BOL Panipat 24

BOL Panipat 24 visit website
www.bolpanipat.com subscribe our youtube channel BOL PANIPAT 24
Thanks

हरियाणा को जल्द ही एक प्रमुख आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस हब के रूप में विकसित किया जाएगा : आरती सिंह राव - राज्य सरकार पारदर्...
07/09/2026

हरियाणा को जल्द ही एक प्रमुख आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस हब के रूप में विकसित किया जाएगा : आरती सिंह राव



- राज्य सरकार पारदर्शी, त्वरित और जवाबदेह शासन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध



हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश को डिजिटल रूप से सशक्त और अत्याधुनिक तकनीक से लैस करने के लिए निरंतर ऐतिहासिक कदम उठा रही है। हरियाणा को जल्द ही एक प्रमुख आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) हब के रूप में विकसित किया जाएगा।



स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि प्रदेश में ई-गवर्नेस और अंतिम व्यक्ति तक सुविधाओं की पहुंच को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से वर्तमान में 25,201 अटल सेवा केंद्र पंजीकृत किए जा चुके हैं, जिनमें से 17,085 ग्रामीण और 8,116 शहरी क्षेत्रों में सफलतापूर्वक कार्यरत हैं। इसके साथ ही, अंत्योदय सरल पोर्टल के माध्यम से 75 विभागों, बोर्डों और निगमों की 946 ऑनलाइन सेवाएं तथा योजनाएं आम जनता को घर बैठे उपलब्ध कराई जा रही हैं।



उन्होंने बताया कि डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ते हुए हरियाणा, केंद्र सरकार की डिजी लॉकर सेवा को अपनाने में देश का अग्रणी राज्य बन चुका है, जहां वर्तमान में 228 प्रकार के दस्तावेज़ और प्रमाण-पत्र डिजिटल सत्यापन के लिए आसानी से उपलब्ध हैं।



आरती सिंह राव ने बताया कि जन-साधारण को पारदर्शी सेवाएं देने के लिए लोकायुक्त पोर्टल का संचालन किया जा रहा है और राज्य के सभी जिलों की समर्पित आधिकारिक वेबसाइट्स तैयार कर ली गई हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी मजबूत करने हेतु ग्राम पंचायतों में 8,468 वाई-फाई हॉट स्पॉट लगाए जा चुके हैं, वहीं प्रशासनिक कार्यों में गतिशीलता लाने के लिए प्रदेश के 44 विभागों और सभी जिलों में 'ई-ऑफिस' के जरिए कामकाज पूरा किया जा रहा है।



जन-समस्याओं के त्वरित समाधान को सरकार की शीर्ष प्राथमिकता बताते हुए स्वाथ्य मंत्री ने साझा किया कि हर जिला मुख्यालय पर 'सीएम विंडो' की शुरुआत की गई है, जिसके माध्यम से 31 अगस्त, 2026 तक 15.32 लाख से भी अधिक शिकायतों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया जा चुका है। सोशल मीडिया पर प्राप्त शिकायतों और उनके निवारण पर निगरानी रखने के लिए सरकार ने एक नया इन-हाउस सिस्टम 'सोशल मीडिया ग्रीवेंस ट्रैकर' भी विकसित किया है।



उन्होंने आगे बताया कि उक्त उपलब्धियों के अलावा, नागरिक अधिकारों की रक्षा करते हुए व्यवस्था बनाई गई है कि यदि किसी आवेदक को निर्धारित समय में सेवा प्राप्त नहीं होती है, तो उसका आवेदन स्वतः ही अपीलेट अथॉरिटी के पास चला जाता है। उन्होंने दोहराया कि हरियाणा सरकार इन तमाम डिजिटल पहलों के जरिए प्रदेश में पारदर्शी, त्वरित और जवाबदेह शासन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

हरियाणा सरकार ने सफाई कर्मचारियों को दीर्घकालिक जॉब सिक्योरिटी, सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक स्थिरता प्रदान करने की व्यापक ...
06/09/2026

