08/09/2026
निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान के लिए कड़ा सुरक्षा घेरा, संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च
बालोतरा नगर निकाय आम चुनाव-2026 में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए बालोतरा जिला पुलिस ने कमर कस ली है। चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और मतदाताओं में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के लिए पुलिस ने संवेदनशील मतदान केंद्रों एवं प्रमुख इलाकों में निगरानी बढ़ाने के साथ व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। पुलिस अधिकारियों और जवानों की ब्रीफिंग के बाद बालोतरा, जसोल और समदड़ी में फ्लैग मार्च कर पुलिस ने शांतिपूर्ण चुनाव का संदेश दिया।
पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार कंवर, आईपीएस ने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को निर्देश दिए कि चुनाव ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता और निष्पक्षता के साथ जिम्मेदारी निभाई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने या आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में तत्काल प्रभावी और वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
संवेदनशील केंद्रों पर विशेष नजर
पुलिस की ओर से संवेदनशील मतदान केंद्रों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। लगातार गश्त के लिए मोबाइल पुलिस पार्टियां तैनात की गई हैं, जबकि सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस जाब्ता लगाया गया है। असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों की गतिविधियों पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी।
अफवाह और भड़काऊ संदेशों पर कार्रवाई
चुनाव के दौरान सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों, भ्रामक सूचनाओं और भड़काऊ संदेशों को लेकर भी पुलिस सतर्क है। पुलिस अधीक्षक ने ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही पुलिसकर्मियों को आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार कर भयमुक्त वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
दो चरणों में होगा मतदान
बालोतरा जिले में एक नगर परिषद और छह नगरपालिकाओं में दो चरणों में मतदान होगा। पहले चरण में 9 सितंबर को जसोल, गुड़ामालानी और समदड़ी, जबकि दूसरे चरण में 11 सितंबर को नगर परिषद बालोतरा सहित सिवाना, सिणधरी और धोरीमन्ना में मतदान कराया जाएगा।
ब्रीफिंग के बाद पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने बालोतरा, जसोल और समदड़ी के प्रमुख मार्गों व बाजारों में फ्लैग मार्च किया। फ्लैग मार्च का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण कायम करना और चुनाव प्रक्रिया में किसी भी तरह का व्यवधान उत्पन्न करने वाले तत्वों को कानून के प्रति सचेत करना रहा।
Balotra Police