22/07/2026
खगड़िया: ट्रेड डील के विरोध में किसान सभा का उग्र प्रदर्शन, मोदी-ट्रम्प का पुतला फूंका।
भारत सरकार द्वारा अमेरिका के साथ किए गए मुक्त व्यापार समझौते के विरोध में शनिवार को खगड़िया में बिहार राज्य किसान सभा ने आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया। सीपीआईएम के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर दोपहर 3 बजे सीपीआईएम जिला कार्यालय से दर्जनों किसान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का पुतला लेकर सड़कों पर उतरे।
बिहार राज्य किसान सभा के बैनर तले निकला यह मार्च डॉ. भीमराव अम्बेडकर मार्ग से होते हुए अनुमंडल कार्यालय पहुंचा। इसके बाद कार्यकर्ता वापस हॉस्पिटल चौक आए, जहां बिहार राज्य किसान सभा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार सिंह ने मोदी और ट्रम्प के पुतलों को आग के हवाले कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने "ट्रेड डील वापस लो", "किसान विरोधी सरकार मुर्दाबाद" के नारे लगाए।
सभा को संबोधित करते हुए किसान सभा के राज्य उपाध्यक्ष संजय कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार की यह डील सीधे तौर पर देश के 65% किसानों पर हमला है। समझौते के तहत अमेरिका का अनाज और कच्चा माल भारत में सिर्फ 2.5% आयात शुल्क पर आएगा, जबकि भारत का उत्पाद अमेरिका में 18% शुल्क पर जाएगा। उन्होंने कहा कि अमेरिका अपने किसानों को 70% सब्सिडी देता है और वहां न्यूनतम खेत 400 एकड़ का है। इसके उलट भारत में अधिकांश किसान 10 एकड़ से भी छोटे हैं और उन्हें नाममात्र की सब्सिडी मिलती है। ऐसे में अमेरिकी सस्ता अनाज आने से भारतीय किसान अपनी फसल नहीं बेच पाएंगे और अंततः उन्हें जमीन बेचनी पड़ेगी। संजय कुमार ने चेतावनी दी कि अगर सरकार पीछे नहीं हटी तो 2020-21 के किसान आंदोलन जैसा बड़ा आंदोलन फिर खड़ा होगा, जिसकी शुरुआत पंजाब-हरियाणा से हो चुकी है।
नेताओं ने 20 जुलाई को दिल्ली में NEET पेपर लीक के खिलाफ संसद मार्च कर रहे छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज की भी निंदा की और इसे जलियांवालाबाग कांड जैसा बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री अमित शाह से इस्तीफे की मांग करते हुए जंतर-मंतर आंदोलन के साथ एकजुटता जताई।
कार्यक्रम में उपस्थित नेता जिला सचिवमंडल सदस्य कुन्दन मेहता, वरिष्ठ नेता विजय कुमार सिंह, जिला कमिटी सदस्य अमर यादव, संजीव कुमार, माला देवी, अनिल वर्मा, रामविलाश वर्मा, मंजीत कुमार सहित 50 से अधिक कार्यकर्ता शामिल हुए।