07/10/2026
जोधपुर में ‘लंदन वाली गर्लफ्रेंड’ के नाम पर साइबर ठगी, 2.35 लाख रुपए उड़ाए
जोधपुर। डांगियावास थाना क्षेत्र के धायलों की ढाणी निवासी भाकरराम विश्नोई साइबर ठगों के झांसे में आकर 2 लाख 35 हजार 400 रुपए गंवा बैठे। व्हाट्सऐप पर एक महिला ने खुद को लंदन निवासी बताकर उनसे दोस्ती की और भारत घूमने आने की बात कही। इसके बाद महिला के मुंबई एयरपोर्ट पर फंसने की कहानी सुनाकर मदद के नाम पर अलग-अलग ट्रांजेक्शन करवाए गए।
ठगों ने भाकरराम को यह लालच भी दिया कि उनके द्वारा भेजी गई रकम के बदले 53 लाख 90 हजार रुपए वापस मिलेंगे। भरोसे में आकर उन्होंने कुल 2.35 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। रकम वापस नहीं मिलने पर उन्हें ठगी का शक हुआ और उन्होंने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।
साइबर पुलिस थाना जयपुर से मिली शून्य नंबर की एफआईआर के आधार पर डांगियावास थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ऑनलाइन लेन-देन और बैंक खातों की जानकारी के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
⚠️ साइबर ठगी से बचें
अनजान लोगों की सोशल मीडिया दोस्ती पर तुरंत भरोसा न करें। एयरपोर्ट, इमरजेंसी, इनाम या ज्यादा रकम वापस मिलने का लालच देकर पैसे मांगने वालों से सावधान रहें। OTP, UPI PIN और बैंक डिटेल किसी से साझा न करें। ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत करें।