7 Dayz News

7 Dayz News news

06/08/2026
06/08/2026

पुलिस कमिश्नर की अध्यक्षता में हुई क्राइम मीटिंग,तय हुआ पूरा रोडमैप*

*प्रत्येक थाना क्षेत्र में 100 नये सीसीटीवी कैमरे लगेंगे, अपराध नियंत्रण रहेगी प्राथमिकता*

*अकेले रह रहे वरिष्ठ नागरिकों और घरेलू सहायकों का सत्यापन पूरा करने के लिए टीमों को दिया 1 सप्ताह का अल्टीमेटम*

पंचकूला/कमल कलसी
अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी, तकनीकी रूप से सक्षम तथा जनसहभागिता आधारित बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन की अध्यक्षता में आज पंचकूला पुलिस लाइन स्थित जीओ मैस में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों एवं विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों की क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम, कांवड़ यात्रा सुरक्षा तथा लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे अपनी टीम के साथ व्यक्तिगत रूप से अपने-अपने थाना क्षेत्र में ऐसे 100 महत्वपूर्ण स्थान चिन्हित करें, जहां सीसीटीवी कैमरों की मदद से अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके तथा अपराधों की रोकथाम और आरोपियों की शीघ्र पहचान सुनिश्चित हो सके।
बैठक में सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अकेले रह रहे वरिष्ठ नागरिकों के शेष सत्यापन को एक सप्ताह के भीतर पूरा करने का अल्टीमेटम दिया गया। साथ ही उनके अधीन कार्यरत घरेलू सहायकों का भी सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस टीम नियमित रूप से वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात कर उन्हें साइबर अपराधों, फर्जी डिलीवरी बॉय, अज्ञात व्यक्तियों एवं अन्य संभावित अपराधों के प्रति जागरूक करेगी तथा उनके क्षेत्रों में गश्त भी बढ़ाई जाएगी।

बैठक के दौरान अपराध के आंकड़ों की समीक्षा करते हुए बताया गया कि पिछले वर्ष के पहले सात महीनों की तुलना में वाहन चोरी में 24 प्रतिशत, चोरी में 51 प्रतिशत, स्नैचिंग में 26 प्रतिशत, घरों में चोरी में 37.6 प्रतिशत तथा महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में 24 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। पुलिस कमिश्नर ने इन उपलब्धियों को और बेहतर बनाने के लिए प्रभावी रणनीति अपनाने तथा लंबित मामलों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
उन्होंने फील्ड में तैनात राइडर, ईआरवी, पीसीआर एवं क्यूआरटी टीमों को हर परिस्थिति में सतर्क रहने तथा सभी नाकों पर पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। साथ ही महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा पीड़िताओं को शीघ्र न्याय दिलाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी पीड़िता को अनावश्यक रूप से थानों के चक्कर न लगाने पड़ें।
साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौतियों को देखते हुए पुलिस कमिश्नर ने साइबर सेल, साइबर क्राइम थाना एवं तकनीकी कार्य से जुड़े अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित करने तथा उन्हें आधुनिक टूल्स एवं सॉफ्टवेयर के माध्यम से तकनीकी रूप से और अधिक दक्ष बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में कांवड़ यात्रा के मद्देनजर सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की दुर्घटना या हिंसात्मक गतिविधि को रोकने के लिए प्रभावी समन्वय के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त एंटी बैगिंग ड्राइव की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा करते हुए अभियान की नियमित मॉनिटरिंग जारी रखने के निर्देश भी दिए गए।
गन कल्चर, रंगदारी एवं डिजिटल अरेस्ट जैसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से शुरू की गई अभेद्य ऐप का अधिक से अधिक उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की योग्यता और अनुभव के अनुसार तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि उपलब्ध पुलिस बल का अधिकतम प्रभावी उपयोग किया जा सके।
पुलिस कमिश्नर ने आमजन से भी अपील करते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति किसी आपराधिक घटना या असामाजिक तत्वों की सूचना पुलिस को देता है तो उसकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी तथा उत्कृष्ट सूचना देने वालों उनके द्वारा पुरस्कृत भी किया जाएगा।
बैठक के अंत में पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने अधिकारियों से कहा कि पुलिस को जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना है। आपको जनसेवा का अवसर मिला है, इसे अपनी जिम्मेदारी समझकर पूरी ईमानदारी, आत्मविश्वास और समर्पण के साथ निभाइए तथा अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनता का विश्वास और मजबूत कीजिए। भ्रष्टाचार व आमजन से दुर्व्यवहार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नही होगा।
बैठक में डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह, डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह, सभी एसीपी, थाना प्रभारी, चौकी इंचार्ज, क्राइम यूनिटों के प्रभारी, दोनों ट्रैफिक थाना प्रभारियों तथा विभिन्न महत्वपूर्ण शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे।

