01/08/2026
ओल्ड मनाली में दर्दनाक सड़क हादसा, जिम्नी नाले में गिरी; चालक समेत दो की मौत, तीन घायल
मनाली, 1 अगस्त। कुल्लू जिले के ओल्ड मनाली स्थित क्लब हाउस के समीप शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब वशिष्ठ से मनाली की ओर आ रही एक जिम्नी (HP26A-0011) अनियंत्रित होकर करीब 20 फुट नीचे मनालसु नाले में जा गिरी।
पुलिस के अनुसार वाहन में कुल पांच लोग सवार थे। दुर्घटना में चालक रोहित कुमार (32), निवासी जिला मंडी तथा करूण बौद्ध (35), निवासी बजौरा, जिला कुल्लू गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे में विवेक (30), नरेश कुमार (28) और उर्मिला (22) घायल हुए हैं। सभी का अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस ने बताया कि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए शवगृह, मनाली में रखे गए हैं। परिजनों के पहुंचने के बाद नियमानुसार पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
इस संबंध में थाना मनाली में एफआईआर संख्या 112/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 एवं 125(क) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खो देना और लापरवाही से वाहन चलाना पाया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
इस बीच जिला पुलिस कुल्लू ने वाहन चालकों से अपील की है कि पर्वतीय एवं घुमावदार सड़कों पर निर्धारित गति सीमा का पालन करें और पूरी सावधानी के साथ वाहन चलाएं, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।