21/09/2026
खेल मैदान में चमके वेदव्यास परिसर के सितारे, मेडल जीतकर बढ़ाया मान
तीन दिवसीय खेल उत्सव का धूमधाम से समापन, विजेता खिलाड़ियों को मेडल व प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित
कांगड़ा / देहरा/बलाहर। खबरों से खबर ब्यूरो रिपोर्ट।
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के बलाहर स्थित वेदव्यास परिसर में तीन दिनों से चल रहे खेल उत्सव का सोमवार को उत्साहपूर्ण माहौल में विधिवत समापन हुआ। समापन अवसर पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में खेल प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया गया।
समारोह में परिसर निदेशक प्रो. सत्यम कुमारी, सहनिदेशक प्रो. मंजूनाथ भट्ट, महिला संस्कृत अध्ययन केंद्र की निदेशक एवं साहित्य विभागाध्यक्ष प्रो. मोहनी अरोड़ा, शारीरिक शिक्षा एवं खेल निदेशक डॉ. गौतम चौधरी सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, आचार्य, सहायक आचार्य और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
तीन दिनों तक चले खेल उत्सव में विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में पूरे जोश और खेल भावना के साथ प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अव्वल रहने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर विजेता खिलाड़ियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, व्यक्तित्व निर्माण का माध्यम
समापन समारोह में विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करते हुए कहा गया कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी विकास करते हैं। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर समारोह में चार चांद लगा दिए। खेल मैदान में जीत का जश्न और मंच पर सांस्कृतिक रंग—दोनों ने समापन समारोह को यादगार बना दिया।