हरियाणा सरकार ने सफाई कर्मचारियों को दीर्घकालिक जॉब सिक्योरिटी, सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक स्थिरता प्रदान करने की व्यापक पहल की



सफाई कर्मचारियों के हितों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता



हरियाणा सरकार ने नगर निकायों में पालिका रोल पर कार्यरत सफाई कर्मचारियों को जॉब सिक्योरिटी, नियमित वेतनवृद्धि और अन्य सुविधाओं के माध्यम से बेहतर सामाजिक-आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इन कर्मचारियों को हरियाणा संविदात्मक कर्मचारी (सेवा की सुरक्षा) अधिनियम, 2024 के दायरे में लाने के लिए सैद्धांतिक सहमति प्रदान कर दी है, ताकि उन्हें नियमित कर्मचारियों के लगभग समान लाभ उपलब्ध करवाए जा सकें।



वर्तमान में प्रदेश के नगर निकायों में 13,093 पालिका रोल पर सफाई कर्मचारी कार्यरत हैं। इन कर्मचारियों को वर्तमान में 20,590 रुपये मासिक राशि दी जा रही है। सरकार द्वारा अधिनियम के दायरे में लाने के फैसले से इन कर्मचारियों के भविष्य को अधिक सुरक्षित और सम्मानजनक बनाने का मार्ग प्रशस्त होगा। सरकार की पहल से पालिका रोल के सफाई कर्मचारियों की 60 वर्ष की आयु तक सेवा की सुरक्षा (जॉब सिक्योरिटी) सुनिश्चित हो सकेगी। इसके साथ ही उन्हें 2,000 रुपये प्रतिमाह जोखिम भत्ता भी मिलेगा। सफाई कर्मचारियों के कार्य की प्रकृति और उनके द्वारा प्रतिदिन किए जाने वाले महत्वपूर्ण कार्य को देखते हुए यह कदम उनके प्रति सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है।



सरकार ने अधिनियम के तहत मिलने वाले लाभों से आगे भी बढ़ाया कदम:



सरकार ने कर्मचारियों के हित में एक और सैद्धांतिक निर्णय लेते हुए अधिनियम के तहत मिलने वाली पात्रता के अतिरिक्त मासिक वेतन में 15 प्रतिशत अधिक राशि देने पर भी सैद्धांतिक सहमति व्यक्त की है। इससे पालिका रोल पर लंबे समय से सेवाएं दे रहे सफाई कर्मचारियों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा। पालिका रोल पर 10 वर्षों से अधिक समय से कार्यरत सफाई कर्मचारियों की मासिक देय राशि बढ़कर 25,560 रुपये हो जाएगी। इसके अलावा सरकार हर छह महीने बाद महंगाई भत्ता बढ़ाने पर सैद्धांतिक रूप से सहमत है।



सामाजिक सुरक्षा के साथ सम्मानजनक भविष्य की गारंटी:



हरियाणा संविदात्मक कर्मचारी अधिनियम, 2024 के तहत पात्र कर्मचारियों को वार्षिक महंगाई भत्ता, डेथ-कम-ग्रेच्युटी, मातृत्व अवकाश, हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएनएल) के तहत एक्स-ग्रेशिया वित्तीय सहायता तथा नियुक्ति से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। सरकार ने कर्मचारियों के लिए ग्रेच्युटी का लाभ सुनिश्चित करने की दिशा में भी कदम बढ़ाया है। इस प्रकार सरकार की यह पहल केवल वेतन बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि सफाई कर्मचारियों को दीर्घकालिक नौकरी की सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक स्थिरता प्रदान करने की व्यापक पहल है।



सफाई कर्मचारियों के योगदान को सम्मान:



