30/04/2025
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने खोला होडल क्षेत्र के विकास का पिटारा..
मुख्यमंत्री बोलेे- होडल क्षेत्र की सभी सडक़ों की बदलेगी सूरत, तालाबों के जीर्णोद्धार व डीएचबीवीएन के कार्यालयों के नए भवनों के निर्मोण की भी घोषणा
मुख्यमंत्री सैनी ने होडल वासियो को दिलाया विश्वास- हम होडल को एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाएंगे। शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे, रोजगार के क्षेत्र में विशेष पहल करते हुए, हम होडल को आगे बढ़ाएंगे।
देशपाल सौरोत की रिपोर्ट
पलवल,30 अप्रैल। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अक्षय तृतीया के अवसर पर पलवल जिला के होडल विधानसभा क्षेत्र के लिए विकास परियोजनाओं का पिटारा खोल दिया। होडल के विधायक हरेन्द्र रामरतन की मांग पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लिए विकास की अनेकों परियोजनाओं की सौगात दी। होडल विधानसभा क्षेत्र के लिए 10 करोड़ रुपए की लागत की 3 परियोजनाओं का उद्घाटन किया। साथ ही, मुख्यमंत्री ने होडल विधानसभा क्षेत्र के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए 5-5 करोड़ रुपए, डीएचबीवीएन के होडल में कार्यालय भवन के लिए 3.54 करोड़ रुपए व हसनपुर में 1.95 करोड़ रुपए, मीरपुर कोराली, पेंगलतु व सीहा में सब हेल्थ सेंटर, सीहा में फसल खरीद केंद्र, होडल में पुन्हाना मोड़ तक ड्रेन के लिए 1.50 करोड़, हसनपुर में उप तहसील को तहसील का दर्जा, विभिन्न तालाबों का पुनरुद्धार तथा क्षेत्र की सभी सडक़ों की मरम्मत और सुधार करने की घोषणा की। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर द्वारा गांव खाम्बी में लड़कियों के लिए कॉलेज खोलने तथा विधायक हरिन्द्र सिंह द्वारा गांव बंचारी में पॉलिटेक्निक खोलने की मांगों का अध्ययन करवाने की बात भी कही। मुख्यमंत्री सैनी बुधवार को पलवल जिले के होडल स्थित अनाज मंडी में भाजपा विधायक हरेन्द्र रामरतन द्वारा आयोजित विशाल बृज विकास रैली में उपस्थित विशाल जनसैलाब को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर विधायक हरेन्द्र रामरतन द्वारा मुख्यमंत्री नायब सैनी व केन्द्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर सहित विशिष्ट अतिथियों का पगडी बांधकर और स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया। वहीं इस दौरान विभिन्न सामाजिक धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उनका अभिनंदन किया।
कौन-कौन नेता रहे रैली में मौजूद
रैली की अध्यक्षता केन्द्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने की जबकि खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम, बल्लभगढ़ के विधायक मूलचंद शर्मा, एनआईटी विधायक सतीश फागना, बाबल विधायक डॉ. कृष्ण कुमार, पलवल के पूर्व विधायक एवं मुख्यमंत्री के पूर्व राजनैतिक सलाहकार दीपक मंगला, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पुनिया, पूर्व मंत्री हर्ष कुमार व सुभाष कत्याल, पूर्व विधायक रामरतन व प्रवीण डागर, भाजपा जिलाध्यक्ष विपिन बैंसला, पूर्व जिलाध्यक्ष जवाहर सिंह सौरोत व चरण सिंह तेवतिया, नगर परिषद होडल की चेयरपर्सन इंद्रेश शीशपाल कड्डन, केन्द्रीय राज्यमंत्री के ओएसडी किरण पाल खटाना, नगर परिषद पलवल चेयरमैन डॉ. यशपाल, जिला मीडिया प्रभारी ईश्वर सिंह सहित अनेकों भाजपा नेता मुख्यरूप से मौजूद थे।
होडल में आकर मैं स्वयं को गौरवान्वित अनुभव कर रहा हूं: नायब सैनी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज अक्षय तृतीया के शुभ और पुण्य पर्व पर आप सबके बीच आकर मन अत्यंत प्रसन्न है। उन्होंने इस पावन पर्व की सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। बृज भूमि होडल में आकर मैं स्वयं को गौरवान्वित अनुभव कर रहा हूं। होडल का नाम जब भी लिया जाता है, हमारे मन में एक ऐसा चित्र उभरता है, जहां की मिट्टी में मेहनत, वीरता की गाथाएं और संस्कारों की खुशबू विद्यमान है। यह वही वीर भूमि है, जहां महारानी किशोरी जैसी वीरांगना ने जन्म लिया। महारानी किशोरी जी की वीरता, त्याग और सेवा भावना हम सबके लिए प्रेरणा का स्रोत है। यह क्षेत्र उस सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर का भाग है, जिसने महाभारत के युद्ध और कथाओं को आकार दिया। उन्होंने कहा कि इस जनसभा का उद्देश्य आप सबसे सीधे संवाद करना, आपकी आकांक्षाओं को जानना और आपसे मिलकर एक नए हरियाणा का सपना देखना और उसे साकार करना। इस क्षेत्र को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाना हमारी प्राथमिकता थी, है और प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने विश्वास दिलाया कि यह सरकार आपकी सरकार है। हमारा एकमात्र उद्देश्य ‘हर क्षेत्र का विकास, हर नागरिक का उत्थान’ है। हम होडल को एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाएंगे। शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे, रोजगार के क्षेत्र में विशेष पहल करते हुए, हम होडल को आगे बढ़ाएंगे।
