08/03/2026
"बेटा, ये पठान का हाथ है। बेहोश हो जाओगे।" दिलीप कुमार ने अनुपम खेर से कर्मा फ़िल्म के सेट पर ये बात कही थी। क्योंकि अनुपम खेर ने दिलीप कुमार से कहा था कि दिलीप साहब उन्हें सच में थप्पड़ मार दें। वो दरअसल सीन ही ऐसा था जिसमें दिलीप कुमार के किरदार राणा विश्वप्रताप सिंह खलनायक डॉक्टर डैंग को एक ज़ोरदार तमाचा मारता है।
अनुपम खेर को तब फ़िल्मों में बहुत वक्त नहीं हुआ था। रजत शर्मा के शो 'आप की अदालत' में अनुपम खेर ने बताया था कि उन्होंने तीन-चार फ़िल्मों में लैजेंडरी दिलीप कुमार के साथ काम किया था। और कर्मा वो पहली फ़िल्म थी जिसमें अनुपम खेर को दिलीप कुमार के साथ स्क्रीन शेयर करने का चांस मिला था। कर्मा में अनुपम ने डॉक्टर डैंग का किरदार निभाया था।
अनुपम खेर के मुताबिक़, जब सेट पर उन्होंने पहली बार दिलीप कुमार को देखा था वो उन्हें देखते ही रह गए थे। बकौल अनुपम, वो सुबह सात बजे ही सेट पर पहुंच गए थे। और ठीक 11 बजे दिलीप कुमार अपनी सफ़ेद मर्सिडीज़ से सेट पर पहुंचे। उन्होंने सफ़ेद ही कमीज़ भी पहनी हुई थी उस दिन। दिलीप साहब को देखकर अनुपम खेर ने मन ही मन खुद से कहा कि इन्हीं की वजह से मैं एक्टर बना हूं।
दिलीप कुमार के व्यक्तित्व से अनुपम खेर इतना प्रभावित थे कि वो बहुत प्यार से उन्हें देखे जा रहे थे। सीन शूट करते वक्त भी अनुपम की आंखों में दिलीप साहब के लिए वो प्यार झलक रहा था। तब डायरेक्टर सुभाष घई ने अनुपम खेर से बात की। सुभाष गई एक साइड में अनुपम खेर को ले गए और बोले,"तू जिस प्यार से इन्हें देख रहा है, तू मरवाएगा मुझे। तू विलेन है मेरी फ़िल्म का। इतने प्यार से मत देख उन्हें।"
तब अनुपम खेर ने सुभाष घई से कहा,"अनुपम खेर दिलीप कुमार से प्यार करता है। लेकिन डॉक्टर डैंग राणा विश्वप्रताप सिंह से प्यार नहीं करता।" आगे अनुपम खेर ने बताया कि थप्पड़ वाले सीन में उनसे एक गलती हो गई थी। उन्हें बहुत बुरा लग रहा था। तब दिलीप कुमार को इम्प्रैस करने के लिए अनुपम खेर ने उनसे कहा,"सर, आप सच में मुझे थप्पड़ मार दीजिए।" तब दिलीप कुमार ने अनुपम खेर से कहा था कि बेटा ये पठान का हाथ है। बेहोश हो जाएगा।
खैर, वो सीन जब कंप्लीट हो गया तो अनुपम खेर की एक्टिंग स्किल्स से दिलीप कुमार बहुत इम्प्रैस हुए। उन्होंने सुभाष घई को पास बुलाया और अनुपम खेर के बारे में कहा,"एक खतरनाक एक्टर आ चुका है फ़िल्म इंडस्ट्री में। ये बहुत दूर तक जाएगा।" गौरतलब है कि दिलीप कुमार और अनुपम खेर ने साथ में कई फिल्मों में काम किया। 'कर्मा' के बाद, वे 'कानून अपना अपना' (1989), 'इज्जतदार' (1990) और 'सौदागर' (1991) जैसी फिल्मों में साथ नज़र आए।
आज अनुपम खेर का जन्मदिन है। अनुपम खेर आज 71 साल के हो गए हैं। 07 मार्च 1955 को अनुपम खेर का जन्म हुआ था। किस्सा टीवी की तरफ़ से अनुपम खेर जी को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं।