29/05/2026
लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। चारबाग स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-5 पर अचानक टिन शेड गिरने से हड़कंप मच गया। हादसे में टीटीई समेत 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों में टीटीई भूपेंद्र, यात्री अभिषेक और साहिल शामिल हैं। बताया जा रहा है कि टीटीई भूपेंद्र के पैर में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि घायल साहिल की जांघ दबने से गंभीर चोट आई है। सभी घायलों को इलाज के लिए अजंता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही RPF और रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। राहत कार्य के लिए मौके पर क्रेन मंगवाई गई, जिसकी मदद से गिरे हुए टिन शेड को हटाया जा रहा है। सबसे बड़ी बात ये रही कि प्लेटफॉर्म पर पहुंच रही हावड़ा-देहरादून एक्सप्रेस को समय रहते रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल रेलवे प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है। चारबाग स्टेशन पर हुए इस हादसे के बाद यात्रियों में डर फैल गया है।