30/07/2026
नाहन में गाड़ियों के टायर चुराने वाला चढ़ा पुलिस के हत्थे
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अभिमन्यु बेहद सुनियोजित तरीके से रात्रि के समय सुनसान स्थानों पर खड़ी कारों को निशाना बनाता था। वह कार के चारों टायर एवं रिम/अलॉय व्हील खोलकर अपनी स्विफ्ट डिजायर कार में रखता और सीधे मनीमाजरा (चंडीगढ़) मोटर मार्केट पहुंच जाता था।
वह दुकानदारों को यह झूठी कहानी सुनाता था कि उसकी कार में लगे अलॉय व्हील वाहन की आरसी के अनुरूप नहीं हैं और पुलिस लगभग ₹10,000 का चालान कर सकती है। वह कहता था कि उसने सेकेंड हैंड टायर खरीदे हैं और उन्हें अपनी कार में लगवाना चाहता है।
दुकानदार उसकी बातों पर भरोसा कर चोरी किए गए टायर उसकी कार में फिट कर देते थे और पुराने टायर डिक्की में रख देते थे। इसके बाद आरोपी उन्हीं दुकानदारों से कहता कि पुराने टायर अब उसके किसी काम के नहीं हैं और यदि वे चाहें तो उन्हें खरीद सकते हैं।
टायर अच्छी स्थिति में होने के कारण दुकानदार उन्हें खरीद लेते थे। आरोपी ने चोरी किए गए टायर चार अलग-अलग दुकानों पर 8,000 से 11,500 प्रति सेट के हिसाब से बेच दिए।