12/08/2026
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर अंबाला में सुरक्षा के कड़े प्रबंध, चप्पे-चप्पे पर पुलिस रहेगी मुस्तैद,
स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के पावन पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और हर्षोल्लास के साथ संपन्न कराने के लिए अंबाला पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। जिला पुलिस अधीक्षक श्री अजीत सिंह शेखावत के दिशा-निर्देशों के तहत पूरे अंबाला जिले में सुरक्षा के कड़े और व्यापक प्रबंध किए गए हैं असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के लिए पुलिस बल को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
प्रमुख सुरक्षा उपाय और अभियान,
भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष तैनाती: सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए बाजारों, मुख्य चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है तथा सुरक्षा के मद्देनजर सादी वर्दी में विशेष पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
सघन नाकाबंदी और चेकिंग: जिले के प्रवेश मार्गों और विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी कर आने-जाने वाले वाहनों की गहनता से जांच-पड़ताल की जा रही है।
होटल और सराय का सत्यापन: थाना स्तर पर विशेष टीमों का गठन कर होटलों, गेस्ट हाउसों, सरायों और धर्मशालाओं में ठहरने वाले लोगों का सत्यापन किया जा रहा है।
सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा: रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पीसीआर राइडर्स और फोर्स की तैनाती: जिले में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सभी पीसीआर राइडर्स को मुख्य बाजारों, होटलों, रेस्टोरेंट्स, पैलेस और क्लबों के आसपास लगातार गश्त करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक की आमजन से अपील,
पुलिस अधीक्षक, अंबाला ने जिलावासियों से अपील करते हुए कहा कि नागरिक कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग दें।
किसी भी प्रकार की अफ़वाहों पर ध्यान न दें।यदि कोई लावारिस वस्तु, संदिग्ध वस्तु या किसी संदिग्ध/आपराधिक किस्म का व्यक्ति दिखाई दे, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत डायल-112 पर कॉल करें या अपने नजदीकी पुलिस थाने में संपर्क करें।
अंबाला पुलिस नागरिकों की सेवा, सुरक्षा और सहयोग हेतु सदैव तत्पर है। स्वतंत्रता दिवस के इस राष्ट्रीय पर्व पर सुरक्षित माहौल बनाए रखने में आपका सहयोग अति आवश्यक है।