31/08/2026
जन्माष्टमी मेले में साफ-सफाई व व्यवस्थाओं का जायजा लेने मैदान में उतरा शिवसेना एकनाथ शिंदे ग्रुप
तलवाड़ा / प्रगति मीडिया :- तलवाड़ा के सेक्टर-3 में पिछले कई वर्षों से श्री कृष्ण जन्माष्टमी मेले का आयोजन किया जाता रहा है। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी जन्माष्टमी मेले को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी क्रम में शिवसेना एकनाथ शिंदे ग्रुप तलवाड़ा के पदाधिकारी स्वयं मैदान में पहुंचकर मेले में साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते नजर आए।
शिवसेना एकनाथ शिंदे ग्रुप के सदस्यों ने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त की जानी चाहिए।
उन्होंने बीबीएमबी प्रशासन एवं मंदिर की मेला कमेटी से अपील की कि मेले के दौरान साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर के नजदीक लगने वाले मेले में दूर-दराज से आने वाले दुकानदारों एवं बाहरी लोगों द्वारा कई बार इधर-उधर गंदगी फैलाई जाती है, जिस पर प्रशासन को कड़ा संज्ञान लेना चाहिए।
शिवसेना नेताओं ने कहा कि यदि साफ-सफाई और व्यवस्था को लेकर पहले से उचित प्रबंध किए जाएं तो मेले का आयोजन और भी बेहतर एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकता है। उन्होंने प्रशासन और मेला कमेटी से संयुक्त रूप से जिम्मेदारी निभाते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देने की मांग की।
उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी का यह मेला क्षेत्र की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपरा से जुड़ा हुआ है, इसलिए सभी लोगों का सहयोग आवश्यक है ताकि मेला शांतिपूर्ण, स्वच्छ और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। Pragati Media All India News Everyone is Included-All People, All Places, All Ways