05/08/2026

*पुलिस उपायुक्त अदिति सिंह ने कार्यालय की सभी शाखाओं का किया बारीकी से निरीक्षण*
*रिकॉर्ड, कार्यप्रणाली और कार्यालय व्यवस्था की गहन समीक्षा*

*पारदर्शी, जवाबदेह व तकनीकी तौर पर सक्षम पुलिसिंग के लिए दिए सुधारात्मक दिशा-निर्देश*

पंचकूला/कमल कलसी
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के निर्देशन में पंचकूला पुलिस प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह ने आज पुलिस उपायुक्त कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का बारीकी से निरीक्षण कर कार्यालयी कार्यों, रिकॉर्ड प्रबंधन तथा कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का गहनता से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीसीपी अदिति सिंह ने सभी शाखा प्रभारियों एवं अधीनस्थ कर्मचारियों के कार्यकाल की अवधि, शाखाओं में रखे गए इलेक्ट्रॉनिक एवं कागजी दस्तावेजों, रिकॉर्ड के रखरखाव तथा विभिन्न शाखाओं के आंकड़ों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने रिकॉर्ड को अपडेट रखने, कार्यालयी कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने तथा समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से कार्य सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सुधारात्मक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही शाखाओं के दैनिक कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्य के दौरान आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान पर भी चर्चा की।
डीसीपी ने कार्यालय की आवश्यकताओं तथा पुलिस कार्यप्रणाली को आधुनिक और अधिक प्रभावी बनाने में सहायक तकनीकी उपकरणों एवं संसाधनों की जानकारी भी ली, ताकि भविष्य में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए कार्यक्षमता और जनसेवा की गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान डीसीपी ने कार्यालय में आने वाले नागरिकों के बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया और उन्हें बेहतर बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
डीसीपी अदिति सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी कर्मचारी निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित रहकर अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन सुनिश्चित करें।

05/08/2026

चंडीगढ़ से उत्तराखंड ले जाई जा रही अवैध अंग्रेजी शराब से भरी पकड़ी पिकअप*
*अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 25 पेटी बरामद,अदालत से 3 दिन का मिला पुलिस रिमांड*

पंचकूला/कमल कलसी
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में पंचकूला पुलिस द्वारा अवैध शराब तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत क्राइम ब्रांच-1 की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ से उत्तराखंड में अवैध शराब की सप्लाई करने वाले एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब और तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन बरामद कर जब्त किया है।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार, क्राइम ब्रांच-1 की टीम को गुप्त सूचना मिली कि एक महिंद्रा पिकअप वाहन में चंडीगढ़ से अवैध अंग्रेजी शराब लोड कर उत्तराखंड की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर इंचार्ज विजय की अगुवाई में पुलिस टीम ने सेक्टर-23/24 के बीच पुराने डंपिंग ग्राउंड के समीप नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
वाहन चालक ने अपनी पहचान अनुराग उर्फ नीला पुत्र मनोज कुमार निवासी जिला हरिद्वार (उत्तराखंड), उम्र 21 वर्ष के रूप में बताई। वाहन की तलाशी लेने पर काली तिरपाल के नीचे छिपाकर रखी गई इम्पीरियल ब्लू ब्रांड की 25 पेटियां अंग्रेजी शराब बरामद हुईं।
इस संबंध में थाना चंडीमंदिर में हरियाणा आबकारी (संशोधन) अधिनियम की धारा 61(1)(a) के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।
आरोपी को आज अदालत में पेश किया गया, जहां से पूछताछ एवं तस्करी के नेटवर्क का खुलासा करने के उद्देश्य से उसका 3 दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध शराब की खेप कहां से लाई गई थी तथा इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

05/08/2026

*खेल राज्य मंत्री ने किया गुरु रविदास प्रथम नॉर्थ ज़ोन गर्ल्स वॉलीबॉल टूर्नामेंट की ट्रॉफी का अनावरण*

*महिला खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच, विजेता टीम को ₹31 हजार का नकद पुरस्कार*