सफाई कर्मचारी शहरों को स्वच्छ और स्वस्थ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वे प्रतिकूल परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपनी सेवाएं देते हैं। ऐसे में सरकार का दायित्व है कि उनके हितों की रक्षा की जाए और उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। पालिका रोल के सफाई कर्मचारियों को नौकरी की सुरक्षा, बेहतर वेतन और सामाजिक सुरक्षा लाभ प्रदान करने का यह सैद्धांतिक निर्णय इसी प्रतिबद्धता का हिस्सा है।

06/09/2026

पानीपत
नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक मेघा भूषण ने संभाला पदभार

पुलिस महानिरीक्षक करनाल मंडल (आईजी) श्री अशोक कुमार आईपीएस पहुंचे पानीपतपुलिस लाइन स्थित ज्यूडिशियल मालखाना में रखी एनडी...
03/09/2026

पुलिस महानिरीक्षक करनाल मंडल (आईजी) श्री अशोक कुमार आईपीएस पहुंचे पानीपत

पुलिस लाइन स्थित ज्यूडिशियल मालखाना में रखी एनडीपीएस एक्ट मामलों में बरामद केस प्रॉपर्टी चेक करने उपरांत की गई सील

पुलिस महानिरीक्षक करनाल मंडल अशोक कुमार आईपीएस वीरवार को पानीपत पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के साथ पुलिस लाइन स्थित ज्यूडिशियल मालखाना का निरीक्षण किया। इस दौरान एनडीपीएस एक्ट के मामलों में बरामद केस प्रॉपर्टी की बारीकी से जांच की। केस प्रॉपर्टी चेक करने उपरांत सील की गई।

पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने बताया कि पानीपत पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। एनडीपीएस एक्ट के 15 मामलों में बरामद गांजा, चरस, हेरोइन व स्मैक की केस प्रॉपर्टी को नियमानुसार नष्ट करने की प्रक्रिया चल रही है। जिसमें पुलिस महानिरीक्षक करनाल मडंल श्री अशोक कुमार द्वारा पुलिस लाइन स्थित जुडिशियल मालखाना की जांच की गई है। इस दौरान मालखाने में सुरक्षित रखे गए माल मुकदमें का रजिस्टर में अंकित मद अनुसार मिलान किया गया।
उन्होंने बताया कि उक्त 15 एनडीपीएस के मामले माननीय न्यायालय में विचाराधीन हैं। उक्त 15 मामलों के नमूने सुरक्षित रखने उपरांत शेष माल मुकदमा को नियमानुसार कार्रवाई दौरान आगामी दिनों में नष्ट किया जाएगा। उन्होंने बताया जांच प्रक्रिया उपरांत मुख्य मालखाना कक्ष के लॉक को आईजी श्री अशोक कुमार द्वारा सील किया गया।

पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने बताया कि उक्त नशे को ड्रग डिस्पोजल कमेटी द्वारा आगामी दिनों करनाल के गांव बजीदा जाटान स्थित वेस्टेज फैक्ट्री में शीघ्र ही नियमानुसार कार्रवाई अंतर्गत नष्ट किया जाना है।

इस दौरान एएसपी हर्षित गोयल आईपीएस, डीएसपी प्रणय कुमार, आईजी रीडर एसआई सुभाष, एसपी रीडर एसआई सुभाष, लाइन अफसर एसआई कुलदीप, मालखाना इंचार्ज एएसआई जावेद सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहें।

गांवों के विकास में नहीं चलेगी लापरवाही, अधिकारी कार्यों की प्रगति में और लाए तेजी: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ समालख...
03/09/2026

गांवों के विकास में नहीं चलेगी लापरवाही, अधिकारी कार्यों की प्रगति में और लाए तेजी: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ

समालखा के 27 गांवों के विकास की डीसी ने खींची तस्वीर, 9 बिंदुओं पर अधिकारियों को दिए तेजी से काम के निर्देश

फिरनी से लेकर तालाब और स्ट्रीट लाइट तक पर डीसी की नजर, गांवों के विकास कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश

गांवों के विकास को मिलेगी रफ्तार, उपायुक्त समीक्षा कर अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

