10/08/2026
हर घर तिरंगा अभियान के तहत लघु सचिवालय में तिरंगा प्रदर्शनी आयोजित
एसडीएम जगदीश चंद्र ने किया अवलोकन, नागरिकों से राष्ट्रीयता की भावना सुदृढ़ करने का आह्वान
नरवाना 10 अगस्त (विजय गर्ग ) भारत सरकार द्वारा देशभर में 9 अगस्त से 17 अगस्त तक चलाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत स्थानीय लघु सचिवालय नरवाना में तिरंगे की गरिमा एवं गौरव गाथा को प्रदर्शित करती हुई एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। यह प्रदर्शनी सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के सौजन्य से लगाई गई है, जिसका उद्देश्य आमजन में राष्ट्रीयता, देशभक्ति और शहीदों के बलिदान के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना है।
उल्लेखनीय है कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत पूरे देश में विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि नागरिकों विशेषकर युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की भावना को और अधिक मजबूत किया जा सके। इसी कड़ी में नरवाना में लगाई गई यह प्रदर्शनी तिरंगे के इतिहास, उसकी संरचना, मर्यादा एवं उससे जुड़े गौरवपूर्ण प्रसंगों को प्रभावी ढंग से दर्शाती है। यह प्रदर्शनी 17 अगस्त तक आमजन के अवलोकन हेतु खुली रहेगी।
सोमवार को उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) जगदीश चंद्र ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और इसमें प्रदर्शित सामग्री के माध्यम से शहीदों के बलिदान, तिरंगे के महत्व तथा उसके डिजाइन एवं चयन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि राष्ट्रीय ध्वज केवल एक कपड़े का टुकड़ा नहीं है, बल्कि यह भारतीय अस्मिता, स्वाभिमान और राष्ट्र की एकता का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि आजादी की लंबी लड़ाई में असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति दी, तब जाकर हमें तिरंगा फहराने का गौरव प्राप्त हुआ है। आज देश अपनी आजादी के 79 वर्ष पूरे कर रहा है और ऐसे में हर नागरिक का यह कर्तव्य बनता है कि वह तिरंगे के प्रति सम्मान और श्रद्धा की भावना बनाए रखे।
एसडीएम ने कहा कि यह अभियान देशवासियों, विशेषकर युवाओं में देशभक्ति और राष्ट्रीयता के प्रति जागरूकता पैदा करने में अहम भूमिका निभाएगा। प्रदर्शनी के माध्यम से यह भी बताया गया है कि तिरंगे का डिजाइन किस प्रकार तैयार किया गया, इसके रंगों और चक्र का क्या महत्व है तथा इसे फहराने के नियम क्या हैं।
उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपने घरों, संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर तिरंगा फहराकर इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और राष्ट्र निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका सुनिश्चित करे।......................
नरवाना 10 अगस्त (विजय गर्ग ) एसडीएम जगदीश चंद्र की अध्यक्षता में सोमवार को उपमंडल स्तरीय समाधान शिविर संपन्न हुआ। स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित इस शिविर में सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और जनसाधारण की समस्याएं सुनी। एसडीएम जगदीश चंद्र ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी जिला एवं उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं इसी कड़ी में सोमवार को नरवाना में भी उपमंडल स्तरीय समाधान शिविर का आयोजन हुआ । उन्होंने बताया कि यह शिविर प्रत्येक सोमवार और वीरवार को प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि समाधान शिविर का उद्देश्य आमजन की शिकायतों एवं समस्याओं का मौके पर समाधान करना है, ताकि लोगों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का बराबर लाभ मिल सके और समस्याओं के समाधान से जनसाधारण को राहत पहुंचे। एसडीएम जगदीश चंद्र ने बताया कि आज समाधान शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित पांच शिकायत प्राप्त हुई है। एसडीएम जगदीश चंद्र ने बताया कि समस्याओं का निदान मौके पर ही संबंधित विभाग के अधिकारियों के माध्यम से करवाया जाता है। एसडीएम ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए की अपने विभाग से संबंधित लोगों की समस्याओं बारे अपडेट ब्यौरा समाधान शिविर में लाएं और समस्या के समाधान उपरांत रिपोर्ट प्रतिदिन प्रस्तुत करें। इस शिविर में नायब तहसीलदार विजय कुमार, बीडीपीओ तरुण सुथार, एसडीओ जन स्वास्थ्य विभाग कुलदीप कोहाड़, सिंचाई विभाग से विक्रम सिंह जेई, नगर परिषद सचिव संदीप कुमार , वन विभाग से अश्विनी कुमार , कृषि विभाग के एसडीओ डॉ सुनील कुमार, सीडीपीओ से रितु व जयकौर सुपरवाइजर, बीईओ से तेजवीर, मार्केट कमेटी से सहायक रोशनलाल, लिपिक ज्योति सहित अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।