28/05/2026
कांटी लूटकांड का खुलासा, 5 अपराधी गिरफ्तार; हथियार, स्मैक और लूटा गया सामान बरामद
मुजफ्फरपुर: कांटी थाना क्षेत्र में 22 मई को बाइक सवार व्यक्ति से हुई लूट की घटना का मुजफ्फरपुर पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। मामले में पुलिस ने पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से देशी कट्टा, कारतूस, लूट में प्रयुक्त बाइक, 212 पुड़िया स्मैक समेत लूटा गया आधार कार्ड और ऑनर बुक बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद कांटी थाना कांड संख्या-316/26 दर्ज कर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के अनुश्रवण और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पश्चिमी-01 के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कांटी थाना क्षेत्र से सुन्दरम कुमार, धर्मनाथ कुमार उर्फ बड़ी और दीपक कुमार उर्फ विवेक कुमार को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर कपरपुरा ओवरब्रिज के पास गाछी से लूटा गया आधार कार्ड, बाइक की ऑनर बुक और एक देशी कट्टा बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने कांटी हाईस्कूल के पीछे स्थित लीची बगान से गौरव कुमार और राज कुमार यादव उर्फ सोनू को 212 पुड़िया स्मैक और घटना में प्रयुक्त बाइक के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों ने पूछताछ में थाना क्षेत्र के कई मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। बरामद हथियार को लेकर कांटी थाना कांड संख्या-325/26 तथा स्मैक बरामदगी के मामले में कांड संख्या-326/26 दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी गौरव कुमार और राज कुमार यादव का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। दोनों पर पहले से लूट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है तथा आगे की कार्रवाई जारी है।