20/10/2026
मतदाता सूची से कटे नामों का चार दिन में होगा घर-घर सत्यापन, डीएम ने BLO को दिए सख्त निर्देश, नाम, पिता-पति के नाम और मकान नंबर की त्रुटियां फार्म-8 से होंगी दुरुस्त, पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने पर जोर
मैनपुरी। मतदाता सूची को अद्यावधिक और त्रुटिरहित बनाने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने कमर कस ली है। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र 107-मैनपुरी और 108-भोगांव के विभिन्न मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाता सूची से विलोपित किए गए नामों के सत्यापन की प्रगति परखी। डीएम ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देश दिए कि अगले चार दिनों में ऐसे सभी मतदाताओं के घर-घर जाकर शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करें, जिनके नाम पुनरीक्षण के दौरान सूची से हटाए गए हैं।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि सत्यापन के दौरान यदि कोई पात्र मतदाता सूची से छूटा हुआ मिलता है तो उससे तत्काल फार्म-6 भरवाकर ऑनलाइन अपलोड कराया जाए, ताकि उसका नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके। वहीं, किसी मतदाता के नाम, पिता या पति के नाम अथवा मकान नंबर में गलती मिलने पर फार्म-8 भरवाकर संशोधन कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल होना चाहिए। सूची जितनी अद्यावधिक और त्रुटिरहित होगी, निर्वाचन प्रक्रिया उतनी ही सुचारु रूप से संपन्न होगी।
*दो बूथों पर 1,059 नाम विलोपित, सत्यापन जारी*
निरीक्षण के दौरान डीएम ने विधानसभा मैनपुरी के बूथ संख्या 222, गौतम बुद्ध इंटर कॉलेज का जायजा लिया। यहां बीएलओ अभिलाषा चौहान ने बताया कि एसआईआर के दौरान 498 मतदाताओं के नाम विलोपित किए गए थे। वर्तमान में बूथ की मतदाता सूची में 724 मतदाता दर्ज हैं, जिनमें 388 पुरुष और 336 महिलाएं हैं। विलोपित नामों का घर-घर सत्यापन किया जा रहा है। इसी क्रम में विधानसभा भोगांव के बूथ संख्या 263, प्राथमिक विद्यालय रसूलाबाद में बीएलओ मुकेश चंद ने बताया कि एसआईआर के दौरान 561 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए थे। वर्तमान में यहां 673 मतदाता दर्ज हैं, जिनमें 362 पुरुष और 311 महिलाएं शामिल हैं। सत्यापन के दौरान अब तक दो ऐसे मतदाता मिले, जिनके नाम त्रुटिवश विलोपित हो गए थे। दोनों से फार्म-6 भरवाकर ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
*महिला मतदाताओं के नाम जोड़ने पर विशेष जोर*
डीएम डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि जिले की मतदाता सूची में जेंडर रेशियो सुधारने की आवश्यकता है। इसलिए अभियान के दौरान अधिक से अधिक पात्र महिला मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराए जाएं। कोई भी पात्र महिला मतदाता पंजीकरण से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बीएलओ को मतदाता सूची का गहनता से अध्ययन करने और प्रत्येक पात्र मतदाता का विवरण सही कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर एवं भोगांव, श्याम प्रताप सिंह, पीयूष जायसवाल, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका बुद्धि प्रकाश, सौम्या वर्धन, सुपरवाइजर पुष्पेंद्र चौहान, लेखपाल मनोज कुमार गुप्ता, सभासद जसबीर सिंह और आफताब जाफर सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।