11/08/2026
फरहान अख्तर ने ‘डॉन 3’ की घोषणा कुछ साल पहले ही कर दी थी। लेकिन घोषणा के बाद उन्होंने फिल्म पर काम शुरू नहीं किया था। इस साल की शुरुआत में वे इस बहुप्रतीक्षित फिल्म की शूटिंग शुरू करने वाले थे। लेकिन शूटिंग से कुछ दिन पहले ही रणवीर सिंह ने फिल्म छोड़ दी। रणवीर इसमें मुख्य किरदार यानी डॉन का किरदार निभाने वाले थे।
रिपोर्ट के मुताबिक, रणवीर सिंह के अचानक ‘डॉन 3’ छोड़ने के कारण फरहान अख्तर को 40 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था, क्योंकि उन्होंने फिल्म के प्री-प्रोडक्शन का काम शुरू कर दिया था। इस नुकसान के लिए फरहान ने रणवीर से हर्जाना भी मांगा था। रणवीर और फरहान के बीच ‘डॉन 3’ को लेकर विवाद FWICE तक भी पहुंचा था। FWICE ने रणवीर को बैन कर दिया था, हालांकि बाद में यह बैन हटा दिया गया।
रणवीर सिंह के ‘डॉन 3’ छोड़ने का मामला काफी चर्चा में आया था। हालांकि, फरहान ने पहले इस मामले पर कोई बयान नहीं दिया था। अब उन्होंने रणवीर का नाम लिए बिना इस मामले पर प्रतिक्रिया दी है।
हाल ही में फरहान ने ‘द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया’ से बातचीत की। इस दौरान फरहान ने बताया कि सैफ अली खान ने ‘दिल चाहता है’ फिल्म को अचानक छोड़ दिया था। दूसरी फिल्म की शूटिंग के कारण सैफ को ‘दिल चाहता है’ छोड़ना पड़ा था। फरहान ने बताया कि इससे उनका दिमाग ही खराब हो गया था, क्योंकि उन्होंने फिल्म पर काम शुरू कर दिया था। फरहान ने कहा कि उस रोल को उनसे बेहतर कोई और नहीं निभा सकता था और उस किरदार को किसी दूसरे अभिनेता से करवाना उनके लिए नामुमकिन था।
सैफ की बात करते हुए फरहान ने आगे कहा, “तो यह मेरे लिए बहुत दुखद था। शायद शूटिंग शुरू होने में दस दिन नहीं, बल्कि एक महीना बचा था, जो आजकल ‘एक पैटर्न’ बन गया है।” हालांकि, फरहान ने रणवीर सिंह का नाम नहीं लिया। यह कहते हुए फरहान मुस्कुराने लगे और कुछ सेकेंड के लिए रुक गए। फिर उन्होंने कहा, “सिर्फ मेरे साथ ही नहीं। ऐसा भी होता है, है ना?”