पानीपत, 3 सितंबर। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने वीरवार को जिला सचिवालय सभागार में समालखा उपमंडल के 27 गांवों के सरपंचों, ग्राम सचिवों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ गांवों में विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। गांवों में मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ग्राम सचिवालय, फिरनी की सडक़ एवं नाले, शिवधाम, स्ट्रीट लाइट, तालाब, सीवरेज, स्कूल, लाइब्रेरी, पार्क एवं योगशाला जैसी सुविधाएं ग्रामीणों के दैनिक जीवन से सीधे जुड़ी हैं। इसलिए संबंधित अधिकारी और ग्राम पंचायतें आपसी समन्वय के साथ प्रत्येक कार्य की मौके पर निगरानी करें और निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूरा करवाना सुनिश्चित करें।

उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य केवल विकास कार्य करवाना नहीं, बल्कि गांवों में ऐसी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना है, जिनका स्थाई और सीधा लाभ ग्रामीणों को मिले। बैठक में गांवों के समग्र विकास के लिए निर्धारित 9 प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा करते हुए उपायुक्त ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त डॉ हरीश ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना प्रशासन की प्राथमिकता है। गांवों में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता के साथ-साथ उनकी प्रगति पर भी विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि लोगों को इनका लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों का मौका निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति की रिपोर्ट तैयार करें और जिन कार्यों में किसी प्रकार की कमी या देरी है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाया जाए।

बैठक में ग्राम सचिवालय, पार्क एवं योगशाला, शिवधाम व रास्ते, फिरनी की सडक़ एवं नाले, स्कूलों की स्थिति, स्ट्रीट लाइट, तालाब, सीवरेज तथा लाइब्रेरी से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों से प्रत्येक गांव में इन सुविधाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक सुधार कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उपायुक्त डॉ हरीश कुमार ने कहा कि गांवों के विकास में ग्राम पंचायतों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सरपंच और ग्राम सचिव आपसी समन्वय के साथ विकास कार्यों की नियमित निगरानी करें। संबंधित विभाग भी पंचायतों के साथ तालमेल बनाकर कार्यों को गति दें। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने विशेष रूप से गांवों की फिरनी, गलियों, नालियों, तालाबों और स्ट्रीट लाइटों की स्थिति पर ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूलों में आवश्यक सुविधाओं, ग्राम सचिवालयों, पुस्तकालयों तथा पार्क एवं व्यायामशालाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया। गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल द्वारा जिले की चयनित ग्राम पंचायतों में इन 9 विषयों पर विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की पहल की गई है। इसी कड़ी में समालखा खंड की 27 ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में सीईओ डॉ किरण, एसडीएम समालखा अमित कुमार, डीडीपीओ राजेश शर्मा , सांसद प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा,रोशन लाल महला के अलावा संबंधित विभागों के अधिकारी, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, पंचायत राज विभाग के अधिकारी, ग्राम सचिव, कनिष्ठ अभियंता तथा संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच मौजूद रहे।

अस्पताल की व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, मरीजों को बेहतर सुविधाएं देना सर्वोच्च प्राथमिकता : उपायुक्तडॉ हरीश कुमा...
03/09/2026

अस्पताल की व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, मरीजों को बेहतर सुविधाएं देना सर्वोच्च प्राथमिकता : उपायुक्त
डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ

उपायुक्त ने सामान्य अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, वार्डों से लेकर इमरजेंसी तक परखी व्यवस्थाएं

डॉक्टर नियमित विजिट करें, सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं में कमी मिली तो होगी जवाबदेही तय

अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर उपायुक्त सख्त, स्टॉक रजिस्टर से लेकर वार्डों की सुविधाओं तक की जांच