पंचकूला/कमल कलसी
हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने आज पंचकूला में गुरु रविदास प्रथम नॉर्थ ज़ोन गर्ल्स वॉलीबॉल कैश प्राइज टूर्नामेंट की ट्रॉफी का अनावरण किया।
हरियाणा स्पोर्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन (रजिस्टर्ड) द्वारा 18 अगस्त को टीडीएल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, इंटरनेशनल इंडोर वॉलीबॉल कोर्ट्स, पंचकूला (हरियाणा) में गुरु रविदास प्रथम नॉर्थ ज़ोन गर्ल्स वॉलीबॉल कैश प्राइज टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं हरियाणा स्पोर्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन (रजिस्टर्ड) की चेयरपर्सन श्रीमती लतिका शर्मा भी उपस्थित रहीं।
एसोसिएशन की चेयरपर्सन श्रीमती लतिका शर्मा एवं संस्थापक महासचिव अमरजीत कुमार ने बताया कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की स्मृति में पहली बार इस नॉर्थ ज़ोन गर्ल्स वॉलीबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतिष्ठित कैश प्राइज टूर्नामेंट में 8 महिला वॉलीबॉल टीमें भाग लेंगी।

उन्होंने बताया कि विजेता टीम को ₹31,000 की नकद पुरस्कार राशि एवं ट्रॉफी, उपविजेता टीम को ₹21,000 की नकद पुरस्कार राशि एवं ट्रॉफी तथा तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को ₹11,000 की नकद पुरस्कार राशि एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का प्रवेश शुल्क नहीं रखा गया है। साथ ही,18 अगस्त को टूर्नामेंट में भाग लेने वाली बाहरी टीमों के आने-जाने तथा भोजन की व्यवस्था एसोसिएशन द्वारा की जाएगी।
इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने हरियाणा स्पोर्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन क्रिकेट, वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा शहर के साथ-साथ ग्रामीण एवं पिछड़े क्षेत्रों के उभरते हुए लड़के-लड़कियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन पिछले 22 वर्षों से लगातार जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर तथा ट्राईसिटी क्षेत्र में लड़कों और लड़कियों के क्रिकेट एवं वॉलीबॉल को बड़े स्तर पर प्रोत्साहित कर रही है।
एसोसिएशन की चेयरपर्सन लतिका शर्मा और संस्थापक महासचिव अमरजीत कुमार ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य "बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ" की थीम के अंतर्गत "बेटी खिलाओ" अभियान को बढ़ावा देना तथा लड़कियों को खेलों के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।
टूर्नामेंट में भाग लेने वाली टीमों में कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी (कुरुक्षेत्र), एसएआई टीम धर्मशाला (हिमाचल प्रदेश), स्पोर्ट्स हॉस्टल जुब्बल (शिमला, हिमाचल प्रदेश), पंजाब यूनिवर्सिटी (चंडीगढ़), बीएसएफ पुलिस (दिल्ली), चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी (मोहाली), पंचकूला कोचिंग सेंटर तथा पंजाबी यूनिवर्सिटी (पटियाला) शामिल हैं।
इस अवसर पर हरियाणा के पूर्व भारतीय वॉलीबॉल टीम के कप्तान एवं भीम अवॉर्डी सूबे सिंह, पूर्व भारतीय वॉलीबॉल खिलाड़ी एवं भीम अवॉर्डी दिनेश सिंह, एसोसिएशन की उपाध्यक्ष रंजीता मेहता, पंचकूला के मेयर शाम लाल बंसल, हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, हरियाणा शिवालिक बोर्ड के कार्यकारी उपाध्यक्ष ओम प्रकाश देवीनगर, जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, गुरदेव चौधरी, अनिल आर्य,आशीष कुमार, सुशील कपूर, श्रीमती परमजीत कौर, वॉलीबॉल कोच सुभाष चंद, पंचकूला जिले की महिला वॉलीबॉल खिलाड़ी तथा डीएसओ पंचकूला भी उपस्थित रही।

04/08/2026

*बुजुर्ग महिला की हत्या मामले में घरेलु सहायिका समेत 3 आरोपी गिरफ्तार*

*घरेलू सहायिका पर चोरी के शक से शुरु हुआ विवाद बना हत्या की वजह*

*पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी वास्तविक कारणों की पुष्टि-अदिति सिंह*

