02/09/2026
अंकित बालियान हत्याकांड: जेल में बंद गैंगस्टर राकेश पंपू को यूपी पुलिस का खौफ, कोर्ट से मांगी ‘बेड़ियों’ की सुरक्षा- शामली पुलिस ने राकेश पंपू को बताया मुख्य साजिशकर्ता, रिमांड के लिए कोर्ट में दाखिल की अर्जी
- पंपू ने कोर्ट में याचिका देकर यूपी पुलिस और एसटीएफ से खतरा बताया
- जेल से यूपी ले जाए जाने के दौरान सिर से पांव तक बेड़ियां पहनाने की मांग
- हत्या में शामिल चार शूटरों में दो पुलिस मुठभेड़ में मारे जा चुके, दो अन्य की तलाश जारी
शामली : हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड की जांच में हरियाणा के गैंगस्टरों की भूमिका भी सामने आ रही है। शामली पुलिस ने हरियाणा की करनाल जेल में बंद पंपू गैंग के सरगना गैंगस्टर राकेश पंपू को हत्या की साजिश का मुख्य आरोपित बनाया है। पुलिस ने पूछताछ के लिए उसकी रिमांड लेने को न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया है।
रिमांड की कार्रवाई शुरू होने के बाद राकेश पंपू ने न्यायालय का रुख किया है। उसकी ओर से दाखिल याचिका में यूपी पुलिस और यूपी एसटीएफ से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की गई है। याचिका में मांग की गई है कि यदि उसे करनाल जेल से उत्तर प्रदेश पुलिस की कस्टडी में भेजा जाता है तो उसकी सुरक्षा के लिए उसे बेड़ियां पहनाई जाएं।
साजिश की कड़ियां जोड़ रही पुलिस
पुलिस जांच में सामने आया है कि अंकित बालियान की हत्या में शामिल शूटरों का संबंध पंपू गैंग से बताया जा रहा है। हत्या में शामिल चार शूटरों में से दो आरोपितों को शामली पुलिस और यूपी एसटीएफ की कार्रवाई में मुठभेड़ के दौरान मार गिराया जा चुका है। दो अन्य शूटरों की तलाश की जा रही है।
इसके अलावा पुलिस अब उन गैंगस्टरों की भूमिका भी खंगाल रही है, जिन पर अंकित बालियान की हत्या की साजिश में शामिल होने का संदेह है। जांच के दौरान पुलिस हत्याकांड की पूरी साजिश और शूटरों तक पहुंचने वाले नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
रिमांड में सामने आ सकती हैं अहम जानकारियां.....
पुलिस का मानना है कि राकेश पंपू से पूछताछ में हत्या की साजिश, शूटरों के चयन, उन्हें निर्देश देने और हत्याकांड से जुड़े अन्य लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। अब न्यायालय से रिमांड मिलने का इंतजार है।......
हालांकि, राकेश पंपू को मुख्य साजिशकर्ता बनाए जाने और उसकी भूमिका से जुड़े आरोप पुलिस की जांच का हिस्सा हैं। मामले में न्यायालय के समक्ष साक्ष्यों और पूछताछ के बाद ही तस्वीर और स्पष्ट होगी।......