पानीपत, 3 सितंबर। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने सामान्य अस्पताल का बुधवार को दोपहर बाद औचक निरीक्षण कर अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई, वार्डों की व्यवस्था, चिकित्सकों की विजिट तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने विभिन्न वार्डों में पहुंचकर मरीजों से बातचीत की और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जहां आवश्यक सुधार की जरूरत मिली, वहां संबंधित अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने मोर्चरी की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल के प्रत्येक वार्ड और जरूरी स्थान पर स्पष्ट साइन बोर्ड लगाए जाएं, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने चिकित्सकों को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति गंभीर रहने तथा निर्धारित समय पर वार्डों में विजिट कर मरीजों के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के निर्देश दिए।
उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में रखे फ्रिज को चालू रखने तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न वार्डों के स्टॉक रजिस्टर भी जांचे और संबंधित अधिकारियों से रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने को कहा।
उपायुक्त डॉ हरीश ने स्पष्ट किया कि अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों का उचित रखरखाव और उनका समय पर उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान गैलरी में कुछ व्यक्तियों के सोते हुए पाए जाने पर उपायुक्त ने गंभीरता से संज्ञान लिया और संबंधित चिकित्सक से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी चिकित्सक और कर्मचारी अपनी ड्यूटी पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ निभाएं।
उपायुक्त ने सीटी स्कैन एवं एमआरआई स्कैन सेंटर, इमरजेंसी वार्ड, डेंगू वार्ड, डीएनबी रूम, एनआरसी वार्ड और नर्सिंग स्टेशन का भी निरीक्षण किया। बाल रोग कक्ष में उपचाराधीन मरीज जैकी भारती से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य और अस्पताल में मिल रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली।
इसके अलावा उपयुक्त ने मातृत्व विभाग, जनरल वार्ड, लेबर रूम और एमसीयू का भी जायजा लिया।
उन्होंने अस्पताल में चल रहे हाइजीनिक पाइप के कार्य ना करने पर संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा और आवश्यक कार्य को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में स्वच्छता, पेयजल, बिजली, शौचालय, दवाइयों और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था हर समय सुचारु रहनी चाहिए।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि अस्पताल में व्यवस्था केवल कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देनी चाहिए। मरीज और उनके परिजन अस्पताल में बेहतर इलाज के साथ स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण की अपेक्षा लेकर आते हैं। इसलिए प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से समझे। अस्पताल की व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर जवाबदेही तय की जाएगी।
उपायुक्त ने कहा कि सीएमओ और सभी विभागाध्यक्ष नियमित रूप से पूरे अस्पताल का निरीक्षण करें तथा कम से कम दिन में दो बार प्रत्येक महत्वपूर्ण स्थान और वार्ड का दौरा कर व्यवस्थाओं की स्वयं निगरानी करें। जहां भी कमी नजर आए, उसे तत्काल दूर कराया जाए। चिकित्सकों की समय पर विजिट, मरीजों की देखभाल, साफ-सफाई और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग अस्पताल की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल है। उन्होंने पोषण विभाग की डॉक्टर से फोन पर किस तरह बच्चों को पोषण से संबंधित खुराक दी जाती है कि भी जानकारी ली है आवश्यक दिशा निर्देशदिए।
उपायुक्त ने कहा कि डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार रखते हुए बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करानी चाहिए। उन्होंने लेबर रूम में आवश्यक उपकरण लगाने के भी निर्देश दिए। मेडिसिन रूम, डॉक्टर रूम और इमरजेंसी की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण करते हुए उन्होंने अधिकारियों को रिकॉर्ड और सामान को व्यवस्थित रखने तथा साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसडीएम मनदीप कुमार, सांसद प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा, डिप्टी सीएमओ डॉ. दिव्या साहनी, डॉ. ललित वर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं चिकित्सक मौजूद रहे।

02/09/2026

महीपाल ढांडा ( शिक्षा मंत्री) हरियाणा सरकार
ने ग्रामीण क्षेत्रो के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक ली

हरियाणा खेलों में नंबर वन, ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी :  पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंव...
02/09/2026

हरियाणा खेलों में नंबर वन, ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी : पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार

उटला में गूंजा हॉकी का जोश, मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने खिलाड़ियों को दिया जीत का मंत्र

सीबीएसई नॉर्थ जोन-2 हॉकी टूर्नामेंट का आगाज, पंवार ने खिलाड़ियों से कहा—हार-जीत नहीं, खेल भावना है सबसे बड़ी जीत

खेल प्रतिभाओं को मिलेगा पूरा प्रोत्साहन, उन्टला स्कूल के विकास के लिए मंत्री पंवार ने की 11 लाख सहित कम्यूनिटी हाल व लाइब्रेरी के लिए 36 लाख की घोषणा

हरियाणा के विकास,पंचायत एवं खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने बुधवार को सांय गांव उटला स्थित गुरु ब्रह्मानंद वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित सीबीएसई नॉर्थ जोन-2 हॉकी टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हरियाणा की पहचान देशभर में खेलों के हब के रूप में बनी है। प्रदेश के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। पानीपत की धरती भी खेल प्रतिभाओं से समृद्ध है और नीरज चोपड़ा जैसे खिलाड़ी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
मंत्री ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, संघर्ष करने का जज्बा और टीम भावना पैदा करते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने का मंच देता है।
उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे हार-जीत की चिंता किए बिना पूरे आत्मविश्वास, अनुशासन और खेल भावना के साथ मैदान में उतरें।
उन्होंने कहा कि सफल खिलाड़ी वही होता है जो जीत में विनम्र और हार में मजबूत बना रहता है। निरंतर अभ्यास, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर खिलाड़ी किसी भी लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ी एक-दूसरे का सम्मान करें और खेल के साथ-साथ अच्छे संस्कारों का भी परिचय दें।
मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने विद्यालय के विकास के लिए 11 लाख रुपये, गांव उटला के कम्यूनिटी हाल के लिए 21 लाख रुपये तथा लाइब्रेरी के लिए 15 लाख रुपये देने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा और खेल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है, ताकि युवाओं को बेहतर अवसर मिल सकें।
विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि 15 सितंबर से जापान में होने वाले एशियाड में भारतीय खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि देश की महिला हॉकी टीम में करीब 50 प्रतिशत खिलाड़ी हरियाणा से संबंध रखती हैं, जो प्रदेश की खेल प्रतिभा का प्रमाण है। शाहबाद में हॉकी का विशेष रूप से मजबूत आधार है और हरियाणा की बेटियों ने हॉकी में देश का गौरव बढ़ाया है।
मंत्री ने खिलाड़ियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि पानीपत की धरती से निकलने वाली खेल प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले तथा प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग ले रहे सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
गौरतलब है कि सीबीएसई नॉर्थ जोन-2 हॉकी टूर्नामेंट 2 सितंबर से 6 सितंबर तक चलेगा। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों की टीमें हॉकी मैदान पर अपने कौशल और प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। प्रतियोगिता को लेकर विद्यालय परिसर में खिलाड़ियों, आयोजकों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह बना हुआ है। इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।

शिक्षक राष्ट्र निर्माण की धुरी, उनके संस्कारों से ही विकसित भारत का सपना होगा साकार: महीपाल ढांडाशिक्षक केवल ज्ञान नहीं ...
02/09/2026

शिक्षक राष्ट्र निर्माण की धुरी, उनके संस्कारों से ही विकसित भारत का सपना होगा साकार: महीपाल ढांडा

शिक्षक केवल ज्ञान नहीं देते, वे बच्चों के चरित्र, संस्कार और भविष्य का निर्माण भी करते हैं: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ

सैकड़ो शिक्षकों को किया मंच से सम्मानित

शिक्षकों के समर्पण से मजबूत होगा समाज, नशामुक्त और संस्कारवान पीढ़ी तैयार करने में निभाएं अग्रणी भूमिका

