05/09/2026
: पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तारुवाला में शिक्षक संवाद एवं शिक्षक दिवस समारोह आयोजित
पांवटा साहिब के पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, तारुवाला में शिक्षक संवाद एवं शिक्षक दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना तथा शिक्षा की गुणवत्ता को और अधिक प्रभावी बनाना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य जोगी कन्याल ने की। इस अवसर पर एसएमसी अध्यक्ष कृतिका शर्मा एवं उपाध्यक्ष सुनील शर्मा सहित विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, अभिभावक, विद्यार्थी एवं समस्त शिक्षक उपस्थित रहे।
शिक्षक संवाद के दौरान विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की उपलब्धियों, अनुशासन, उपस्थिति तथा शिक्षा को बेहतर बनाने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। अभिभावकों ने भी अपने सुझाव एवं विचार साझा किए।
इस अवसर पर शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में शिक्षकों के योगदान और उनकी भूमिका को सम्मानपूर्वक याद किया गया। विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ एवं अन्य गतिविधियाँ प्रस्तुत कीं।
प्रधानाचार्य ने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान प्रदान करने वाले नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के चरित्र एवं भविष्य का निर्माण करने वाले मार्गदर्शक भी हैं। उन्होंने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएँ दीं तथा अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का समापन आपसी संवाद, सहयोग और विद्यालय के सर्वांगीण विकास के संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर एसएमसी सदस्य अभिभावक व संतोष तोमर , राजेंद्र सिंह, सुमति शर्मा, निर्मला भार्गव, जसकिरत, नितेश, मंजू, नीलम राणा, निर्मल सिंह सहित विद्यालय परिवार के सभी सदसय मौजूद रहे।