11/06/2026
महान वैज्ञानिक अल्बर्ट आइंस्टीन: सादगी और बड़प्पन की मिसाल
आज 11 जून के दिन आइए जानते हैं दुनिया के सबसे महान वैज्ञानिक अल्बर्ट आइंस्टीन के जीवन का एक ऐसा मजेदार किस्सा, जो हमें सिखाता है कि असली ज्ञान इंसान को घमंडी नहीं, बल्कि विनम्र बनाता है।
एक बार आइंस्टीन एक यूनिवर्सिटी में भाषण देने जा रहे थे। रास्ते में उनके कार ड्राइवर ने उनसे कहा, "सर, मैंने आपका भाषण हर जगह इतनी बार सुना है कि अब तो वह मुझे पूरा याद हो गया है। आपकी जगह मैं भी वह भाषण दे सकता हूँ।"
आइंस्टीन को ड्राइवर की बात बहुत मजेदार लगी। उस यूनिवर्सिटी में लोग आइंस्टीन का नाम तो जानते थे, लेकिन उनका चेहरा किसी ने नहीं देखा था। आइंस्टीन ने मुस्कुराते हुए अपने कपड़े ड्राइवर को पहना दिए और खुद ड्राइवर की पोशाक पहनकर पीछे बैठ गए।
स्टेज पर ड्राइवर ने हूबहू आइंस्टीन की तरह बहुत ही शानदार भाषण दिया। सभी लोगों ने खूब तालियां बजाईं। लेकिन तभी भीड़ में से एक प्रोफेसर ने ड्राइवर से एक बहुत ही कठिन और पेचीदा सवाल पूछ लिया।
ड्राइवर थोड़ा घबराया, लेकिन उसने अपनी सूझबूझ से जवाब दिया, "जनाब! आपका यह सवाल तो इतना आसान है कि इसका जवाब तो पीछे बैठा मेरा कार ड्राइवर ही दे देगा।" इसके बाद असली आइंस्टीन ने आगे आकर उस सवाल का ऐसा जवाब दिया कि सब दंग रह गए। आइंस्टीन को अपने ड्राइवर की इस चतुराई पर बहुत गर्व हुआ।
सीख:
यह कहानी हमें सिखाता है कि हमें हमेशा अपने साथ काम करने वाले छोटे लोगों को भी आगे बढ़ने का मौका देना चाहिए। दूसरों की काबिलियत का सम्मान करना ही सच्चे और महान इंसान की पहचान है।
ज्ञान और सादगी को सादर नमन!