DN 24 Santkabirnagar

DN 24 Santkabirnagar खबर खजाना
ख़बरों के लिए कॉल करें-7705963205

27/08/2026

➡️तेज आवाज में डीजे बजाने पर मुकदमा, तीन डीजे वाहन समेत सीज

➡️बखिरा में बारावफात के मद्देनजर पुलिस की कार्रवाई, निर्देशों की अनदेखी करने पर दर्ज हुआ अभियोग

बखिरा ,संत कबीर नगर । बारावफात त्योहार के मद्देनजर थाना बखिरा पुलिस ने शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में सघन भ्रमण और चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नन्दौर चौराहा क्षेत्र में निर्धारित मानकों के विपरीत अत्यधिक तेज आवाज में डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्र बजाकर आमजन को परेशान करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन डीजे को वाहनों समेत सीज कर दिया। साथ ही संबंधित लोगों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस के अनुसार 26 अगस्त को पुलिस बल क्षेत्र में भ्रमण और चेकिंग कर रहा था। इसी दौरान नन्दौर चौराहा क्षेत्र में कुछ लोग तेज आवाज में डीजे व ध्वनि विस्तारक यंत्र बजाते मिले। तेज आवाज के कारण आसपास के लोगों को परेशानी हो रही थी और मौके पर शांति व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति बन रही थी। पुलिस ने डीजे संचालकों को ध्वनि की तीव्रता कम करने तथा डीजे बंद करने के लिए निर्देशित किया, लेकिन उनके द्वारा पुलिस के निर्देशों की अनदेखी करते हुए तेज आवाज में डीजे बजाना जारी रखा गया। जांच के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्रों के संचालन के संबंध में मौके पर कोई वैध अनुमति भी प्रस्तुत नहीं की जा सकी। मामले में उपनिरीक्षक संजय सिंह की तहरीर के आधार पर थाना बखिरा में मुकदमा अपराध संख्या 336/2026 के तहत धारा 270, 292 और 293 बीएनएस में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने तीन डीजे को मय वाहन सीज कर दिया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। थानाध्यक्ष उमाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। ध्वनि विस्तारक यंत्र और डीजे का प्रयोग निर्धारित नियमों एवं ध्वनि सीमा के अनुरूप ही किया जाए। नियमों का उल्लंघन कर आमजन को परेशान करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


23/08/2026

➡️152 पुड़िया अवैध मादक पदार्थ के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

बखिरा , संत कबीर नगर । मादक पदार्थ का अवैध व्यापार करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया । आरोपी जाबिर उर्फ जावेद के पास से 152 पुड़िया अवैध गांजा बरामद हुआ । जिसका वजन 520 ग्राम है । गिरफ्तार आरोपी को बखिरा पुलिस ने न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया ।
थानाध्यक्ष उमाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देश पर मादक पदार्थ का अवैध कारोबार करने वालों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है । पुलिस चौकी प्रभारी बखिरा ददन राय के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा बखिरा से मेंहदावल जाने वाले सड़क पर बण्डा नाला के पास संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन की चेकिंग की जा रही थी । इसी बीच एक संदिग्ध व्यक्ति को रोक कर चेकिंग की गई , तो आरोपी के पास 152 पुड़िया अवैध गांजा बरामद हुआ । बरामद अवैध गांजा की मात्रा 520 ग्राम है । पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जाबिर उर्फ जावेद पुत्र अतहर उर्फ अख्तर निवासी रसूलाबाद लेडुआ महुआ थाना बखिरा बताया । आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया । आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया ।

23/08/2026

➡️शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, बखिरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई

संतकबीरनगर। बखिरा पुलिस ने एक नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप है। पुलिस ने यह कार्रवाई मुकदमा दर्ज होने के दो दिन के भीतर की। यह मामला 20 अगस्त 2026 को थाना बखिरा में पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायत के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 326/2026 धारा 65(1) बीएनएस एवं 5(j)(2)/6 पॉक्सो एक्ट के तहत पंजीकृत किया गया। आरोपी की पहचान चंद्रराम पुत्र लाले निषाद, निवासी तुलसीपुर, थाना मेंहदावल के रूप में हुई है। उस पर आरोप है कि उसने नाबालिग को शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। थानाध्यक्ष उमाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। साक्ष्य संकलन के साथ आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए गए। 22 अगस्त को पुलिस टीम ने आरोपी चंद्रराम को लेडुआ महुआ तिराहा के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को माननीय न्यायालय भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष ने यह भी बताया कि महिला एवं बाल अपराध से जुड़े मामलों में पुलिस गंभीरता से कार्रवाई कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रमेशचंद्र और हेड कांस्टेबल दिनेश प्रसाद शामिल रहे।

Digant Srivastav

20/08/2026

➡️खबर का असर, तिलाठी के बदहाल रास्ते पर नगर पंचायत ने शुरू कराया निर्माण, विरोध के चलते रुका काम

➡️अध्यक्ष मोहम्मद आमिर अंसारी बोले- समस्या का समाधान कर जल्द दोबारा शुरू कराया जाएगा निर्माण

बखिरा, संत कबीर नगर । नगर पंचायत बखिरा के वार्ड नंबर पांच के तिलाठी मोहल्ले में लंबे समय से बदहाल पड़े कच्चे रास्ते की समस्या को लेकर बीते 18 अगस्त को प्रकाशित खबर का असर गुरुवार को दिखाई दिया । नगर पंचायत की टीम जेसीबी लेकर मौके पर पहुंची और रास्ते का निर्माण कार्य शुरू कराया । निर्माण शुरू होने से मोहल्लेवासियों में रास्ते की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद जगी ही थी कि कुछ ही देर बाद खेत मालिक के विरोध के चलते निर्माण कार्य रोकना पड़ गया ।
बता दें कि तिलाठी मोहल्ले के कच्चे रास्ते पर बरसात के दिनों में कीचड़ और जलभराव की स्थिति बनी रहती है । इससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती है । स्कूल जाने वाले बच्चों , महिलाओं और बुजुर्गों को भी इसी रास्ते से गुजरने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है । मोहल्लेवासी लंबे समय से रास्ते के निर्माण की मांग कर रहे थे। मोहल्लेवासियों ने बताया कि 5 जून को नगर पंचायत अध्यक्ष मोहम्मद आमिर अंसारी निरीक्षण के लिए मोहल्ले में पहुंचे थे । अध्यक्ष को नागरिकों ने रास्ते की समस्या से अवगत कराया था । अध्यक्ष ने रास्ते का निर्माण कराने का आश्वासन दिया था । इसके बावजूद भी रास्ते का निर्माण शुरु नहीं सका था । दिनांक 18 अगस्त को रास्ते की बदहाली और लोगों की परेशानी को लेकर खबर प्रकाशित हुई थी । खबर प्रकाशित होने के बाद गुरुवार 20 अगस्त को नगर पंचायत ने जेसीबी लगाकर निर्माण कार्य शुरू कराया । कार्य शुरू होने के कुछ देर बाद रास्ते में पड़ने वाले खेत के मालिक ने आपत्ति जताते हुए काम रुकवा दिया । उसका कहना था कि रास्ते का निर्माण उसके खेत की भूमि में किया जा रहा है । विरोध के चलते नगर पंचायत को फिलहाल निर्माण कार्य रोकना पड़ा । नगर पंचायत अध्यक्ष मोहम्मद आमिर अंसारी ने कहा कि रास्ते के निर्माण में आ रही समस्या को गंभीरता से लिया गया है । मौके की स्थिति और संबंधित भूमि की समस्या को देखते हुए समाधान निकाला जाएगा । उन्होंने कहा कि खेत स्वामी से कहा गया है कि अपने खेत की पैमाइश करा लें । शीघ्र ही समस्या का निस्तारण कराकर दोबारा रास्ते का निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा । जिससे मोहल्लेवासियों को आवागमन की समस्या से राहत मिल सके । रास्ते की समस्या के निजात के लिए कपिल यादव, श्रीराम, राज कुमार यादव, राजाराम यादव, दयाराम, महेन्द्र यादव, राहुल, जितेन्द्र यादव, काशी समेत अन्य नागरिकों ने नगर पंचायत से खेत स्वामी के चक की पैमाइश कराकर शीघ्र निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की ।

