27/08/2026
पाटन में NHAI की बड़ी कार्रवाई, अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था को बनाया सुगम
अथर्व वाणी समाचार पत्र | उन्नाव
पाटन, उन्नाव। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने तहसील प्रशासन एवं स्थानीय पुलिस बल के संयुक्त सहयोग से पाटन क्षेत्र में राजमार्ग किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटवाने की प्रभावी कार्रवाई की। इस अभियान से राजमार्ग पर आवागमन करने वाले यात्रियों को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
बताया गया कि मई माह से ही राजमार्ग किनारे अस्थायी दुकानें लगाने वाले दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने के लिए लगातार नोटिस दिए जा रहे थे। इसके बावजूद अतिक्रमण पूरी तरह नहीं हटाए जाने पर NHAI ने बीघापुर तहसील प्रशासन एवं स्थानीय पुलिस बल के सहयोग से संयुक्त अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाया।
अतिक्रमण हटने से राजमार्ग के किनारे यातायात में आने वाली बाधाएं दूर हुई हैं। साथ ही सड़क सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी NHAI की यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है। कार्रवाई के दौरान प्रोजेक्ट मैनेजर सेंथिल अरुण कुमार, सड़क सुरक्षा मैनेजर आनंद मोहन सिंह राजपूत, मेंटीनेंस मैनेजर प्रवीण पंघाल एवं मेंटीनेंस इंजीनियर संजीत कुमार सहित हाईवे पेट्रोलिंग टीम और सड़क सुरक्षा प्रोजेक्ट टीम मौके पर मौजूद रही।
NHAI की इस कार्रवाई से पाटन क्षेत्र में राजमार्ग की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क सुरक्षा को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
#अतिक्रमण_हटाओ #पाटन_समाचार #उन्नाव_समाचार