने आया। जिस पर पुलिस ने दोनों को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर चोरी की गई चार मोटरसाइकिलं बरामद की हैं। बरामद मोटरसाइकिल को सील कर नियमानुसार कब्जा पुलिस में लिया गया है। पुलिस दोनों से बाइक चोरी की अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है।

हेल्थ सप्लीमेंट की दुकानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग टीम ने दी दबिशखाद्य सुरक्षा विभाग टीम ने जींद में न्यूट्रास्यूटिकल उत्...
07/10/2026

हेल्थ सप्लीमेंट की दुकानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग टीम ने दी दबिश
खाद्य सुरक्षा विभाग टीम ने जींद में न्यूट्रास्यूटिकल उत्पादों की करी जांच
पांच सैंपल लेकर जांच के लिए लैबोरेटरी भेजे
द आवाज न्यूज.
खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से जिले में न्यूट्रास्यूटिकल और हेल्थ सप्लीमेंट उत्पादों की गुणवत्ता जांच के लिए अभियान चलाया गया। विभाग की टीम ने विभिन्न दुकानों का निरीक्षण कर खाद्य एवं स्वास्थ्य संबंधी सप्लीमेंट के सैंपल लिए। जानकारी के अनुसार खाद्य सुरक्षा अधिकारी डा. अमन प्रकाश ढाका की टीम ने जिले में न्यूट्रास्यूटिकल उत्पादों की जांच की। इस दौरान पीनट बटर के दो सैंपल लिए गए। इसके अलावा हेल्थ सप्लीमेंट और जिम उत्पादों की दुकानों की भी जांच की गई। टीम ने दुकानों पर उपलब्ध इंपोर्टेड न्यूट्रास्यूटिकल आइटम्स की भी जांच की और निर्धारित मानकों के संबंध में जानकारी जुटाई। विभाग की ओर से कार्रवाई के दौरान कुल पांच सैंपल लिए गए। इन सैंपलों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद उत्पादों की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए जाने या नियमों का उल्लंघन होने की स्थिति में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डा. अमन प्रकाश ढाका ने कहा कि खाद्य सुरक्षा विभाग ने दुकानदारों को निर्देश दिए कि वे हेल्थ सप्लीमेंट, जिम उत्पाद और अन्य न्यूट्रास्यूटिकल सामान की बिक्री करते समय उनकी गुणवत्ताए लेबलिंगए पैकिंग और वैधता का विशेष ध्यान रखें। विभाग की ओर से आगे भी इस प्रकार की जांच जारी रखने की बात कही गई है। पांच सैंपल लेकर जांच के लिए लैबोरेटरी भेजे गए हैं।

इंडस स्कूल में द माइल स्टोन क्लास शो में रंगारंग कार्यक्रम की धूमस्वागत गीत, गणेश वंदना, श्रेष्ठ भारत, पंजाबी नृत्य, देश...
07/10/2026

