26/09/2025
झारखंड में फिर बदलेगा मौसम, अगले पांच दिन बारिश और वज्रपात की चेतावनी...
सितंबर का आखिरी हफ्ता झारखंड के मौसम में बदलाव लेकर आया है। रांची की गलियों से लेकर सिंहभूम की वादियों तक बादलों की दस्तक हो चुकी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि बंगाल की खाड़ी में नया निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है जिसके असर से आने वाले दिनों में बारिश तेज हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी और म्यांमार तटवर्ती क्षेत्रों में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बन रहा है। इसके चलते झारखंड के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक लगातार बादल छाए रहेंगे और बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी।
पिछले 24 घंटों में रांची के मांडर क्षेत्र में 140.2 मिमी बारिश दर्ज की गई जो इस सीजन की सबसे भारी वर्षा में से एक है। इसके अलावा सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, रामगढ़, खूंटी, गुमला, हजारीबाग समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।
बादलों के कारण राज्य में तापमान स्थिर रहने की संभावना है। बुधवार को रांची में अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री और न्यूनतम 22.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं गोड्डा का अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री रहा।
मौसम विज्ञान के मुताबिक 25 से 30 सितंबर तक झारखंड के कई जिलों में लगातार बारिश की स्थिति बनी रह सकती है। ऐसे में नागरिकों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की जरूरत है।