पंचकूला/कमल कलसी
पंचकूला पुलिस ने एक बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले का मात्र 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस हत्या के साथ-साथ चोरी के एंगल से भी गहन जांच कर रही है।
डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह ने आज प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि 3 अगस्त को पंचकूला निवासी शिकायतकर्ता रिटायर्ड आर्मी कैप्टन मनमोहन लाल मेहता ने सेक्टर-21 चौकी में शिकायत दी कि उनकी पत्नी नीरा मेहता (72 वर्ष) अपनी घरेलू सहायिका पर घर से गहने चोरी होने के संदेह के चलते सेक्टर-21 स्थित उसके घर गई थीं, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटीं।
डीसीपी ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जहां मकान बाहर से बंद मिला। पुलिस ने पड़ोसी मकान की छत से देखा तो महिला का शव पड़ोसी के साथ लगते घर में दरी में लिपटा हुआ मिला। इसके तुरंत बाद फोरेंसिक टीम और सीन ऑफ क्राइम टीम को मौके पर बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए गए तथा आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई। इस संबंध में थाना सेक्टर-20 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 238(बी), 3(5) एवं 305 के तहत मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया मामलें में तेजी से कार्रवाई करते हुए सेक्टर-21 पुलिस चौकी टीम ने मुख्य आरोपी महिला सुनीता, उसके पति शंकर तथा बेटे राजा को घटना के 24 घंटे के भीतर पंचकूला से गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोरी के संदेह को लेकर हुए विवाद के दौरान धक्का-मुक्की में बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि होगी।
आरोपियों के अनुसार वे कई वर्षों से पंचकूला में रह रहे थे तथा आरोपी महिला का पति मजदूरी का कार्य करता है।
डीसीपी अदिति सिंह ने आगे बताया कि पुलिस इस मामले में चोरी के पहलू की भी गंभीरता से जांच कर रही है। तीनों आरोपियों को कल अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा। डीसीपी ने इस जघन्य मामले का त्वरित खुलासा करने वाली पुलिस टीम की सराहना करते हुए उनकी तत्परता की प्रशंसा की।
डीसीपी अदिति सिंह ने बताया कि कुछ समय पहले पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन द्वारा पंचकूला में अकेले रह रहे वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के लिए विशेष हेल्पलाइन नंबर 9115777026, जारी किया गया था, ताकि ऐसे बुजुर्ग अपने घरेलू सहायकों का पुलिस सत्यापन करवा सकें और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत पुलिस से संपर्क कर सकें।
उन्होंने एक बार फिर सभी वरिष्ठ नागरिकों से अपील की कि वे बेझिझक इस हेल्पलाइन, या अपने नजदीकी थाना अथवा चौकी प्रभारी से संपर्क करें तथा घरेलू सहायकों का सत्यापन अवश्य करवाएं। उन्होंने बताया कि इस मामले में संबंधित बुजुर्ग परिवार द्वारा पुलिस को अपने अकेले रहने की जानकारी नहीं दी गई थी। वर्तमान में पुलिस द्वारा जिला पंचकूला में 170 वरिष्ठ नागरिकों का सत्यापन किया जा चुका है और यह अभियान निरंतर जारी है।

03/08/2026

*नशे से पीड़ित लोग हेल्पलाइन नंबर 1933 पर दें सूचना, पुलिस करवाएगी मुफ्त इलाज*

*पुलिस ने पिंजौर में स्कूली छात्रों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति किया जागरूक*

पंचकूला/कमल कलसी
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में पंचकूला पुलिस नशा तस्करों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के साथ-साथ युवाओं और आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का अभियान भी लगातार चला रही है। इसी उद्देश्य से पुलिस की एंटी ड्रग जागरूकता टीम विद्यालयों और सामाजिक कार्यक्रमों में पहुंचकर लोगों को नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित कर रही है।
इसी क्रम में सेंट विवेकानंद मिलेनियम विद्यालय, एचएमटी टाउनशिप, पिंजौर में विवेकानंद छात्र उत्थान मंच द्वारा आयोजित 17वें मानव कल्याण शिविर में पंचकूला पुलिस के एंटी ड्रग जागरूकता कार्यक्रम के दौरान टीम प्रभारी सब इंस्पेक्टर सतीश ने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं उपस्थित लोगों को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए युवाओं से नशे से दूर रहकर अपने भविष्य को सुरक्षित बनाने का आह्वान किया।
डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह ने बताया कि पुलिस की लड़ाई नशा तस्करों से है, जबकि नशे से पीड़ित लोगों के प्रति पुलिस संवेदनशील है। यदि कोई व्यक्ति नशे की समस्या से जूझ रहा है तो वह पंचकूला पुलिस की ड्रग सूचना हेल्पलाइन 7087081100, 7087081048 तथा मानस हेल्पलाइन 1933 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकता है।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि हमारा उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से बचाकर स्वस्थ, शिक्षित और सुरक्षित समाज का निर्माण करना है। नशा पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है, इसलिए जनजागरूकता भी हमारी प्राथमिकताओं में शामिल है।

