27/07/2026
सीआईए कलायत द्वारा चोरी की होंडा सिटी गाड़ी सहित आरोपी काबू ,
चोरी की 30 बैटरियां व अन्य सामान बरामद,
कैथल, 27 जुलाई (रिपोर्टर सुशील शर्मा) अपराध व अपराधियों के खिलाफ कैथल पुलिस द्वारा एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के कुशल नेतृत्व में निरंतर मुहिम चलाई जा रही है। इसी कड़ी में सीआईए कलायत पुलिस द्वारा उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए चोरीशुदा होंडा सिटी गाड़ी तथा 30 गाड़ी बैटरियों सहित एक आरोपी को काबू किया गया है।
डीएसपी बीर भान ने जानकारी देते हुए बताया की सीआईए कलायत प्रभारी एएसआई मनीष कुमार की अगुवाई में एएसआई नरेंद्र सिंह, एचजीएच अमन कुमार व एचजीएच विक्रम की टीम को 26 जुलाई की रात थाना कलायत क्षेत्र में नेशनल हाईवे-152 पर गश्त के दौरान एक गुप्त सूचना मिली कि मटौर रोड के पास सड़क किनारे एक सिल्वर रंग की होंडा सिटी कार काफी देर से संदिग्ध अवस्था में खड़ी है। जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस टीम जब बताए गए स्थान पर पहुंची तो कार के पास खड़ा एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन पुलिस कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही काबू कर लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान जिला बिलासपुर हिमाचल प्रदेश निवासी करतार सिंह उर्फ पिंकू के रूप में बताई। तलाशी के दौरान कार की डिग्गी से 30 बैटरियां बरामद हुईं, इसके अलावा 3 रेडिएटर, 3 पाना-चाबियां, 2 छोटे प्लास, 1 बड़ा पेचकस, 1 पीतल का गैस कटर तथा 2 टी-आकार की चाबियां भी बरामद की गईं। जांच दौरान यह सामने आया कि यह कार 15 जुलाई 2026 को मोहाली के थाना फेज-7 क्षेत्र से चोरी हुई थी, जिसकी शिकायत पहले से दर्ज है। आरोपी ने ये सभी बैटरी भी गाड़ियों में से चोरी करना कबूल किया। आरोपी ने बताया कि वह गाड़ी को बोनट उखाड़कर बैटरी चोरी करता है। यह सभी बैटरियां उसने पंजाब, चंडीगढ़ व हरियाणा के कई क्षेत्रों से चोरी करनी कबुल की है। आरोपी सोमवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा, जिससे पूछताछ की जा रही है।