गुरु का हाथ सिर पर हो तो बड़ी से बड़ी चुनौती भी रास्ता छोड़ देती है

हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने शिक्षक दिवस के अवसर पर थिराना स्थित ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के ज्ञान मानसरोवर रिट्रीट सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक राष्ट्र के भविष्य के निर्माता हैं। शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, चरित्र और संस्कारों को आकार देकर उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। गुरु वह शक्ति है जो अज्ञान के अंधकार से ज्ञान और प्रकाश की ओर ले जाती है। इसलिए शिक्षक के कंधों पर समाज और राष्ट्र की बहुत बड़ी जिम्मेदारी है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि आज भारत दुनिया के मजबूत देशों की कतार में तेजी से आगे बढ़ रहा है और आने वाले समय में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प प्रत्येक नागरिक को लेना होगा। इस संकल्प को धरातल पर उतारने में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है, क्योंकि वे भावी पीढ़ी का निर्माण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत ने विश्व के सामने केवल आर्थिक प्रगति का विचार नहीं रखा, बल्कि विश्व कल्याण, मानवता, संस्कार और आदर्श जीवन का संदेश भी दिया है। शिक्षकों को विद्यार्थियों में इन्हीं श्रेष्ठ विचारों और मूल्यों का बीजारोपण करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक पूरी तरह सक्षम और शिक्षित हैं। उनकी मेहनत से शिक्षा के क्षेत्र में परीक्षा परिणामों में सकारात्मक बदलाव आया है और सरकारी स्कूलों की तस्वीर बदल रही है। सरकार विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा देने के लिए सरकारी विद्यालयों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। शिक्षकों के समर्पण और सरकार के प्रयासों से प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। मंत्री ने शिक्षकों का आह्वान करते हुए कहा कि प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता, संस्कार, नैतिकता और सामाजिक जिम्मेदारी का भाव विद्यार्थियों में पैदा करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने महान वैज्ञानिक जगदीश चंद्र बसु के विचार का उल्लेख करते हुए कहा कि पेड़-पौधों में भी जीवन है। हमें प्रकृति का शोषण नहीं, बल्कि उसका संरक्षण करते हुए संतुलित उपयोग करना चाहिए तथा अधिक से अधिक पौधारोपण को बढ़ावा देना चाहिए। शिक्षक बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक कर समाज में सकारात्मक बदलाव के वाहक बन सकते हैं। शिक्षा मंत्री ने कहा कि गुरु का आशीर्वाद और मार्गदर्शन व्यक्ति को कठिन से कठिन परिस्थितियों से निकलने की शक्ति देता है। गुरु का हाथ सिर पर हो तो बड़ी से बड़ी समस्या भी रास्ता छोड़ देती है। उन्होंने अपने निजी कोष से संस्था को 11 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

इस अवसर पर उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि शिक्षक दिवस हमें उन शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर देता है, जो विद्यार्थियों को ज्ञान देने के साथ उनके चरित्र और व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं। राष्ट्र निर्माण की नींव मजबूत करने में शिक्षकों का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि बच्चों को पढ़ाई के साथ सामाजिक मूल्यों, नैतिकता और नशामुक्त जीवन के प्रति जागरूक करना भी शिक्षकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। डीसी ने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल शिक्षित समाज बनाना नहीं, बल्कि चरित्रवान, संस्कारवान और जिम्मेदार समाज का निर्माण करना होना चाहिए। बच्चों में अच्छे संस्कार डालकर ही मजबूत समाज की नींव रखी जा सकती है। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने के लिए प्रेरित करें और उन्हें प्रकृति संरक्षण, सामाजिक सद्भाव तथा राष्ट्र सेवा की भावना से जोड़ें। उन्होंने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में संस्था के निदेशक भारत भूषण ने नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने तथा सहनशीलता का भाव विकसित करने का संदेश दिया। सरला बहन ने कहा कि शिक्षक बच्चों को मजबूती प्रदान कर उन्हें जीवन में आगे बढऩे की दिशा दे सकता है। उनके अमूल्य योगदान से बच्चों का भविष्य मजबूत होता है। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस मौके पर विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों को उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी नीलम कुंडू, बीईओ जयपाल, विजय कुमार सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक मौजूद रहे।

