16/03/2026
गगरेट के गांव चलेट की बहू शिखा मनकोटिया को मिलेगा “हिमालयन श्री सम्मान”
जिला ऊना के गगरेट क्षेत्र के गांव चलेट की बहू और हरोली के पंजावर की बेटी शिखा मनकोटिया को गर्भ संस्कार और योग के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए “हिमालयन श्री सम्मान” से सम्मानित किया जाएगा। शिखा मनकोटिया को उत्तर भारत की पहली गर्भ संस्कार विशेषज्ञ के रूप में भी जाना जाता है, जिन्होंने मातृ एवं गर्भस्थ शिशु के समग्र विकास के लिए योग, मंत्र और गर्भ संस्कार से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से महत्वपूर्ण कार्य किया है।
यह सम्मान समारोह 10 अप्रैल 2026 को हमीरपुर स्थित Career Point University में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता रज़ा मुराद उपस्थित रहेंगे।
इस सम्मान के लिए आशा किरण संस्था द्वारा शिखा मनकोटिया को चुना गया है। संस्था द्वारा उन्हें समाज में मातृ स्वास्थ्य, गर्भ संस्कार और योग के माध्यम से सकारात्मक जागरूकता फैलाने के लिए यह सम्मान प्रदान किया जा रहा है।
शिखा मनकोटिया ने इस सम्मान के लिए भगवान, अपने माता-पिता और बड़ों के आशीर्वाद को श्रेय देते हुए आशा किरण संस्था का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें समाज में मातृत्व स्वास्थ्य और गर्भ संस्कार के क्षेत्र में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।
उल्लेखनीय है कि शिखा मनकोटिया पिछले कई वर्षों से गर्भ संस्कार, प्रेग्नेंसी योग और मातृ मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं और इस विषय पर विभिन्न मंचों के माध्यम से जागरूकता भी फैला रही हैं।