10/03/2018
IND vs BAN T20: शिखर धवन ने जमाया लगातार दूसरा अर्धशतक, टीम इंडिया 6 विकेट से जीती
शिखर धवन की बेहतरीन अर्धशतकीय पारी (55 रन, 43गेंद, पांच चौके और दो छक्के) की बदौलत निधास ट्रॉफी त्रिकोणीय टी20 सीरीज के अपने दूसरे मैच में भारतीय टीम ने आज यहां बांग्लादेश को 6 विकेट से हरा दिया.
खास बातें
बैटिंग करते हुए 8 विकेट पर 139 रन ही बना पाया बांग्लादेश
जयदेव उनादकट ने तीन और विजय शंकर ने दो विकेट लिए
धवन ने बनाए 55 रन, भारत ने लक्ष्य 4 विकेट खोकर हासिल किया
कोलंबो: शिखर धवन की बेहतरीन अर्धशतकीय पारी (55 रन, 43 गेंद, पांच चौके और दो छक्के) की बदौलत भारतीय टीम ने निधास ट्रॉफी त्रिकोणीय टी20 सीरीज के अपने दूसरे मैच में आज यहां बांग्लादेश को 6 विकेट से हरा दिया. गेंदबाजी और बल्लेबाजी, दोनों ही क्षेत्रों में रोहित शर्मा की टीम, बांग्लादेश पर भारी पड़ी. टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए भारतीय टीम ने बांग्लादेश के बल्लेबाजों को निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 139 रन तक ही सीमित रखा. जयदेव उनादकट ने तीन और विजय शंकर ने दो विकेट लिए. जवाब में टीम इंडिया ने जीत के लिए जरूरी 140 रनों का लक्ष्य 18.4 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया. धवन के अलावा सुरेश रैना ने भी 28 रन की पारी खेली. मनीष पांडे 27 और दिनेश कार्तिक दो रन बनाकर नाबाद रहे. धवन का यह प्रतियोगिता में लगातार दूसरा अर्धशतक और भारत की यह बांग्लादेश के खिलाफ लगातार छठी टी20 जीत है. इस जीत के बावजूद युवा खिलाड़ियों वाली भारतीय टीम के खेल में अभी सुधार की अभी भी पर्याप्त गुंजाइश है. भारतीय गेंदबाजों ने आज काफी वाइड गेंद फेंकीं जबकि क्षेत्ररक्षकों ने करीब आधा दर्जन कैच छोड़े. भारत के लिए मैच में दो विकेट लेने वाले विजय शंकर मैन ऑफ द मैच रहे.