12/06/2026
जलेसर में बुजुर्ग की जमीन पर कब्जे के प्रयास का आरोप, उपजिलाधिकारी से लगाई गुहार
जलेसर (एटा)। नगर के मोहल्ला शेरंगज निवासी एक 85 वर्षीय बुजुर्ग ने अपनी खरीदी हुई भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जे का प्रयास किए जाने का आरोप लगाते हुए उपजिलाधिकारी जलेसर को प्रार्थना पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थी रमेश चंद्र शर्मा ने दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि उन्होंने वर्षों पूर्व एक भूमि खरीदी थी, जिस पर छह दुकानें निर्मित कर चुके हैं। आरोप है कि सातवीं दुकान के निर्माण के दौरान कुछ लोगों ने उक्त भूमि पर माता की मूर्ति स्थापित करने और मंदिर निर्माण के नाम पर कब्जा करने का प्रयास शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि भूमि उनके स्वामित्व की है तथा उससे संबंधित सभी दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि विरोध करने पर उन्हें धमकियां दी गईं और दुकान निर्माण कार्य में बाधा पहुंचाई गई। बुजुर्ग ने प्रशासन से भूमि की जांच कराकर निर्माण कार्य सुचारू रूप से कराने तथा अवैध कब्जे के प्रयास को रोकने की मांग की है।
उपजिलाधिकारी कार्यालय में प्रार्थना पत्र प्राप्त होने के बाद मामले को संबंधित अधिकारियों को जांच के लिए भेजे जाने की चर्चा है। फिलहाल प्रशासनिक जांच के बाद ही आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी। मौके पर पुलिस बल तैनात कर दी गई है।