City news muzaffarnagar

City news muzaffarnagar Daily News of Muzaffarnagar and Nearby Places.

मुजफ्फरनगर के नई मंडी क्षेत्र के भागवंती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में छात्राओं ने उत्साह से मनाया हिंदी दिवस एवं ...
14/09/2026

मुजफ्फरनगर के नई मंडी क्षेत्र के भागवंती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में छात्राओं ने उत्साह से मनाया हिंदी दिवस एवं गणेश चतुर्थी पर्व, हिंदी निबंध प्रतियोगिता का आयोजन भी हुआ
मुजफ्फरनगर। शहर के नई मंडी इलाके में स्थित भागवंती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में सोमवार को हिंदी दिवस एवं गणेश चतुर्थी के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रीमती कविता ने छात्राओं को हिंदी भाषा के महत्व, उसकी समृद्धता एवं उपयोगिता के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम ही नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और भावनाओं को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने छात्राओं को हिंदी भाषा के प्रति सम्मान एवं प्रेम की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित करते हुए हिंदी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। श्रीमती उर्मिला पुंडीर जी ने छात्राओं को गणेश चतुर्थी के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व से अवगत कराया। उन्होंने भगवान गणेश के स्वरूप, गणेश चतुर्थी के आयोजन तथा भारतीय संस्कृति में इस पर्व की विशेष भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने पर्व की परंपराओं एवं इसके प्रेरणादायी संदेश से छात्राओं को परिचित कराते हुए गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. वंदना शर्मा ने भी छात्राओं को हिंदी दिवस एवं गणेश चतुर्थी की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं और हिन्दी के महत्व पर प्रकाश डाला।
-- हिंदी दिवस पर निबंध प्रतियोगिता में छात्राओं ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा
हिंदी दिवस के विशेष अवसर पर विद्यालय में कक्षा 6 से कक्षा 12 तक की छात्राओं के लिए हिंदी निबंध प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और हिंदी भाषा के प्रति अपने विचारों, भावनाओं एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति को निबंधों के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता ने छात्राओं को अपनी लेखन क्षमता एवं चिंतनशील दृष्टिकोण को अभिव्यक्त करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया।
समूचा कार्यक्रम छात्राओं के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी रहा। इसके माध्यम से हिंदी भाषा के प्रति गौरव, भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान तथा पर्व-परंपराओं के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

14/09/2026

मुजफ्फरनगर के भागवंती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में हुई गणेश जी की सामूहिक आरती
मुजफ्फरनगर के नई मंडी क्षेत्र में स्थित प्रतिष्ठित शिक्षण संस्था भागवंती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में सोमवार 14 सितंबर को हिन्दी दिवस कार्यक्रम एवं श्री गणेश चतुर्थी पर गणेश जन्मोत्सव समारोह मनाया गया। इस दौरान विद्यालय की शिक्षिकाओं एवं छात्राओं ने सामूहिक रूप से गणपति भगवान को प्रणाम कर उनकी सामूहिक आरती की...

मुजफ्फरनगर के नई मंडी स्थित भागवन्ती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में सम्पन्न हुई मेरठ संभागीय पर्यावरण बैठक, स्कूल क...
14/09/2026

मुजफ्फरनगर के नई मंडी स्थित भागवन्ती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में सम्पन्न हुई मेरठ संभागीय पर्यावरण बैठक, स्कूल की ईको वाटिका बनी आकर्षण का केंद्र
मुजफ्फरनगर। नई मंडी क्षेत्र में स्थित भागवन्ती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में मेरठ संभाग की “संभागीय पर्यावरण बैठक 2026-27” का आयोजन किया गया। बैठक में पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण एवं विद्यार्थियों में पर्यावरणीय चेतना विकसित करने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक मंथन हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश निरीक्षक शिशु शिक्षा समिति मदनपाल जी, सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज केशवपुरी के प्रधानाचार्य एवं प्रांतीय पर्यावरण संयोजक गोविन्द गुप्ता तथा संभाग निरीक्षक एवं पर्यावरण विभाग की प्रांत टोली सदस्य जगबीर शर्मा तथा जिला पर्यावरण प्रमुख राज सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ एवं अतिथियों का परिचय विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. वंदना शर्मा द्वारा कराया गया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन विद्यालय की पर्यावरण प्रमुख आचार्या दुर्गेश नंदनी ने किया। मुख्य अतिथि मदनपाल ने पंचपरिवर्तन के प्रमुख विषय “पर्यावरण संरक्षण” पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डालते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की आवश्यकता ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण की गतिविधियों से जोड़ने का आह्वान किया। संभाग निरीक्षक जगबीर शर्मा जी ने पर्यावरण प्रदूषण के दुष्प्रभावों एवं उसके नियंत्रण के उपायों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। वहीं प्रान्तीय पर्यावरण संयोजक गोविन्द गुप्त ने नक्षत्र वाटिका, पंचवटी एवं हर्बल वाटिका के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यालयों में इनके विकास को प्रोत्साहित करने की बात कही।
--विद्यालय की ईको वाटिका बनी प्रेरणा का केंद्र
बैठक के दौरान भागवन्ती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, नई मंडी की ईको वाटिका विशेष आकर्षण का केंद्र रही। विद्यालय परिसर में विकसित ईको वाटिका पर्यावरण संरक्षण, जैव-विविधता एवं विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने की दिशा में विद्यालय के सतत प्रयासों का जीवंत उदाहरण है। गोविन्द गुप्ता जी ने विद्यालय की ईको वाटिका की विशेष सराहना करते हुए कहा कि यह पहल अन्य विद्यालयों के लिए प्रेरणादायी मॉडल है। उन्होंने सभी विद्यालयों के शिक्षकों से आह्वान किया कि वे भी अपने-अपने विद्यालयों में ईको वाटिका जैसी पर्यावरणीय गतिविधियों को बढ़ावा दें, ताकि विद्यार्थी केवल पुस्तकों में पर्यावरण संरक्षण न पढ़ें, बल्कि उसे अपने जीवन और विद्यालय परिसर में प्रत्यक्ष रूप से अनुभव भी करें।
विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. वंदना शर्मा ने कहा कि विद्यालय पर्यावरण संरक्षण को विद्यार्थियों के संस्कारों का हिस्सा बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ईको वाटिका इसी सोच का परिणाम है, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को प्रकृति से जोड़ने तथा पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में जिला पर्यावरण प्रमुख राज सिंह ने विभिन्न विद्यालयों से आए सभी सम्मानित शिक्षकों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

मुजफ्फरनगर। नई मंडी स्थित बड़ी धर्मशाला में श्रीसिद्धि विनायक गणेश जन्मोत्सव समिति द्वारा गणेश चतुर्थी पर 20 वाँ श्रीगणे...
14/09/2026

मुजफ्फरनगर। नई मंडी स्थित बड़ी धर्मशाला में श्रीसिद्धि विनायक गणेश जन्मोत्सव समिति द्वारा गणेश चतुर्थी पर 20 वाँ श्रीगणेश जन्मोत्सव बड़ी धूमधाम और हर्षौल्लास के साथ मनाया गया सुबह के समय विशाल पंडाल में श्रद्धालुओं ने पंडित अवध राज आचार्य के सानिध्य में अपने गणेश प्रतिमाओं को मंत्रोच्चार के साथ स्थापित किया। शाम के सत्र में देवोपम किड्स गार्डन एवं जय भारती विद्या मंदिर के बच्चों द्वारा रंगारंग धार्मिक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए जिन्हें देखने के लिए भारी भीड़ उपस्थित रही।
श्री सिद्धिविनायक गणेश जन्मोत्सव समिति के संस्थापक संजय गर्ग चीनी वालों ने बताया कि महोत्सव वकील रोड स्थित बड़ी धर्मशाला में14 सितंबर 2026 दिन सोमवार से 22 सितंबर 2026 दिन मंगलवार तक आयोजित होगा। प्रथम दिन गणेश चतुर्थी पर सोमवार 14 सितंबर को प्रातः काल में जय माँ शक्ति मंदिर पटेलनगर से समिति के प्रमुख सदस्यों द्वारा कलश लेकर बड़ी धर्मशाला में श्री गणेश जी की भव्य प्रतिमा स्थापना के साथ कलश भी स्थापित किए गए हैं। प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमा स्थापना और विधि विधान से पूजन और आरती का कार्य प्रसिद्धि विद्वान पंडित अवधराज आचार्य जी द्वारा सम्पन्न कराया गया हैं।
प्रातः काल के इस धार्मिक आयोजन में श्री सिद्धि विनायक गणेश जन्मोत्सव समिति के संस्थापक संजय कुमार गर्ग, अध्यक्ष रामपाल तायल, उपाध्यक्ष पंकज सिंघल उर्फ बॉबी,सचिव समकित जैन,नितिन गोयल, उपसचिव देशपाल (सिद्धार्थ स्टूडियो) संजय अग्रवाल, कोषाध्यक्ष सुनील अग्रवाल, मंत्री देवेंद्र कुमार बंसल, विनय कुमार मित्तल, संगठन मंत्री विपिन पाल (कश्मीर स्टूडियो) पवन कुमार (सतीश चाय वाले) भण्डार मंत्री सचेंद्र मित्तल, संजय अग्रवाल,ऑडिटर सी.ए अमित कुमार (अमित अरविन्द एण्ड एसो) सभी सपत्नी और सपरिवार शामिल होकर पूजन सम्पन्न कराया। शाम के समय देवोपम किड्स गार्डन एवं जयभारती विद्या मंदिर के बच्चों द्वारा भव्य सांस्कृतिक व धार्मिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। वरिष्ठ व्यापारी नेता संजय मित्तल, समाजसेवी देवराज पंवार समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने इन कार्यक्रमों को देखा और सायंकालीन गणेश जी की आरती में भाग लिया।

