18/09/2026
गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर एसडीएम कांगड़ा डॉ. अंजलि गर्ग ने जारी की सार्वजनिक सलाह
18 सितम्बर पंकज शर्मा कांगड़ा। गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर उपमंडलीय प्रशासन कांगड़ा ने श्रद्धालुओं, गणेश उत्सव समितियों एवं आयोजकों की सुरक्षा तथा पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए सार्वजनिक सलाह जारी की है।
एसडीएम कांगड़ा डॉ. अंजलि गर्ग ने श्रद्धालुओं एवं गणेश उत्सव समितियों से अपील की है कि गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन केवल निर्धारित एवं चिन्हित स्थानों पर ही करें। मिनी हरिद्वार तथा बाण गंगा को निर्धारित विसर्जन स्थलों के रूप में चिन्हित किया गया है। श्रद्धालु निकटतम निर्धारित विसर्जन स्थल का ही उपयोग करें तथा अनधिकृत खड्डों एवं जल स्रोतों पर जाने से बचें।
उन्होंने कहा कि शोभायात्रा एवं विसर्जन के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए आयोजकों को प्रशासन एवं पुलिस द्वारा निर्धारित मार्ग और समय का पालन करना होगा। श्रद्धालुओं से बैरिकेडिंग पार न करने तथा गहरे, असुरक्षित अथवा तेज बहाव वाले पानी में प्रवेश न करने की अपील की गई है।
डॉ. अंजलि गर्ग ने कहा कि प्राकृतिक जल स्रोतों की स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसलिए जल स्रोतों में प्लास्टिक, थर्माकोल, पॉलीथिन, सजावटी सामग्री, कपड़े, पूजा सामग्री अथवा किसी भी प्रकार का कचरा न डालें। कार्यक्रम के बाद सभी आयोजक विसर्जन स्थल एवं शोभायात्रा मार्ग की साफ-सफाई सुनिश्चित करें।
एसडीएम ने सभी गणेश उत्सव समितियों एवं आयोजकों से अपील की कि वे श्रद्धालुओं के बीच अनुशासन बनाए रखें तथा पुलिस, प्रशासन, होमगार्ड, आपदा मित्रों एवं संबंधित विभागों का सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि गणेश उत्सव को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाते हुए जनसुरक्षा, अनुशासन, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखा जाए।