19/05/2026
#कुशीनगर हाइवे का रहस्य : सवालों के घेरे में अवैध कारोबार, जवाब का इंतजार करता आम आदमी
कुशीनगर जनपद में हाइवे से जुड़े कथित अवैध कारोबार को लेकर आम लोगों के बीच चर्चाओं का बाजार लगातार गर्म होता जा रहा है। चाय की दुकानों से लेकर बाजार, गांव और दफ्तरों तक एक ही सवाल बार-बार सुनाई दे रहा है कि आखिर पिछले सप्ताह दूसरे थाना क्षेत्र में पकड़े गए उस मालवाहक वाहन का रहस्य क्या था, जिसे बाद में छोड़ दिए जाने की चर्चा आम हो गई।
हालांकि इस पूरे मामले को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है, लेकिन आम आदमी के मन में उठ रहे सवाल थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। लोगों का कहना है कि जब-जब हाइवे से जुड़े किसी बड़े मामले का खुलासा होता है, कुछ समय तक हलचल मचती है, कार्रवाई की बातें होती हैं, फिर अचानक सब कुछ शांत क्यों हो जाता है।
आम नागरिकों के बीच यह चर्चा भी तेज है कि आखिर हाइवे पर चल रहे कथित अवैध कारोबार पर स्थायी अंकुश क्यों नहीं लग पा रहा। यदि लगातार घटनाएं सामने आ रही हैं, तो फिर उन घटनाओं की तह तक पहुंचकर स्थायी समाधान क्यों नहीं दिखाई देता।
लोगों का कहना है कि जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया कहीं न कहीं केवल औपचारिकता बनकर रह जाती है। आम आदमी यह समझ नहीं पा रहा कि हर घटना के बाद उठने वाले सवाल आखिर कुछ दिनों बाद दब क्यों जाते हैं।
*जनचर्चा में कई पुरानी घटनाओं का भी जिक्र हो रहा है। लोग आपस में तुलना करते हुए यह सवाल उठा रहे हैं कि यदि लगातार बड़े खुलासों की बातें सामने आ रही हैं, तो फिर “असल खेल” तक पहुंचने में देरी क्यों हो रही है।*
हालांकि जिम्मेदार विभागों की ओर से समय-समय पर कार्रवाई की जानकारी दी जाती रही है, लेकिन आम आदमी अब केवल सूचनाओं से संतुष्ट नहीं दिख रहा। वह ठोस और पारदर्शी परिणाम देखना चाहता है।
सबकी नजर अब इस बात पर टिकी है कि क्या आने वाले समय में इन चर्चाओं और सवालों से पर्दा उठेगा, या फिर यह मामला भी चर्चाओं तक ही सीमित रह जाएगा।
*फिलहाल आम आदमी के बीच यही चर्चा है कि —*
“क्या हाइवे पर हो रहे कथित अवैध कारोबार पर वास्तव में अंकुश लगेगा,
या फिर जांच और कार्रवाई का खेल यूं ही चलता रहेगा?”
और इसी के साथ लोग यह भी कह रहे हैं कि —
“यदि सच सामने आता है, तो देर आये, दुरुस्त आये वाली कहावत जरूर चरितार्थ होगी।”