इंडस स्कूल में द माइल स्टोन क्लास शो में रंगारंग कार्यक्रम की धूम
स्वागत गीत, गणेश वंदना, श्रेष्ठ भारत, पंजाबी नृत्य, देश भक्ति से ओतप्रोत नृत्य और हरियाणवी नृत्य की प्रस्तुतियों से मोहा मन
द आवाज न्यूज.
इण्डस पब्लिक स्कूल जींद प्रांगण में दसवीं कक्षा के बच्चों द्वारा द माइलस्टोन विषय पर अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ इंडस ग्रुप के निदेशक सुभाष श्योराण, डा. नवदीप, कार्डिनेटर प्रवीन परूथी, स्कूल निदेशिका रचना श्योराण, स्कूल प्राचार्या अरूणा शर्मा, उपप्राचार्य प्रवीन कुमार, मुख्याध्यापिका गुरमीत कौर ने दीप प्रज्जवलित करके किया। इस कार्यक्रम में दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। इस कार्यक्रम में दसवीं कक्षा के बच्चों के साथ-साथ उनके अभिभावकों को भी विषेश रूप से आमंत्रित किया गया। इस कार्यक्रम में भारत की संस्कृति पर प्रकाश डालते हुए स्वागत गीत, गणेश वंदना, श्रेष्ठ भारत, पंजाबी नृत्य, देश भक्ति से ओतप्रोत नृत्य और हरियाणवी नृत्य आदि प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्र मुग्ध कर दिया। गणेश वंदना, पंजाबी तथा हरियाणवी नृत्य मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे। इस अवसर पर सत्र 2025-26 के नौवीं कक्षा से विष्वेन्द्र प्रथम, जाह्वनी द्वितीय और दिक्षा तृतीय स्थान पर रहे। बच्चों को नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ग्रुप कार्डिनेटर प्रवीन परूथी ने दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के लिए करियर काउंसलिंग की। उन्होंने विद्यार्थियों की रूचि, क्षमता एवं भविष्य के लक्ष्य के अनुरूप विभिन्न करियर विकल्पों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने विषय चयन, उच्च शिक्षा तथा भविष्य में उपलब्ध विभिन्न क्षेत्रों के अवसरों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बच्चों के चंहुमुखी विकास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चों को प्रत्येक गतिविधि में भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा को प्रदर्षित करना चाहिए और जीवन में अनुशासन का पालन करते हुए अपने लक्ष्य पथ पर चलना चाहिए। इंडस ग्रुप के निदेशक सुभाष श्योराण ने बच्चों तथा अध्यापकों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि कक्षा दसवीं विद्यार्थियों के जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। द माइलस्टोन केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नही है बल्कि विद्यार्थियों की मेहनत, प्रतिभा, सीखने की यात्रा और विद्यालय के साथ उनके भावनात्मक जुड़ाव का उत्सव है। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों के साथ-साथ आकर्षक वेषभूशा, मधुर संगीत और शानदार मंच सज्जा की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज इंडस के छात्र देश में ही नही विदेशों में भी अपनी सफलता का परचम लहरा रहे हैं। इस साहस और आत्मविश्वास को विकसित करने के लिए एकाग्रता, आत्मविश्वास एवं अनुशासन की आवश्यकता है। स्कूल प्राचार्या अरूणा शर्मा ने आए हुए अभिभावकों का धन्यवाद किया। उन्होंने सीबीएसई द्वारा कक्षा दसवीं के लिए शुरू कि गई दूसरी बोर्ड परीक्षा की जानकारी देते हुए कहा कि पहली बोर्ड परीक्षा सभी विद्यार्थियों के लिए अनिवार्य है। उन्होंने अभिभावकों को पूर्ण जानकारी देते हुए कहा कि पहली परीक्षा के बाद उत्तीर्ण तथा पात्र विद्यार्थी अपने प्रदाशर््न में सुधार लाने के लिए अधिकतम तीन विषयों में दूसरी बोर्ड परीक्षा दे सकते हैं। उन्होंने बताया कि यदि विद्यार्थी पहली परीक्षा में उपस्थित नहीं हुआ, तो वह दूसरी बोर्ड परीक्षा के लिए पात्र नहीं है। इस अवसर पर स्कूल उपप्राचार्य प्रवीन कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त किए। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

