30/08/2026
मैनपुरी में पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने सुनी जन-शिकायतें, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
मैनपुरी। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने शनिवार को ट्रांजिस्ट हॉस्टल में आयोजित जन-सुनवाई के दौरान आमजन की समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतकर्ताओं को समाधान के लिए कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें और प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण गुणवत्ता के साथ निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक भूमि पर अनाधिकृत कब्जों को राजस्व और पुलिस विभाग गंभीरता से लें तथा मौके पर जाकर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। इसके साथ ही, पात्रों को संचालित योजनाओं का लाभ आसानी से मिलने और आमजन को मूलभूत सुविधाएं सुलभ कराने पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में मंत्री जयवीर सिंह ने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में धरातल पर सुधार लाने और बिलिंग प्रणाली को दुरुस्त करने के निर्देश दिए ताकि किसी भी उपभोक्ता को असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने वेक्टर जनित बीमारियों से बचाव के लिए नगरीय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक साफ-सफाई के बेहतर प्रबंध करने, नियमित रूप से एंटी लार्वा का छिड़काव और फॉगिंग कराने के साथ स्ट्रीट लाइट व जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू रखने के निर्देश दिए। उन्होंने चेताया कि अधिकारी शिकायतों के निस्तारण को अपनी व्यक्तिगत जिम्मेदारी मानें और किसी भी दशा में कार्यालय में कोई प्रार्थना पत्र अनिस्तारित न रखा जाए।
जन-सुनवाई के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए। ग्राम दिहुली के राहुल कुमार ने दबंगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने, गाड़ीवार के हरिविलास ने रास्ता दुरुस्त कराने और नगला खरा के ग्रामीणों ने खराब ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग की। इसके अलावा मिढ़ावली खुर्द के गोलू चौहान, अस्योली के चंदन मिश्रा व अन्य ग्रामीणों ने गाटा संख्याओं पर अवैध कब्जे हटाने, भदेही की वीना ने ससुरालियों द्वारा प्रताड़ित किए जाने तथा हरनागरपुर के प्रहलाद सिंह ने भूमि की पैमाइश कराने की गुहार लगाई, जिस पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपकर गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए।
इस जन-सुनवाई के दौरान प्रशासनिक व विभागीय स्तर पर कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष ममता राजपूत, उदय चौहान, अर्जुन चौहान सहित उप जिलाधिकारी सदर श्याम प्रताप, क्षेत्राधिकारी नगर अशोक सिंह, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली फतेह बहादुर सिंह तथा विद्युत विभाग से लालू जादौन और प्रवेश शर्मा आदि अधिकारियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
゚ ゚