DoonXpress News

DoonXpress News DoonXpress News is Uttarakhand State fastest growing trusted digital news portal.
(1)

DoonXpress News Digital News Portal covers latest news in politics, entertainment, tourism, business, crime, bollywood, religion, culture and sports.

29/08/2026

मसूरी में पार्किंग को लेकर पर्यटक और स्थानीय लोगों में विवाद, हाथापाई तक पहुंचा मामला

मसूरी। हैप्पी वैली स्थित दलाई हिल के पास शनिवार को पार्किंग को लेकर पर्यटक और स्थानीय लोगों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में तीखी बहस होने लगी और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। विवाद बढ़ने पर मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। स्थानीय लोगों की समझदारी और हस्तक्षेप के बाद किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया गया।
जानकारी के अनुसार, एक पर्यटक अपनी स्कूटी लेकर हैप्पी वैली क्षेत्र में पहुंचा था। दलाई हिल के समीप सड़क किनारे स्कूटी खड़ी होने के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। स्थानीय लोगों ने पर्यटक से स्कूटी हटाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच सिर्फ बहस हो रही थी, लेकिन कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से हाथापाई की नौबत आ गई। विवाद देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला।

29/08/2026

मसूरी माल रोड पर सुबह-सुबह हाईवोल्टेज ड्रामा, बैरियर पर पालिका कर्मियों और स्थानीय लोगों में मारपीट
विवाद बढ़ा तो लात-घूंसे चले, मौके पर मची अफरा-तफरी; पुलिस ने शुरू की जांच, बैरियर व्यवस्था पर फिर उठे सवाल

मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी की माल रोड पर शनिवार को उस समय हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब पिक्चर पैलेस बैरियर पर तैनात नगर पालिका कर्मचारियों और कुछ स्थानीय लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। मौके पर लात-घूंसे चलने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही मसूरी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि शनिवार को पिक्चर पैलेस बैरियर के समीप कुछ लोग एकत्रित थे। इसी दौरान बैरियर पर तैनात कर्मचारियों से किसी बात को लेकर उनकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर मामला हाथापाई तक पहुंच गया। आरोप है कि बैरियर कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई। घटना के बाद दोनों पक्ष कोतवाली पहुंचे, जहां पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है।
बैरियर पर आए दिन विवाद, व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
माल रोड का बैरियर लंबे समय से विवादों में रहा है। यहां वाहनों की आवाजाही, स्थानीय लोगों के प्रवेश, टैक्सी और दोपहिया वाहनों के संचालन समेत कई मुद्दों को लेकर अक्सर पालिका कर्मचारियों और वाहन चालकों या स्थानीय लोगों के बीच विवाद की स्थिति बनती रही है। कर्मचारियों का कहना है कि ड्यूटी के दौरान अभद्रता और मारपीट की घटनाओं से उनका मनोबल प्रभावित होता है।
पालिका कर्मियों का कहना है कि बैरियर पर तैनात कर्मचारी यातायात व्यवस्था और माल रोड की निर्धारित व्यवस्था के तहत अपनी ड्यूटी करते हैं। ऐसे में यदि कोई व्यक्ति नियमों को लेकर आपत्ति करता है तो उसे बातचीत के माध्यम से मामला सुलझाना चाहिए, न कि कर्मचारियों के साथ अभद्रता या मारपीट करनी चाहिए।

28/08/2026

मसूरी में खाना बनाते समय फटा प्रेशर कुकर, महिला 25-30 प्रतिशत झुलसी

गंभीर हालत में उप जिला अस्पताल से देहरादून हायर सेंटर रेफर, चार बच्चों के साथ घर पर रहती है 32 वर्षीय महिला

मसूरी। शहर के बारहकैंची में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब घर की रसोई में खाना बनाते समय अचानक प्रेशर कुकर फट गया। हादसे में कुकर में चावल बना रही 32 वर्षीय महिला गौरी गंभीर रूप से झुलस गई। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में महिला को उप जिला चिकित्सालय मसूरी पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला का प्राथमिक उपचार किया और उसे निगरानी के लिए भर्ती कर लिया। चिकित्सकों के अनुसार महिला का शरीर करीब 25 से 30 प्रतिशत तक झुलस गया था। शुरुआती उपचार के बाद उसकी हालत स्थिर बताई जा रही थी, लेकिन शाम होते-होते अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी।स्थिति गंभीर होते देख चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए 108 एंबुलेंस से देहरादून हायर सेंटर रेफर कर दिया। अस्पताल से रेफर किए जाने के दौरान परिजन और स्थानीय लोग भी महिला के साथ मौजूद रहे।
उप जिला चिकित्सालय मसूरी के चिकित्सक डॉ. मयंक जुवाठा ने बताया कि प्रेशर कुकर फटने के कारण महिला गंभीर रूप से झुलस गई थी। उसके शरीर का करीब 25 से 30 प्रतिशत हिस्सा जल गया है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे ऑब्जर्वेशन में रखा गया था, लेकिन शाम को हालत बिगड़ने पर देहरादून हायर सेंटर भेजने का निर्णय लिया गया। उन्होंने बताया कि अस्पताल प्रबंधन की ओर से महिला को हरसंभव उपचार उपलब्ध कराया गया। बताया गया कि गौरी मसूरी के बाहर कैची क्षेत्र की रहने वाली है और अपने चार बच्चों के साथ घर पर रहती है। हादसे के बाद परिवार में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भी महिला के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