Digant Srivastav

City Khalilabad Mohammad Amir Ansari B.m.g.n bakhira Bakhira Bazaar Sant Kabir Nagar

18/08/2026

➡️चेयरमैन के आश्वासन के बाद भी नहीं बन सका रास्ता , कीचड़युक्त रास्ता बना जानलेवा

➡️नगर पंचायत बखिरा के तिलाठी मोहल्ले का है मामला , कच्चे रास्ते से आना जाना मोहल्ले वासियों की मजबूरी

➡️नागरिकों की चेतावनी , रास्ते की समस्या का निराकरण न होने पर जिलाधिकारी कार्यालय पर देंगे धरना

बखिरा , संत कबीर नगर । नगर पंचायत बाघनगर उर्फ बखिरा के मोहल्ला तिलाठी के कच्चे रास्ते का निर्माण चेयरमैन के आश्वासन देने के दो माह बाद भी नहीं बन सका । बरसात के मौसम में मोहल्ले वासी कीचड़युक्त जानलेवा रास्ते से आने - जाने के लिए विवश हैं । कच्चे रास्ते में जगह - जगह पानी भरा हुआ है । महिलाओं एवं बच्चों का इस रास्ते से गुजरना जोखिम भरा है । रास्ते का निर्माण न होने पर नागरिकों ने जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना देने की चेतावनी दी है ।
मोहल्ले वासियों ने बताया कि बीते पांच जून 2026 को नगर पंचायत के चेयरमैन मोहम्मद आमिर अंसारी सभासद राजेश गुप्ता के साथ माता काली जी के पोखरे के सुन्दरीकरण का निरीक्षण करने आए थे । उस समय मोहल्ले के दयाराम , राजकुमार यादव , राजाराम यादव , श्रीराम समेत आधा दर्जन नागरिकों ने इस कच्चे रास्ते को चेयरमैन को दिखाया था और बताया था कि बरसात के दिनों में कीचड़ व जल भराव की समस्या विकराल रुप धारण कर लेती है । बच्चों का स्कूल जाना जानलेवा और महिलाओं का इस रास्ते से गुजरना दूभर हो जाता है । इसके साथ ही जगह - जगह टूटे नाली के ढक्कन को भी दिखाया था । चेयरमैन मोहम्मद आमिर अंसारी ने एक माह में रास्ते का निर्माण कराने का आश्वासन दिया था । इसके साथ ही नाली के टूटे ढक्कन के तत्काल मरम्मत का भी आश्वासन दिया था । लेकिन दो माह का समय बीत गया रास्ते के निर्माण को कौन कहे टूटे नाली के ढक्कन का भी मरम्मत नहीं हो सका । मोहल्ले के कपिल यादव , श्रीराम , राज कुमार यादव , राजाराम यादव , दयाराम , महेन्द्र यादव , राहुल , जितेन्द्र यादव , काशी समेत अन्य नागरिकों ने बताया कि जब से नगर पंचायत का चुनाव हुआ है , उस समय से लगातार चेयरमैन और अधिशाषी अधिकारी को पत्रक देकर रास्ते की समस्या से निजात दिलाने की मांग की जा रही है , परन्तु नगर पंचायत प्रशासन मूक दर्शक बना हुआ है और मोहल्ले वासी नारकीय जीवन जीने को विवश हैं । नागरिकों ने चेतावनी दिया है कि यदि रास्ते की समस्या का निराकरण नहीं किया गया जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना दिया जाएगा ।

रिपोर्ट:Digant Srivastav


City Khalilabad B.m.g.n bakhira Mohammad Amir Ansari A K Sharma

18/08/2026

➡️खाकी का दिखा सेवा भाव, कोपिया मंदिर में चला स्वच्छता अभियान

➡️थानाध्यक्ष उमाशंकर त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने किया श्रमदान

