01/07/2026
बलिया में सड़क सुरक्षा पर सख्ती:स्कूल बसों की फिटनेस जांच, ब्लैक स्पॉट पर लगेंगे CCTV कैमरे
बलिया में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इस बैठक का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को रोकना, यातायात व्यवस्था को मजबूत करना और लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था।
जिलाधिकारी ने आरटीओ को निर्देश दिए कि पिछले दो वर्षों में जिले में सबसे अधिक सड़क दुर्घटनाएं वाले 'ब्लैक स्पॉट' (दुर्घटना संभावित स्थान) और 'एक्सीडेंटल जोन' की पहचान की जाए। इन स्थानों पर चेतावनी बैनर लगाए जाएंगे ताकि वाहन चालक सतर्क रहें और दुर्घटनाएं कम हों। उन्होंने ब्लैक स्पॉट पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की कार्ययोजना बनाने के भी निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने आरटीओ को जिले में संचालित सभी स्कूल बसों का सर्वे करने का आदेश दिया। इस सर्वे से यह सूची तैयार की जाएगी कि कितनी बसें संचालन योग्य हैं और कितनी मानकों पर खरी नहीं उतरतीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।