12/10/2026
खलीलाबाद में भोजनालय पर विवाद के दौरान मारपीट, घायल व्यक्ति की मौत; हत्या के मुकदमे में एक आरोपी गिरफ्तार
संतकबीरनगर। खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के विधियानी स्टेशन रोड स्थित जायसवाल भोजनालय पर सामान की बिक्री और रुपये के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवकुमार जायसवाल पुत्र सीताराम, निवासी मोहल्ला विधियानी स्टेशन रोड, खलीलाबाद के रूप में हुई है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के अनुसार, घटना 9 अक्टूबर 2026 की रात की है। वादी शिवम जायसवाल की ओर से दी गई तहरीर के मुताबिक, भोजनालय पर सामान की बिक्री और लेन-देन को लेकर पड़ोस में रहने वाले महेन्द्र जायसवाल, अमरनाथ जायसवाल, रिंकू जायसवाल और शिवकुमार जायसवाल से विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान दुकान में घुसकर शिवम और उसकी मां के साथ मारपीट की गई।