बखिरा ,संत कबीर नगर । पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर के निर्देश पर मंगलवार को थाना बखिरा पुलिस ने कोपिया मंदिर परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। थानाध्यक्ष बखिरा उमाशंकर त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मंदिर परिसर और आसपास के स्थानों पर श्रमदान कर साफ-सफाई की। इस दौरान परिसर में फैली गंदगी, कूड़े-कचरे और झाड़ियों को हटाकर श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण बनाने का प्रयास किया गया। अभियान के दौरान पुलिस चौकी प्रभारी बखिरा ददन राय के साथ महिला आरक्षियों एवं पुलिस बल के अन्य जवानों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पुलिसकर्मियों ने स्वयं श्रमदान करते हुए मंदिर परिसर की सफाई की तथा आसपास के स्थानों को भी स्वच्छ बनाया। इस दौरान पुलिस टीम ने आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और धार्मिक स्थलों की साफ-सफाई बनाए रखने का संदेश दिया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कोपिया मंदिर में सावन माह के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आवागमन होता है। ऐसे में मंदिर परिसर में स्वच्छता के साथ सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से पुलिस टीम द्वारा सफाई अभियान चलाकर श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया। थानाध्यक्ष उमाशंकर त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने के साथ सामाजिक सरोकार से जुड़े इस अभियान में भी सक्रिय भागीदारी निभाई। पुलिसकर्मियों के श्रमदान से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश मिला। पुलिस विभाग की ओर से स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रखने पर जोर दिया गया।

Digant Srivastav


#शिवमंदिर

➡️कोपिया शिव मंदिर में एसपी संदीप कुमार मीना ने किया जलाभिषेक, श्रद्धालुओं की सुरक्षा परखीबखिरा, संतकबीरनगर। सावन मास के...
17/08/2026

➡️कोपिया शिव मंदिर में एसपी संदीप कुमार मीना ने किया जलाभिषेक, श्रद्धालुओं की सुरक्षा परखी

बखिरा, संतकबीरनगर। सावन मास के तृतीय सोमवार के पावन अवसर पर पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना सोमवार को थाना बखिरा क्षेत्र के प्रसिद्ध कोपिया शिव मंदिर पहुंचे। उन्होंने भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर जलाभिषेक किया और जनपदवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की। पूजन-अर्चन के बाद एसपी ने मंदिर परिसर और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं के प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, कंट्रोल प्वाइंट और पुलिस ड्यूटी प्वाइंट का जायजा लिया। साथ ही मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ और वाहनों के आवागमन को लेकर यातायात व्यवस्था की भी जानकारी ली। पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सावन के सोमवार पर मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित माहौल में दर्शन-पूजन की सुविधा उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है। संतकबीरनगर पुलिस की ओर से सावन मास को देखते हुए जिले के प्रमुख शिव मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के साथ यातायात प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस दौरान थानाध्यक्ष बखिरा उमाशंकर त्रिपाठी, चौकी प्रभारी बखिरा दद्दन राय समेत पुलिसकर्मी मौजूद रहे।


#नागपंचमी

Digant Srivastav

16/08/2026

➡️घायल गोवंश के लिए फरिश्ता बने थानाध्यक्ष उमाशंकर त्रिपाठी, रात में खुद पिलाया पानी

➡️पशु चिकित्सक को बुलाकर कराया इलाज, होश आने तक पुलिस ने संभाली जिम्मेदारी

बखिरा, संतकबीरनगर। बखिरा थाना क्षेत्र में शनिवार रात करीब 10 बजे थाने के सामने अज्ञात वाहन की टक्कर से एक सांड घायल होकर सड़क पर छटपटाते हुए बेहोश हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी उमाशंकर त्रिपाठी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। घायल गोवंश की हालत देखकर उन्होंने तत्काल उसकी मदद शुरू कराई और स्वयं उसे पानी पिलाया।गोवंश के घायल होने की सूचना पर थाना प्रभारी ने रात में ही पशु चिकित्सक को मौके पर बुलाया। पशु चिकित्सक ने घायल गोवंश का उपचार किया। उपचार के कुछ देर बाद गोवंश को होश आ गया। इसके बाद पुलिसकर्मियों की मदद से उसे सुरक्षित थाने परिसर में लाकर रखा गया। रविवार सुबह भी पशु चिकित्सक को बुलाकर उसकी स्थिति की जांच कराई गई और आवश्यक उपचार कराया गया। घटना के बाद थाना प्रभारी उमाशंकर त्रिपाठी ने क्षेत्र में सड़कों पर घूम रहे आवारा गोवंश को लेकर चिंता जताई। उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत बाघनगर उर्फ बखिरा तथा खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) बघौली को पत्र भेजकर आवारा गोवंश को गोशाला में संरक्षित कराने की मांग की। थाना प्रभारी ने कहा कि सड़कों पर खुले में घूमने वाले गोवंश के कारण वाहन चालकों और राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है। समय रहते उन्हें गोशाला में पहुंचाया जाए तो पशुओं की सुरक्षा के साथ ही लोगों को भी हादसों से बचाया जा सकता है। घायल गोवंश के प्रति थाना प्रभारी की संवेदनशील पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की।

रिपोर्ट:Digant Srivastav


City Khalilabad DN 24 Santkabirnagar Santkabirnagar Police UP Police News Inside Bharat Bakhira Bazaar B.m.g.n bakhira Devendra Lal Srivastava Facebook

16/08/2026

➡️शादी के बाद मारपीट और दहेज उत्पीड़न का आरोप, पति समेत तीन पर मुकदमा

बखिरा, संतकबीरनगर। थाना बखिरा क्षेत्र के नखाही गांव निवासी रेनू यादव की शिकायत पर पुलिस ने उनके पति अखिलेश यादव समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 85, 115(2), 352, 351(3) तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 और 4 के तहत कार्रवाई की गई है।शिकायत के अनुसार रेनू यादव ने बताया कि उनकी दूसरी शादी 21 दिसंबर 2021 को दिल्ली स्थित झंडेवालान मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से अखिलेश यादव के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के करीब दो वर्ष बाद पति ने उनके साथ मारपीट, गाली-गलौज और रुपये के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। महिला ने कई बार गंभीर चोट पहुंचाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया है। थाना प्रभारी उमाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की विवेचना की जा रही है। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि एक बार पति शराब के नशे में घर आया और रुपये को लेकर उसके साथ मारपीट करने लगा। विरोध करने पर उसे चार मंजिला छत से धक्का देने का प्रयास किया गया। महिला के अनुसार मकान मालिक ने मौके पर पहुंचकर उसे बचाया, जिसके बाद वह अपने भाई के घर चली गई। महिला का आरोप है कि बाद में उसे जानकारी हुई कि उसका पति दूसरी शादी करने की तैयारी कर रहा है। जब वह ससुराल के गांव नखाही पहुंची तो पति की मां ने उसके कमरे में ताला लगा रखा था। महिला ने बताया कि उसका शादी का सामान आज भी कमरे में बंद है। शिकायत में पति और उसके परिवार पर दो लाख रुपये की मांग को लेकर दबाव बनाने तथा मारपीट करने का भी आरोप लगाया गया है। महिला ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच, कानूनी कार्रवाई और अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

Santkabirnagar Police DN 24 Santkabirnagar Digant Srivastav City Khalilabad Bakhira Bazaar Sant Kabir Nagar

13/08/2026

➡️455 ग्राम अवैध गांजे के साथ एक अभियुक्त गिरफ्तार

बखिरा, संतकबीरनगर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बखिरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 455 ग्राम अवैध गांजे के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष बखिरा उमाशंकर त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध गांजा लेकर क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम बन्डा नाला के पास घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 455 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान जाबिर उर्फ जावेद पुत्र अतहर उर्फ अख्तर रजा, निवासी रसूलाबाद लेड़ुआ महुआ, थाना बखिरा, जनपद संतकबीरनगर के रूप में हुई है। मामले में थाना बखिरा पर मु0अ0सं0 311/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। थानाध्यक्ष उमाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी है। ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राम मिलन साहनी, हेड कांस्टेबल अमित सिंह, कांस्टेबल लवकेश यादव, कांस्टेबल शैलेन्द्र यादव और कांस्टेबल प्रमोद शर्मा शामिल रहे।

Digant Srivastav


City Khalilabad B.m.g.n bakhira

Address

Khalilabad

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when DN 24 Santkabirnagar posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Shortcuts

Share