03/08/2026

*“भारत-भारती” द्वारा राष्ट्रीय एकात्मता एवं ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ संकल्प को सशक्त करने हेतु कार्यक्रम हुआ आयोजित*

जीरकपुर/कमल कलसी
चंडीगढ़ के सूर्य महल में “भारत-भारती” संगठन की महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें राष्ट्रीय एकात्मता, सामाजिक सौहार्द एवं “एक भारत-श्रेष्ठ भारत” के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करने पर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय संगठन मंत्री विवेकानंद दीक्षित ने कहा कि भारत अपनी विविधताओं—भाषा, वेशभूषा, खान-पान, संस्कृति एवं परंपराओं—के बावजूद एकता के अद्भुत सूत्र में बंधा हुआ है। “विविधता में एकता” की यह भावना ही भारत की सबसे बड़ी शक्ति है, जिसे सशक्त बनाए रखने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलना आवश्यक है।
क्षेत्रीय प्रभारी रोशन लाल अग्रवाल ने कहा “भारत-भारती” संगठन राष्ट्रीय एकात्मता को समर्पित संगठन है। इसी उद्देश्य के साथ देशभर में कार्य कर रहा है।
मुख्यवक्ता विनय पत्राले राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष जी गीत और कहानियों द्वारा राष्ट्रीय एकात्मता को सुदृढ़ करने के उपाय और महत्व को समझाया। जहाँ विभिन्न प्रांतों, भाषाओं एवं संस्कृतियों से जुड़े लोगों के बीच आपसी स्नेह,भाईचारा एवं मैत्रीभाव को बढ़ावा दिया जा रहा है।
संगठन द्वारा शिक्षा, सामाजिक सहयोग, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण एवं आपातकालीन सहायता जैसे अनेक जनहितकारी कार्य निरंतर किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में चंडीगढ़ में रहने वाले पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश उत्तराखंड उत्तर प्रदेश बंगाल बिहार राजस्थान उड़ीसा मध्य प्रदेश के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए और राष्ट्रीय एकात्मता के लिए संकल्प लिया।
कार्यक्रम में यह भी निर्णय लिया गया कि भविष्य में राष्ट्रीय एकता को और मजबूत करने हेतु विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, रक्षा बंधन इसमें एक प्रदेश की पहले दूसरे प्रदेश की भाइयों को रक्षा सूत्र बांधकर राष्ट्रीय एकात्मता को सुदृढ़ करेंगे “भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल” के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने तथा “वंदे मातरम्” जैसे राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत अभियानों को व्यापक रूप देने की योजना बनाई गई। साथ ही संगठन के विस्तार एवं अधिकाधिक युवाओं को जोड़ने का संकल्प भी लिया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी सदस्यों ने यह संकल्प दोहराया कि वे देश की सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रीय एकात्मता की भावना को आगे बढ़ाने हेतु निरंतर कार्य करते रहेंगे।
अंत में “भारत-भारती” द्वारा देश के सभी युवाओं से आह्वान किया गया कि वे राष्ट्रीय एकता, भाईचारे एवं मानवता के इस अभियान से जुड़कर “एक भारत-श्रेष्ठ भारत” के निर्माण में अपना योगदान दें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुऐ कार्यक्रम में मुख्य रूप से टोनी राणा दिनेश सिंह मुकेश गांधी सहित अनेक गणमान्य सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भारत-भारती संगठन M,C: भारद्वाज द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया इस मौके पर मुकेश गांधी, टोनी राणा, जितेंद्र ठाकुर, सुशील जिंदल और बहुत से राष्ट्रवादी व्यक्ति पहुंचे हुए थे जिन्होंने विपच टोटाल्या रोशन लाल अग्रवाल विवेकानंद दीक्षित जी का विशेष सम्मान किया वल्लभ भाई पटेल की जिंदगी से जुड़े बहुत से रहस्य बताते हुए ऐसे महापुरुष को नमन किया।

Address

Panchkula
ALL

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when 7 Dayz News posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Shortcuts

Share