28/08/2026

मसूरी की सड़क पर बहता हजारों लीटर पानी, हादसे को न्योता दे रही टूटी पेयजल लाइन
मसूरी। शहर की कैमल बैक रोड पर सैफायर होटल के समीप पेयजल की लाइन क्षतिग्रस्त होने से हजारों लीटर पानी सड़क पर बहता रहा। लगातार बह रहे पानी से सड़क पर फिसलन बढ़ गई है और दोपहिया वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा पैदा हो गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना दिए जाने के बावजूद गढ़वाल जल संस्थान की ओर से देर शाम तक क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत नहीं कराई गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद बड़ी मात्रा में पानी सड़क पर बह रहा है। पानी के कारण सड़क का एक हिस्सा पूरी तरह गीला हो गया है और यहां से गुजर रहे दोपहिया वाहन फिसल रहे हैं। ऐसे में किसी भी समय गंभीर दुर्घटना हो सकती है। लोगों का कहना है कि कैमल बैक रोड पर पर्यटकों और स्थानीय लोगों की आवाजाही रहती है, ऐसे में विभाग की ओर से तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए। स्थानीय लोगों ने गढ़वाल जल संस्थान की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि गर्मियों और पर्यटन सीजन में शहर के कई क्षेत्रों में लोगों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध नहीं हो पाता। कई स्थानों पर सीमित मात्रा में पानी की आपूर्ति की जाती है। वहीं दूसरी ओर विभागीय लापरवाही के कारण हजारों लीटर पानी सड़क पर बहकर बर्बाद हो रहा है। लोगों का कहना है कि पेयजल लाइन में खराबी की जानकारी विभाग को दिए जाने के बाद भी यदि समय रहते इसे ठीक नहीं किया जाता है तो यह महज पानी की बर्बादी नहीं, बल्कि सड़क पर चलने वाले लोगों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद लाइन की मरम्मत नहीं होने से विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने मांग की कि क्षतिग्रस्त लाइन को तत्काल ठीक करने के साथ ही सड़क पर जमा पानी को हटाया जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके। इस संबंध में गढ़वाल जल संस्थान के अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। विभाग का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।

26/08/2026

मसूरी में रक्षाबंधन समारोह में दिखा सियासी रंग, जोशी बोले- 2027 में जीत का अंतर 21 हजार का होगा

मसूरी में मंगलवार की देर शाम को नगर पालिका टाउन हॉल में आयोजित रक्षाबंधन समारोह में सैकड़ों महिलाओं ने कैबिनेट मंत्री एवं मसूरी विधायक गणेश जोशी की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। समारोह में भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी मौजूद रहे। रक्षाबंधन के साथ कार्यक्रम में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी सियासी संदेश दिखाई दिया।
रेखा वर्मा ने कहा कि देश और प्रदेश में भाजपा के पक्ष में माहौल है और 2027 में उत्तराखंड में फिर भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने मसूरी में महिलाओं की बड़ी भागीदारी को गणेश जोशी के प्रति समर्थन बताया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि मसूरी में महिलाओं का स्नेह गणेश जोशी की लोकप्रियता को दर्शाता है। हालांकि 2027 के टिकट को लेकर उन्होंने कहा कि प्रत्याशी का फैसला पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा।
गणेश जोशी ने कहा कि मसूरी की जनता और बहनों के आशीर्वाद से वह लगातार तीसरी बार विधायक बने हैं। उन्होंने दावा किया कि 2027 में मसूरी से उनकी जीत का अंतर 21 हजार मतों तक पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय कई दावेदार सक्रिय होंगे, लेकिन जनता लगातार क्षेत्र में काम करने वालों को पहचानती है।
जोशी ने विपक्ष के ‘हर परिवार में एक सरकारी नौकरी’ के वादे पर भी सवाल उठाते हुए इसे व्यावहारिकता की कसौटी पर परखने की बात कही।

