25/05/2026
खगड़िया समाहरणालय पर विभिन्न जन संगठनों का संयुक्त धरना, किसानों-मजदूरों के मुद्दों पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन...
प्रवीण कुमार प्रियांशु | खगड़िया
बिहार राज्य किसान सभा, बिहार राज्य खेत मजदूर यूनियन, बिहार महिला समाज, ऑल इंडिया स्टूडेंट फेडरेशन (AISF) एवं ऑल इंडिया यूथ फेडरेशन (AIYF) जिला शाखा खगड़िया की ओर से खगड़िया समाहरणालय पर संयुक्त धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया. धरना की अध्यक्षता बिहार राज्य किसान सभा के जिला सचिव कॉमरेड रविंद्र यादव ने की.
धरना को संबोधित करते हुए बिहार राज्य किसान सभा के राज्य परिषद सदस्य एवं खगड़िया जिला प्रभारी कॉमरेड प्रभाकर प्रसाद सिंह ने कहा कि राज्यव्यापी कार्यक्रम के तहत बिहार के सभी समाहरणालयों पर विभिन्न जन संगठनों द्वारा धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है. उन्होंने केंद्र सरकार पर किसानों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अमेरिका के साथ ट्रेड समझौते के कारण किसानों की स्थिति और खराब हुई है.
उन्होंने कहा कि डीजल, पेट्रोल और गैस की लगातार बढ़ती कीमतों से आम जनता त्रस्त है. सरकार द्वारा किसानों के लिए समर्थन मूल्य घोषित किए जाने के बावजूद सरकारी क्रय केंद्रों पर गेहूं, मकई सहित अन्य फसलों की खरीद नहीं हो रही है, जिससे किसानों को उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है.उन्होंने यह भी कहा कि हाल के दिनों में आंधी, तूफान, बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसल बड़े पैमाने पर बर्बाद हुई, लेकिन कृषि विभाग द्वारा सही सर्वेक्षण नहीं किए जाने के कारण किसानों को अब तक मुआवजा नहीं मिल सका है. खगड़िया जिले में मकई, केला और दूध का बड़े पैमाने पर उत्पादन होने के बावजूद यहां उद्योग स्थापित नहीं किए गए हैं.धरना को संबोधित करते हुए बिहार खेत मजदूर यूनियन के उप महासचिव कॉमरेड पुनीत मुखिया ने कहा कि केंद्र सरकार मजदूरों के अधिकारों की अनदेखी कर रही है. उन्होंने मनरेगा योजना को कमजोर करने और श्रम कानूनों में संशोधन कर श्रमिकों के अधिकार छीनने का आरोप लगाया. साथ ही भूमिहीन परिवारों को जमीन उपलब्ध कराने और वर्षों से बसे लोगों को बासगीत पर्चा देने की मांग की.बिहार महिला समाज की जिला सचिव माला देवी ने महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा और दुष्कर्म की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” का नारा देती है, लेकिन महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रही है.ऑल इंडिया स्टूडेंट फेडरेशन के जिला उपाध्यक्ष साथी बिट्टू मिश्रा ने कहा कि छात्र एवं अभ्यर्थियों पर लगातार लाठीचार्ज कर सरकार आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रही है. उन्होंने कहा कि छात्र आंदोलन लगातार मजबूत हो रहा है.धरना को किसान नेता कैलाश पासवान, कॉमरेड अनिल कुमार सिंह, विनोद यादव, राजकुमार पासवान, सर्वोत्तम कुमार, प्रभाशंकर सिंह एवं अधिवक्ता चंद किशोर यादव सहित कई अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया.