02/09/2026
पानीपत की 21 शिक्षिकाएं ‘टॉर्च बेयरर ऑफ एजुकेशन अवार्ड’ से सम्मानित
इनर व्हील क्लब पानीपत मिडटाउन ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए किया सम्मान
Live Views (वैभव छाबड़ा)
शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान, समर्पण, निष्ठा एवं निरंतर प्रयासों को सम्मानित उद्देश्य से इनर व्हील क्लब पानीपत मिडटाउन की ओर से शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में मिलेनियम विद्यालय, पानीपत में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शहर की शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 21 शिक्षिकाओं को ‘टॉर्च बेयरर ऑफ एजुकेशन अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।
सम्मानित शिक्षिकाओं को उनके समर्पण, कर्मठता, नेतृत्व क्षमता तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान के लिए स्मृति-चिह्न एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। इनर व्हील क्लब पानीपत मिडटाउन एवं मिलेनियम विद्यालय की ओर से प्रशंसा-पत्र तथा इनर व्हील जिला 308 की ओर से भी प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर इनर व्हील क्लब पानीपत मिडटाउन की अध्यक्षा ज्योत्सना गर्ग, उपप्रधान डॉ. स्वाति गोयल, सचिव मंजरी गोयल, आईएसओ सीमा बब्बर, कोषाध्यक्ष रितिका गर्ग, पूर्व प्रधान मुक्ता नागपाल, पूर्णिमा, संस्थापक अध्यक्षा डॉ. कंचन सागर, मिलेनियम विद्यालय की निदेशक-प्रधानाचार्या अमिता कोचर तथा इनर व्हील जिला 308, जोन-9 की क्षेत्रीय समन्वयक डॉ. अनु कालरा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहीं।
क्लब की प्रधान ज्योत्सना गर्ग ने कहा कि शिक्षक समाज के वास्तविक निर्माता होते हैं। उनका योगदान केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देने तक सीमित नहीं है, बल्कि वे बच्चों के चरित्र, संस्कार, आत्मविश्वास और जीवन-दृष्टि का भी निर्माण करते हैं। शिक्षा की मशाल को आगे बढ़ाने वाले शिक्षकों का सम्मान समाज के लिए गौरव की बात है।
संस्थापक अध्यक्षा डॉ. कंचन सागर ने कहा कि इस तरह के सम्मान शिक्षकों के समर्पण को पहचान देने के साथ-साथ उन्हें भविष्य में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं। डॉ. अनु कालरा ने कहा कि ऐसे आयोजन शिक्षा के प्रति समर्पण, निष्ठा और उत्कृष्टता की भावना को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मिलेनियम विद्यालय की निदेशक-प्रधानाचार्या अमिता कोचर ने कहा कि शिक्षक आने वाली पीढ़ियों को ज्ञान के साथ-साथ संस्कार और सही दिशा प्रदान करते हैं। उनके प्रयासों का प्रभाव पूरे समाज पर पड़ता है और शिक्षकों का सम्मान उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखने की दिशा में सार्थक कदम है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में मिलेनियम विद्यालय की शिक्षिका जीवन ज्योति का विशेष योगदान रहा। उन्होंने कार्यक्रम के संचालन एवं व्यवस्थाओं का कुशलतापूर्वक प्रबंधन किया। क्लब की ओर से उनके प्रयासों के लिए विशेष आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी इनर व्हील क्लब पानीपत मिडटाउन की संपादिका डॉ. दीप्ति जैन ने दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि उन शिक्षिकाओं के निःस्वार्थ सेवा-भाव को नमन है, जो पीढ़ी-दर-पीढ़ी शिक्षा की मशाल को प्रज्वलित रख रही हैं। उन्होंने कहा कि क्लब भविष्य में भी शिक्षा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में ऐसे प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।