17/07/2026
देवरिया: ट्रैक्टर पलटने से चालक की दबकर मौत, गांव में मातम
देवरिया (मुजफ्फरपुर): देवरिया थाना क्षेत्र के बंगरा मुजा गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर पलटने से उसके नीचे दबकर चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान साहेबगंज थाना क्षेत्र के परसौनी जहांगीर निवासी राधेश्याम पासवान (पिता- महेंद्र पासवान) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, राधेश्याम पासवान ट्रैक्टर लेकर ग्रामीण सड़क से गुजर रहे थे। इसी दौरान देवरिया थाना क्षेत्र के बंगरा मुजा वार्ड संख्या-12 स्थित बंगरा हाई स्कूल के पीछे पोखर के समीप अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रैक्टर के नीचे दब जाने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर देवरिया थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।