इन परियोजनाओं का किया उदघाटन
मुख्यमंत्री ने बृज विकास रैली में होडल विधानसभा क्षेत्र में लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत की 3 परियोजनाओं के उद्घाटन किए। इनमें 5 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से नगर परिषद भवन, 2 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से उप-तहसील भवन का निर्माण तथा 1 करोड़ 46 लाख रुपये की लागत से रामगढ़ गांव में खेल स्टेडियम का निर्माण शामिल है।
होडल विधानसभा क्षेत्र के विकास पर 700 करोड़ रुपए हुए खर्च
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पिछले दो कार्यकालों में हमारी सरकार ने होडल क्षेत्र में लगभग 700 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्य करवाए हैं। जबकि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में 236 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए गए। उन्होंने होडल के विकास से जुड़ी उपलब्धियों के बारे में बताते हुए कहा कि टाउन में जलापूर्ति बढ़ाने के लिए बूस्टिंग स्टेशन का निर्माण और पाइप लाइन बिछाने का कार्य 12 करोड़ रुपये की लागत से किया गया। होडल शहर में बरसाती पानी की निकासी के लिए 6 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से ड्रेन का निर्माण किया गया। जलापूर्ति योजना, पेंगतलू का निर्माण 8 करोड़ 24 लाख रुपये की लागत से किया गया है। नई अनाज मंडी, होडल का विकास 8 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से किया गया है। बंचारी में 66 के.वी. सब-स्टेशन की स्थापना 7 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से की गई। होडल के सती सरोवर का नवीनीकरण 6 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है।
विकास परियोजनाओं से बदली पलवल की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने पलवल जिला के विकास से जुड़ी प्रमुख योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि अपने पिछले दो कार्यकालों में जिला पलवल को विकसित करने के लिए कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य 2,345 करोड़ रुपए की लागत से पूरा किया गया है। वेस्टर्न डेडिकेटिड फ्रेट कॉरीडोर के रेवाड़ी-मदार सेक्शन का निर्माण जारी है। इसी तरह कुंडली-सोनीपत और सोहना-मानेसर के लिए 5,618 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से ‘हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर‘ निर्माणाधीन है। प्रदेश में युवाओं के कौशल विकास के लिए दुधौला में श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय स्थापित किया गया है। पलवल-हसनपुर वाया कुशक सडक़ को चौड़ा व मजबूत करने का कार्य 23 करोड़ 49 लाख रुपए की लागत से किया गया है। वहीं पलवल शुगर मिल की पिराई क्षमता 12 करोड़ रुपये की लागत से बढ़ाई गई।
मोदी-सैनी के नेतृत्व में हो रहा हर क्षेत्र का विकास : कृष्णपाल गुर्जर
केन्द्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने फरीदाबाद-पलवल संसदीय क्षेत्र में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की सादगी, मिलनसारिता व जनता से जुडाव ने प्रदेश की राजनीति को निर्मल कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में हर क्षेत्र में लगातार विकास हो रहा है। बीते एक दशक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र व हरियाणा की सरकारों के कार्यकाल को हर क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति का कालखंड बताया। उन्होंने विधायक हरेन्द्र रामरतन को सही मायनों में जनसेवक बताते हुढ विकास परख नेता की संज्ञा दी। उन्होंने कहा कि वह इस क्षेत्र के विकास और सम्मान में कोई कमी नहीं आने देंंगे।
रैली आयोजक विधायक हरेन्द्र ने जताया आभार
वहीं होडल के विधायक एवं रैली के संयोजक हरेन्द्र रामरतन ने अपने संबोधन में रैली की सफलता पर जहां क्षेत्र की जनता का आभार जताया वहीं मुख्यमंत्री नायब सैनी व केन्द्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर से होडल क्षेत्र के समुचित विकास के लिए आर्शीवाद बनाए रखने की अपील की। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए की गई घोषणाओं का भी आभार व्यक्त किया और पूर्व में विधानसभा क्षेत्र की सडक़ों के विकास के लिए 84 करोड़ रुपए, पीने के पानी की योजना व नगर परिषद क्षेत्र के विकास के लिए करोड़ों रुपए की योजनाओं को स्वीकृति देने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने क्षेत्र के विकास से जुड़ी विभिन्न मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी।