16/05/2025
दसवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में राजकीय कन्या उच्च विद्यालय ददाहू की छात्रा नीतिका ठाकुर ने 700 में से 675 अंक अर्जित कर क्षेत्र माता पिता तथा विद्यालय का नाम रोशन किया है।
ग्रामीण क्षेत्र से संबंध रखने वाली नीतिका शुरू से ही एक प्रतिभाशाली छात्रा रही है। और न केवल पढ़ाई बल्कि साहित्य और अन्य गतिविधियों में भी समान रूप से भागीदार रही है।
विद्यालय के लिए गौरव का विषय ये है कि पूर्व की तरह इस बार भी ग्यारह छात्राओं ने 600 से अधिक अंक अर्जित किए हैं।
मार्च 2025 में विद्यालय से सेवानिवृत हुईं मुख्य अध्यापिका श्रीमती उषा रानी ने छात्राओं और अध्यापकों की मेहनत की प्रशंसा करते हुये इस उपलब्धि पर खुश हो कर विद्यालय में प्रथम रही छात्रा को 5100/- पुरस्कार स्वरूप देने की घोषणा की है।
वर्तमान में विद्यालय के कार्यवाहक मुख्याध्यपक बालकृष्ण शर्मा ने बताया कि इस बार विद्यालय की दो छात्राओं ने गणित विषय में शत प्रतिशत अंक अर्जित कर गणित के प्रति अन्य छात्राओं की रुचि को भी मजबूत किया। शत प्रतिशत अंक अर्जित करने वाली छात्रा ने कहा कि वह आगे की पढ़ाई गणित विषय के साथ जारी रखेगी।
विद्यालय प्रभारी और पाठशाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष जसवंत ठाकुर ने छात्राओं की प्रशंसा करते हुये उन्हें शुभकामनाएँ दी और उनके सुखद भविष्य की कामना की।
विदित हो कि विद्यालय ने पढ़ाई के साथ साथ सह संज्ञानात्मक क्षेत्र में कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं। जिनमें 2022 से पहाड़ी भाषा में की जाने वाली सम्पूर्ण प्रार्थना सभा, दीवार पत्रिका फेंजा का प्रकाशन और अब साइन्स पार्क नाम से एक पत्रिका का सम्पादन और प्रकाशन अध्यापकों के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।