23/06/2021
जनसंख्या नियंत्रण को लेकर कानून बनाने की तैयारी में जुटी उत्तर प्रदेश की योगी सरकार 'दो बच्चे ही अच्छे' का संदेश घर-घर पहुंचाएगी। इसके लिए 27 जून से अभियान शुरू हो रहा है, जो अगले महीने जुलाई भर जारी रहेगा। इसके तहत दंपती संपर्क पखवाड़ा 27 जून से 10 जुलाई तक चलेगा, जबकि 11 जुलाई को विश्व जनसंख्या दिवस के मौके पर जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा शुरू किया जाएगा।
दंपती संपर्क पखवाड़े के दौरान आशा वर्कर अपने-अपने क्षेत्र में दंपतियों को चिन्हित करेंगी। ऐसे दंपती, जिनके दो या उससे अधिक बच्चे हैं, उनकी काउंसिलिंग की जाएगी। वहीं नव दंपत्तियों को 'हम दो हमारे दो' से क्या लाभ है, इसके बारे में जानकारी दी जाएगी। उन्हें परिवार नियोजन से संबंधित क्या-क्या सुविधाएं दी जा रही हैं, यह भी बताया जाएगा। पात्र लोगों को दो महीने की गर्भनिरोधक गोली व कंडोम भी मुफ्त में दिया जाएगा। पुरुष व महिला दोनों की नसबंदी के लिए पूर्व पंजीकरण की सुविधा भी दी जाएगी।