26/06/2025
ये वो फ़िल्म है जिसकी शूटिंग के वक्त इसके डायरेक्टर से अमिताभ बच्चन साहब की लड़ाई हो गई थी। और डायरेक्टर ने ये फ़िल्म छोड़ने की धमकी तक दे दी थी। जबकी अमिताभ बच्चन इस फ़िल्म का निर्माण कर रहे थे। यानि वो इसके प्रोड़्यूसर थे। बच्चन साहब ने डायरेक्टर से कहा था कि मैं प्रोड्यूसर हूं। तो मैं जो चाहूंगा वो होना चाहिए। लेकिन डायरेक्टर ने कहा कि अगर तुम प्रोड्यूसर हो तो फ़िल्म को भी तुम खुद ही डायरेक्ट कर लो। और फिर डायरेक्टर सेट छोड़ कर चले गए। बाद में उन्हें मना कर वापस बुलाया गया। वो डायरेक्टर थे टीनू आनंद। और ये फ़िल्म, आप तो समझ ही गए होंगे, ये फ़िल्म है मेजर साब।
साल 1998 में मेजर साब फ़िल्म आज ही के दिन रिलीज़ हुई थी। यानि 26 जून को। यानि आज मेजर साब फ़िल्म के 27 साल पूरे हो गए हैं। फ़िल्म अच्छी थी। हमने वीसीआर पर देखी थी। हमारे घर के ठीक पीछे वाले घर की बनावट कुछ ऐसी थी कि उसमें एक बड़ा सा आंगन था। और उस घर की छत से चारों तरफ़ की छतें मिली हुई थी। उस घर में कुछ बिहार की तरफ़ के रिक्शा चालक रहा करते थे। उस दौर में ये बैटरी वाला रिक्शा नहीं था। साइकिल रिक्शा ही थे। हर शनिवार के दिन वो रिक्शा चालक वीसीआर पर फ़िल्में चलाया करते थे। और आंगन में ही पूरा सेट रखते थे। हम जैसे उनके पड़ोसी भी छत पर फ़िल्में देखने जमा हो जाते थे। वहीं पर मेजर साब फ़िल्म पहली बार देखी थी हमने। बढ़िया लगी थी फ़िल्म।
इस फ़िल्म के बनने की दस रोचक कहानियों पर हमने काफ़ी पहले एक लेख लिखा था। वो लेख आपको इस पोस्ट के कमेंट सेक्शन में पढ़ने के लिए मिल जाएगा। आप चाहें तो उसे पढ़ सकते हैं। मेजर साब फ़िल्म के बारे में कुछ दिलचस्प बातें जानने को मिलेंगी उस लेख में आपको।