11/03/2026
US–Israel–Iran युद्ध के बीच बड़ा खतरा टला: सऊदी अरब ने तेल क्षेत्र की ओर बढ़ रहे 5 ईरानी ड्रोन मार गिराए
मध्य पूर्व में जारी अमेरिका-इजराइल-ईरान युद्ध के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में सऊदी अरब ने एक बड़े हमले को नाकाम कर दिया। सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, उनकी एयर डिफेंस सिस्टम ने ईरान की ओर से भेजे गए कई ड्रोन को मार गिराया, जो देश के एक महत्वपूर्ण तेल क्षेत्र की ओर बढ़ रहे थे।
रिपोर्ट के अनुसार, कम से कम पांच ड्रोन को समय रहते इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया गया, जिससे देश के महत्वपूर्ण ऊर्जा ढांचे को संभावित नुकसान से बचा लिया गया।
सऊदी रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह ड्रोन दक्षिण-पूर्वी सऊदी अरब के शायबा (Shaybah) तेल क्षेत्र की ओर बढ़ रहे थे। यह क्षेत्र दुनिया की सबसे बड़ी तेल कंपनियों में से एक सऊदी अरामको द्वारा संचालित किया जाता है और सऊदी अरब की ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।
जैसे ही एयर डिफेंस सिस्टम ने इन ड्रोन को देश की सीमा की ओर बढ़ते हुए देखा, तुरंत उन्हें मिसाइल सिस्टम और रक्षा तकनीक के जरिए हवा में ही नष्ट कर दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि अगर ये ड्रोन तेल क्षेत्र तक पहुंच जाते तो बड़े पैमाने पर आग, विस्फोट और तेल उत्पादन पर गंभीर असर पड़ सकता था।
मध्य पूर्व में यह तनाव तब और बढ़ गया जब अमेरिका और इजराइल ने फरवरी के अंत में ईरान पर संयुक्त सैन्य हमला किया। इसके बाद ईरान ने क्षेत्र में अमेरिकी और इजराइली ठिकानों के साथ-साथ कई देशों के सैन्य और ऊर्जा ठिकानों को निशाना बनाते हुए मिसाइल और ड्रोन हमले शुरू कर दिए।
ईरान द्वारा किए जा रहे इन हमलों के कारण सऊदी अरब, यूएई, कुवैत और बहरीन जैसे कई खाड़ी देशों में हाई अलर्ट जारी है और उनकी एयर डिफेंस लगातार ड्रोन और मिसाइलों को रोकने में लगी हुई है।