27/05/2026
ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर्व को लेकर जिला प्रशासन, लखीसराय द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं। जिला पदाधिकारी ने जानकारी दी कि जिले में पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जा रही है। वर्ष 2025 में कुल 74 स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था की गई थी तथा इस वर्ष भी 74 चिन्हित स्थलों पर प्रतिनियुक्ति की जाएगी।बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि जिले में पूर्व वर्षों में बकरीद पर्व के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं रही है तथा लखीसराय जिला सामाजिक सौहार्द एवं आपसी भाईचारे के लिए जाना जाता है। इसके बावजूद प्रशासन द्वारा सतर्कता बरती जा रही है तथा सभी संबंधित अधिकारियों को निरंतर निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है।जिला पदाधिकारी ने बताया कि पर्व के दौरान नियंत्रण कक्ष दिनांक 28 मई 2026 से 30 मई 2026 तक तीन पालियों में कार्यरत रहेगा, ताकि किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। साथ ही सदर अस्पताल, लखीसराय सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों एवं चिकित्सा कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर एम्बुलेंस की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा रही है।बैठक में विधि-व्यवस्था, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, गश्ती व्यवस्था तथा अफवाहों पर नियंत्रण को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिला प्रशासन ने आमजनों से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की अपील की है।