निर्धारित प्रावधानों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार ...
01/09/2026

निर्धारित प्रावधानों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ

अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माण पर प्रशासन का कड़ा शिकंजा

नियम तोडऩे वालों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई

अवैध निर्माण को किसी भी सूरत में संरक्षण नहीं दिया जाएगा

विकास के नाम पर मनमानी बर्दाश्त नहीं

समन्वय स्थापित कर पूरी टीम के साथ पहुंचे पुलिस अधिकारी

जिले में अनधिकृत निर्माण और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त एवं जिला मजिस्ट्रेट डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने मंगलवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर नियंत्रित क्षेत्रों और शहरी क्षेत्रों में नियमों का उल्लंघन कर किए जा रहे निर्माण तथा अवैध कॉलोनियों की गतिविधियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त डॉ. हरीश ने कहा कि सरकार की अनुमति और निर्धारित नियमों की अनदेखी कर किए जा रहे निर्माण को किसी भी सूरत में संरक्षण नहीं दिया जाएगा। अवैध कॉलोनियां विकसित करने, बिना अनुमति निर्माण करने और निर्धारित प्रावधानों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे मामलों की नियमित निगरानी करते हुए कार्रवाई में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए।

डॉ. वशिष्ठ ने कहा कि अनियोजित और अवैध निर्माण न केवल शहर के सुनियोजित विकास में बाधा बनते हैं, बल्कि भविष्य में आमजन के लिए भी गंभीर समस्याएं पैदा करते हैं। प्रशासन का उद्देश्य जिले में ऐसा व्यवस्थित शहरी विकास सुनिश्चित करना है, जिसमें सडक़, बिजली, पानी, सीवर और अन्य मूलभूत सुविधाओं की बेहतर योजना के साथ नागरिकों को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण मिल सके। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अनधिकृत निर्माण और अवैध कॉलोनियों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। जहां आवश्यक हो, वहां सीलिंग और तोडफ़ोड़ की कार्रवाई के लिए निर्धारित कार्यक्रम तैयार किया जाए तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल और ड्यूटी मजिस्ट्रेट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उपायुक्त ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि जिला नगर योजनाकार, प्रवर्तन की ओर से दर्ज कराई गई शिकायतों पर प्राथमिकी की स्थिति की नियमित निगरानी की जाए और संबंधित पुलिस थानों द्वारा की जा रही कार्रवाई की प्रगति की समीक्षा की जाए। उन्होंने राजस्व विभाग को भी निर्देश दिए कि अनधिकृत कॉलोनियों से संबंधित मामलों में नियमानुसार जमाबंदी में आवश्यक प्रविष्टियां सुनिश्चित की जाएं, ताकि अवैध खरीद-फरोख्त पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। उपायुक्त ने कहा कि अवैध कॉलोनी काटकर आम लोगों को गुमराह करने वालों के खिलाफ प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्रवाई करेगा और किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में डीटीपी सुमित मलिक ने उपायुक्त को अनधिकृत निर्माण और कॉलोनियों के संबंध में की जा रही कार्रवाई की जानकारी दी। उपायुक्त ने कहा कि जिले के सुनियोजित विकास के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। कानून का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई जारी रहेगी और प्रशासन की प्राथमिकता नियमों के अनुरूप सुरक्षित, व्यवस्थित और नियोजित विकास सुनिश्चित करना है। बैठक में एसडीएम समालखा अमित कुमार एसडीएम इसराना नवदीप नैन, डीटीपी सुमित मलिक, डीएसपी सुरेश सैनी, तहसीलदार वीरेंद्र गिल, तहसीलदार मनोज, तहसीलदार नरेंद्र दलाल लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता सवित पानु के अलावा विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Address

185, 8 Marla Colony
Panipat
132103

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when BOL Panipat 24 posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Shortcuts

Share