26/08/2026
26/08/2026

मसूरी में हल्द्वानी के रामलीला मैदान के शुद्धिकरण पर सियासत तेज, महेंद्र भट्ट बोले विपक्ष के पास मुद्दे नहीं

मसूरी में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के पास न तो कोई ठोस मुद्दा है और न ही कोई कार्यक्रम। इसलिए वह ऐसे विषयों को तूल दे रहा है, जिनसे समाज का माहौल खराब और दूषित होता है। मसूरी में पत्रकारों से बातचीत में भट्ट ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हल्द्वानी में हुई रैली रामलीला मैदान में आयोजित की गई थी। उनके अनुसार, रैली के दौरान वहां जिस तरह की स्थिति बनी और कुछ नारे लगाए गए, वह रामलीला मैदान की मर्यादा के अनुरूप नहीं थे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के बाद यदि मैदान का शुद्धिकरण किया गया तो इसमें गलत क्या है।
‘दलित समाज से जोड़कर मुद्दे को राजनीतिक रंग देना गलत’
भट्ट ने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस मामले को अनुसूचित जाति से जोड़कर अपने ही राष्ट्रीय अध्यक्ष का मजाक बना रही है। उन्होंने कहा कि खरगे के नाम पर उत्तराखंड में कांग्रेस जिस तरह की राजनीति कर रही है, उसे खुद खरगे भी समझते होंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि किसी धार्मिक स्थल या आयोजन स्थल की स्वच्छता और शुद्धिकरण को राजनीतिक विवाद का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस पर समाज को बांटने वाले मुद्दे खड़े करने का आरोप लगाया। आगामी चुनाव में टिकट वितरण को लेकर पूछे गए सवाल पर महेंद्र भट्ट ने कहा कि किसे टिकट देना है और किसे नहीं, इसका निर्णय पार्टी संगठन करेगा। उन्होंने कहा कि टिकट को लेकर अंतिम फैसला पार्टी की प्रक्रिया और नेतृत्व के स्तर पर लिया जाएगा।

25/08/2026

मसूरी रक्षाबंधन पर गणेश जोशी की कलाई पर सैकड़ों बहनों ने बांधा रक्षा सूत्र, 2027 में जीत का अंतर 21 हजार का दावा

रेखा वर्मा बोलीं- देश-प्रदेश में भाजपा की लहर, मसूरी में महिलाओं का समर्थन गणेश जोशी की लोकप्रियता का प्रमाण; महेंद्र भट्ट ने कहा- टिकट का फैसला शीर्ष नेतृत्व करेगा

मसूरी। नगर पालिका टाउन हाल में मंगलवार को आयोजित रक्षाबंधन समारोह में राजनीतिक रंग भी देखने को मिला। कार्यक्रम में सैकड़ों महिलाओं ने कैबिनेट मंत्री एवं मसूरी विधायक गणेश जोशी की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उन्हें आशीर्वाद दिया। महिलाओं की बड़ी भागीदारी को भाजपा नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव से जोड़ते हुए इसे गणेश जोशी के प्रति समर्थन और उनकी लोकप्रियता का संकेत बताया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तराखंड प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट मौजूद रहे। समारोह के दौरान रक्षाबंधन की परंपरा के साथ ही प्रदेश की राजनीति और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर नेताओं के बयान भी चर्चा में रहे।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि वह मसूरी से तीसरी बार विधायक चुने गए और प्रदेश सरकार में मंत्री की जिम्मेदारी भी मिली। इसके पीछे मसूरी की जनता, विशेषकर बहनों का आशीर्वाद और विश्वास सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि वर्ष 2027 के चुनाव में मसूरी से उनकी जीत का अंतर 21 हजार मतों तक पहुंच सकता है। जोशी ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही कई लोग अपनी दावेदारी पेश करेंगे और कुछ लोग राजनीतिक रूप से सक्रिय नजर आएंगे, लेकिन बरसात खत्म होते ही कई लोग फिर दिखाई नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि जनता उन लोगों और नेताओं के काम को अच्छी तरह पहचानती है, जो लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में रोजगार और सरकारी नियुक्तियों के क्षेत्र में किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने युवाओं को रोजगार देने की दिशा में काम किया है। उनके अनुसार सरकार की योजनाओं का लाभ प्रदेश के अलग-अलग वर्गों तक पहुंच रहा है।

Address

Bhakti Bhawan Kulri
Mussoorie
248179

Website

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when DoonXpress News posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Shortcuts

Share