26/08/2026
मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र के झपहां उदन में जमीन पर कथित जबरन कब्जे और निर्माणाधीन मकानों व बाउंड्री को तोड़े जाने के मामले में बेलसंड विधायक अमित कुमार रानू की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। मामले में अब तक कुल 25 प्राथमिकी दर्ज हो चुकी हैं, जिनमें आठ मामलों में विधायक को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस अब उनकी गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से वारंट लेने की तैयारी में है।
एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र के अनुसार, विधायक की गिरफ्तारी के वारंट के लिए पुलिस बुधवार को न्यायालय में अर्जी दाखिल करेगी। वारंट जारी होने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। बताया गया कि झपहां उदन में 50 से अधिक निर्माणाधीन मकानों और बाउंड्री को जेसीबी से तोड़े जाने के आरोपों को लेकर पीड़ितों के बयान पर अहियापुर थाने में 22 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।
इसके अलावा पुलिस के साथ कथित धक्का-मुक्की, बदसलूकी और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में अहियापुर थाना और कच्ची-पक्की ओपी में तीन अन्य प्राथमिकी दर्ज हुई हैं। इस तरह कुल 25 मामले दर्ज किए जा चुके हैं।
विधायक के भाई की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी:
पुलिस विधायक के भाई अभिनव उर्फ सोनू सिंह की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी कर रही है। वहीं, मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान के लिए घटनास्थल के वीडियो फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस कथित प्रोटेक्शन गैंग से जुड़े लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है।
पुलिस के अनुसार, विधायक का एक रिश्तेदार भी मामले में जांच के घेरे में आया है। आरोप है कि पुलिस टीम जब नामजद आरोपी अभिषेक सोनू सिंह की गिरफ्तारी के लिए कच्ची-पक्की ओपी क्षेत्र में विधायक के रिश्तेदार के यहां पहुंची, तो वहां पुलिस टीम को धमकी दी गई और सरकारी कार्य में बाधा डाली गई। इस संबंध में भी प्राथमिकी दर्ज की गई है।
चार साल से जमीन पर रह रहे थे लोग:
एसएसपी ने बताया कि विवादित जमीन को लेकर बोचहां के अंचलाधिकारी से रिपोर्ट मांगी गई थी। रिपोर्ट के अनुसार, वहां रहने वाले लोग करीब चार वर्षों से जमीन पर निर्माण कर रह रहे थे। उनका म्यूटेशन हो चुका था और जमीन की रसीद भी कट रही थी। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इसके बावजूद जमीन पर कथित जबरन कब्जे का प्रयास किस तरह और किन लोगों के माध्यम से किया गया।
विधायक के पुराने मामलों की भी जांच:
पुलिस विधायक अमित कुमार रानू के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार, सीतामढ़ी जिले के रून्नीसैदपुर थाने में उनके खिलाफ रंगदारी, चोरी की संपत्ति रखने, जबरन वसूली और धमकी देने से संबंधित मामला पहले से दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस ने इस मामले की वर्तमान स्थिति और अन्य विवरण जुटाने के लिए रून्नीसैदपुर थाना पुलिस से संपर्क किया है।
भू-माफियाओं पर सख्त कार्रवाई का दावा:
एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने कहा कि मुजफ्फरपुर शहर के विस्तार के साथ कांटी, मुसहरी, तुर्की, मनियारी, कच्ची-पक्की, करजा, अहियापुर, झपहां और बोचहां क्षेत्रों में जमीन की कीमत बढ़ी है। ऐसे में जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश करने वाले भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी भू-माफिया को बख्शा नहीं जाएगा और यदि किसी पुलिसकर्मी की मिलीभगत के साक्ष्य मिलते हैं तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
फिलहाल पुलिस नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी, वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है। विधायक की गिरफ्तारी को लेकर अब न्यायालय से वारंट जारी होने का इंतजार हो रहा है।