14/09/2026

मुजफ्फरनगर जनपद के थाना रामराज व एसओजी देहात की संयुक्त कार्यवाही में महिला से लॉकेट छीनने वाले 03 अभियुक्तों को पुलिस मुठभेड गिरफ्तार करने जिनमें से एक अभियुक्त(पुलिस मुठभेड में 01 गोली लगने से घायल होने तथा बदमाशों के पास से महिला से छीना गया लॉकेट, 02 तमंचे मय 03 जिन्दा व 01 खोखा कारतूस 315 बोर, 01 चाकू व घटना में प्रयुक्त 01 मोटरसाइकिल टीवीएस राइडर बिना नम्बर प्लेट बरामद किए जाने के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा द्वारा जानकारी दी गई....

मुजफ्फरनगर के रामराज थाने की पुलिस टीम ने मुठभेड़ में महिला से जेवर लूटने वाले एक घायल समेत तीन बदमाश गिरफ्तार किए, सोने...
14/09/2026

मुजफ्फरनगर के रामराज थाने की पुलिस टीम ने मुठभेड़ में महिला से जेवर लूटने वाले एक घायल समेत तीन बदमाश गिरफ्तार किए, सोने का पैंडल बरामद
मुजफ्फरनगर। रामराज पुलिस व एसओजी देहात की टीम की गांव अहमदवाला के तिराहे पर चेकिंग के दौरान बदमाशो से मुठभेड हो गई जिसमें एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। जबकि मौके से फरार हो रहे दो बदमाशों को पुलिस ने पीछाकर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बदमाशों ने तीन दिन पूर्व महिला से सोने का पैंडल लूटा था।
रामराज पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि महमूदपुर मंगूर के जंगल में जिन बदमाशों के द्वारा महिला से लॉकेट लूटा गया था वह रामराज की तरफ आ रहे है। रामराज पुलिस द्वारा एसओजी देहात टीम अहमदवाला तिराहे पर संदिग्ध वाहनों की चैकिंग करने लगे। कुछ समय पश्चात एक बाइक पर सवार तीन व्यक्ति आते दिखायी दिए। पुलिस टीम ने रुकने का ईशारा किया गया, लेकिन बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया जबकि मौके से भागने का प्रयास दो बदमाशो को पुलिस ने पीछा कर गिरफ्तार कर लिया । पुलिस ने बदमाशो दो तमंचे, महिला से लूटा गया लॉकेट पीली धातु व लूट की घटना मे प्रयुक्त एक बाइक बिना नम्बर प्लेट व चाकू बरामद किया है। पुलिस पूछताछ में घायल बदमाश ने अपना नाम शहिद पुत्र शौकीन अहमद निवासी मोहल्ला कुन्दन कालोनी गोहर अली खां थाना कोतवाली अफजलगढ जिला बिजनौर व राशिद पुत्र तारिक निवासी कस्बा व थाना अफजलगढ जिला बिजनौर तथा फिरोज पुत्र महमूद निवासी कस्बा व थाना अफजलगढ जिला बिजनौर बताया है। बदमाशों ने तीन दिन पूर्व चारा लेकर आ रही महिला पर दराती से हमला कर उसका सोने का पैंडल लूट लिया था। पुलिस तभी से बदमाशों की तलाश कर रही थी। पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों का चालान कर दिया है।

14/09/2026

मुजफ्फरनगर के तितावी क्षेत्र के ग्राम काजीखेड़ा में सेना भर्ती की तैयारी कर रहे हैं युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या की
मुजफ्फरनगर। तितावी थाना क्षेत्र के गांव काजीखेडा में सेना में अग्निवीर बनने के लिए भर्ती की तैयारी कर रहे युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव रविवार देर रात गांव के आर्य समाज मंदिर परिसर में लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पडताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।
गांव काजीखेडा निवासी मनोज शर्मा का 22 वर्षीय बेटा उपवंत शर्मा पिछले काफी समय से अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहा था। रविवार देर गांव के आर्य समाज मंदिर में उसका शव लटका मिला। ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई तो मौके पर भीड जमा हो गयी। सूचना मिलते ही तितावी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच पडताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। हादसे से उसके परिजनों में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी जयवीर सिंह का कहना कि युवक का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सुसाइड होना आया है। युवक ने आत्महत्या क्यों की। इसके लिए पुरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

14/09/2026

मुजफ्फरनगर के सरवट में कार सवार युवकों ने देर रात घर के बाहर बैठे लोगों पर पथराव किया, क्लोज सर्किट कैमरे में कैद हुई घटना, पुलिस जांच में जुटी
मुजफ्फरनगर। शहर के थाना सिविल लाइन क्षेत्र के मोहल्ला सरवट में देर रात घर को बाहर बैठे कुछ लोगों पर कार सवार युवकों ने पथराव कर दिया। पथराव की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी। पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।
देर रात सरवट में काजी हासिम व परिवार के अन्य लोग घर के बाहर बैठकर बाते कर रहे थे। अचानक सडक से दौडती हुई कार से एक युवक ने बैठे लोगों पर पथराव कर दिया। इससे पहले वह कुछ समय पाते कार सवार गाली गलौच कर फरार हो गए। पथराव की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी। रात्रि में मामले की सूचना पुलिस को दी गयी। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज लेकर कार की तलाश शुरु कर दी है।

14/09/2026

महिला ने युवक पर अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल एवं दुष्कर्म करने का आरोप लगाया, पुलिस अधिकारी ने जांच के आदेश दिए
मुजफ्फरनगर। जनपद के छपार थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव की निवासी महिला ने पडोस में रहने वाले युवक पर अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करते हुए दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि आरोपी युवक ने करीब डेढ साल पूर्व नहाते हुए उसकी अश्लील वीडियो बना ली थी तभी से आरोपी उसे ब्लैकमेल कर रहा है। अधिकारी ने महिला को जांच क बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
पुलिस कार्यालय पर पहुंची एक महिला ने प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि उसका पति गुरुग्राम में नौकरी करता है। आरोप है कि आरोपी पडोसी ने धोखे से उसका नहाते हुए अश्लील वीडियो बना लिया। आरोपी ने वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल किया। लगभग डेढ साल से आरोपी लगातार उससे दुष्कर्म करता हुआ आ रहा है। आरोप है कि आरोपी ने दुष्कर्म करते हुए भी उसकी अश्लील वीडियो बनाई थी। आरोपी ने उसे ब्लैकमेल कर लाखों रुपए के जेवरात व नगदी भी उससे हडप ली है। पीडिता ने छपार थाने पर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नही हुई। पीडिता की शिकायत पर पुलिस अधिकारी ने संज्ञान लेकर जांच का आश्वासन दिया है।

14/09/2026

पानीपत खटीमा नेशनल हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
मुजफ्फरनगर। जनपद के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत रोहाना चौकी के क्षेत्र में पानीपत खटीमा बाइपास पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक गम्भीर रुप से घायल हो गया था। पुलिस ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। जहां पर उसकी मौत हो गई।
शामली जनपद के गांव कैडी निवासी संजय पुत्र पालूराम शनिवार देर रात में रामपुर तिराहे से घर जा रहा था। जैसे ही वह पानीपत-खटीमा बाइपास मार्ग के कल्लरपुर-कछौली कट के पास पहुंचा तो पीछे से तेज गति से आ रहे अज्ञात वाहन चालक ने टक्कर मार दी। जिससे वह गम्भीर रुप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची रोहाना पुलिस ने घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। जहां से चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया है। रोहाना चौकी प्रभारी मोहित कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Address

Muzaffarnagar
251001

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when City news muzaffarnagar posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Contact The Business

Send a message to City news muzaffarnagar:

Shortcuts

Share