07/10/2026

सेवा, सुशासन और जनभागीदारी से विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में जुटी सरकार: मंत्री कृष्ण कुमार बेदी
युवा राष्ट्र निर्माण में निभाएं सक्रिय भूमिका : डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला स्तरीय विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम का अजुर्न स्टेडियम में आयोजन
द आवाज न्यूज.
कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य केवल सरकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना नही बल्कि सेवा, सुशासन और जनभागीदारी के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोडऩा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है और इस संकल्प को जनभागीदारी से ही मजबूत आधार मिलेगा।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी बुधवार को सेवा, सुशासन, जनभागीदारी और विकसित भारत 2047 के संकल्प को समर्पित सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को अर्जुन स्टेडियम में जिला स्तरीय विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डा. कृष्ण मिड्ढा भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। गरीब, किसान, महिला, युवा, श्रमिक तथा वंचित वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं एवं कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचेए इसके लिए प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सेवा ही समाज की सबसे बड़ी शक्ति है। जब प्रशासन, जनप्रतिनिधि और आमजन मिलकर कार्य करते हैं तो विकास कार्यों को गति मिलती है और योजनाओं का वास्तविक लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचता है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से नागरिकों को समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
युवा राष्ट्र निर्माण में निभाएं सक्रिय भूमिका : डा. मिड्ढा
डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण लाल मिड्ढा ने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश के सर्वांगीण विकास तथा आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार की योजनाओं का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अवसर प्रदान करना और विकास के लाभ को व्यापक स्तर तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत केवल सरकार का लक्ष्य नही बल्कि प्रत्येक नागरिक का संकल्प भी है। इसके लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, रोजगार, कौशल विकास, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक समरसता जैसे क्षेत्रों में सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं और अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने का संकल्प लें। उपस्थित लोगों ने विकसित भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सफीदों के विधायक रामकुमार गौतम, उचाना के विधायक देवेंद्र अत्री, डीसी डा. वैशाली शर्मा, एडीसी प्रदीप कौशिक, एसडीएम सत्यवान मान, डीएमसी अनिल दून, चेयरमैन कैप्टन योगेश बैरागी, सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष भारत भूषण टांक, जिला प्रभारी अशोक गुर्जर, जिला अध्यक्ष तेजेंदर ढूल, नगर परिषद की चेयरपर्सन अनुराधा सैनी, जिला परिषद की चेयरपर्सन मनीषा रंधावा, एशियाई स्वर्ण पदक विजेता पूजा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने वाले लोगों का स्वागत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ किया गया। विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, राष्ट्र प्रेम, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया। इसके पश्चात उपस्थित जनसमूह को विकसित भारत 2047 के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का सामूहिक संकल्प दिलाया गया।
अर्जुन स्टेडियम में प्रज्वलित हुई सेवा ज्योति
अर्जुन स्टेडियम में प्रज्वलित मुख्य सेवा ज्योति को सेवा यात्रा के माध्यम से रानी तालाब स्थित डा. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के समीप ले जाकर स्थापित किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने सेवा, समानता, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इसके साथ ही जिले के विभिन्न उपमंडलों उचाना, नरवाना, सफीदों और जुलाना सहित उझाना एवं पिल्लूखेड़ा क्षेत्र के लिए भी सेवा ज्योतियां प्रज्वलित की गईं। संबंधित क्षेत्रों के प्रतिनिधियों द्वारा इन सेवा ज्योतियों को अपने-अपने क्षेत्रों में ले जाकर निर्धारित स्थानों पर स्थापित किया गया। इस प्रकार सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से जिला मुख्यालय से विभिन्न क्षेत्रों तक सेवाए सद्भाव और राष्ट्र निर्माण का संदेश पहुंचाया गया।

07/10/2026

धान की खरीद नहीं होने से भड़के किसान, अलेवा के मुख्य चौंक पर जींद-असंध मार्ग किया जाम
उचाना एसडीएम ने मौके पर पहुंच कर धान की खरीद शुरू करवा खुलवाया जाम
द आवाज न्यूज.
अलेवा अनाज मंडी में धान की खरीद शुरू न होने से गुस्साए अखिल भारतीय किसान सभा के पदाधिकारियों व किसानों द्वारा बुधवार को जींद-
असंध मार्ग के अलेवा मुख्य चौक पर सड़क के बीचों-बीच बैठकर जाम लगा दिया। जाम लगने के कारण दोनो और वाहनों की लंबी कतारें लग गई। जाम लगने की सूचना मिलते ही अलेवा थाना प्रभारी आत्मा राम व नायब तहसीलदार ओंकार दत्त शर्मा मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों द्वारा काफी देर किसानों को समझाने का प्रयास किया लेकिन किसान सभा के पदाधिकारी व किसान धान की सरकारी खरीद शुरू होने के बाद ही जाम खोलने की जिद् पर अड़े रहे। मामले की सूचना मिलते ही उचाना एसडीएम सुमन यादव डीएम हैफेड अनुराग को साथ लेकर मौके पर पहंची। एसडीएम द्वारा डीएम हैफेड व जाम लगा रहे कसान सभा के पदाधिकारियों व किसानों को साथ लेकर अनाज मंडी पहुंच कर सरकारी खरीद एजेंसी के माध्यम से धान की पीआर किस्म की सरकारी खरीद शुरू करवा करीब दो घंटे से लगे जाम को खुलवाया। अनाज मंंडी में एसडीएम के समक्ष बोलते हुए किसानों ने कहा कि सरकारी खरीद एजेंसी के अधिकारी आपके समक्ष धान की कुछ ढेरी की खरीद करने के बाद मिलर अलॉट् न होने की बात कहते हुए खरीद करने से इंकार कर देगें। इसके बाद खरीद बंद होने से किसानों को दोबारा से सड़क पर बैठने को विवश होना पड़ेगा। एसडीएम द्वारा किसान सभा के पदाधिकारियों को साथ लेकर अनाज मंडी पहुंच कर सरकारी खरीद एजेंसी के माध्यम से धान की पीआर किस्म की सरकारी खरीद शुरू कराने के बाद किसान जाम खोलने पर सहमत हुए।

Address

Jind

Website

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when The awaz news posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Contact The Business

Send a message to The awaz news:

Shortcuts

Share