06/09/2026
भराड़ी में आगाई महाराज व केलश्वर महाराज का भव्य मंदिर नव निर्मित
800 वर्ष पुरानी देव परंपरा के अनुरूप हुआ मंदिर का निर्माण, हरिद्वार-चूड़धार यात्रा के बाद जागरण व कुरुड़ कार्यक्रम
जिला सिरमौर के विकासखंड संगड़ाह की ग्राम पंचायत भराड़ी में आगाई महाराज व केलश्वर महाराज की देव परंपरा से जुड़े करीब 800 वर्ष पुराने मंदिर का नव निर्माण पूरा होने के बाद रविवार को भव्य कुरुड़ कार्यक्रम आयोजित किया गया। धार्मिक परंपरा के अनुसार दोनों देवताओं को पहले हरिद्वार ले जाया गया, जिसके बाद सिरमौर की सबसे ऊंची चोटी एवं प्रसिद्ध धार्मिक स्थल चूड़धार की यात्रा करवाई गई। इसके बाद देवताओं को वापस भराड़ी लाया गया।
भराड़ी पहुंचने पर रात्रि में जागरण का आयोजन किया गया। सुबह विधिवत पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान के बाद मंदिर की छत पर कुरुड़ (टोपी) लगाई गई। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में पहुंचे और देव जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया।