09/08/2026
जीजीडीएसडी कॉलेज बैजनाथ के पूर्व छात्र अतुल व्यास ने बढ़ाया हिमाचल का मान
IIT दिल्ली में PM मोदी की अगुवाई करते नजर आए कुलसचिव अतुल व्यास
बैजनाथ। जीजीडीएसडी कॉलेज बैजनाथ के पूर्व छात्र और वर्तमान में IIT दिल्ली के कुलसचिव (Registrar) अतुल व्यास ने अपनी उपलब्धि से बैजनाथ और पूरे कांगड़ा जिले का नाम गौरवान्वित किया है।
IIT दिल्ली के 57वें दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इसी दौरान सामने आई तस्वीर में IIT दिल्ली के कुलसचिव अतुल व्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आगे चलते हुए उनकी अगुवाई करते और उन्हें कार्यक्रम स्थल की ओर एस्कॉर्ट करते हुए नजर आ रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने 8 अगस्त को IIT दिल्ली के दीक्षांत समारोह को संबोधित भी किया।
पंचरुखी के सलियाना गांव के अतुल व्यास का शिक्षा से गहरा नाता बैजनाथ से रहा है। उन्होंने जीजीडीएसडी कॉलेज बैजनाथ से 10+1, 10+2 तथा बीएससी नॉन-मेडिकल की शिक्षा हासिल की। इसके बाद उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला से गणित में एमएससी सहित उच्च शिक्षा प्राप्त की।
प्रशासनिक क्षेत्र में लंबे अनुभव के बाद अतुल व्यास वर्ष 2006 में IIT दिल्ली से जुड़े। सहायक कुलसचिव, उप कुलसचिव और संयुक्त कुलसचिव जैसे महत्वपूर्ण दायित्व निभाते हुए वे आज देश के प्रतिष्ठित IIT दिल्ली के कुलसचिव के पद पर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वर्तमान में वे IIT दिल्ली के Board of Governors और Finance Committee के Registrar & Secretary भी हैं।
बैजनाथ के एक शिक्षण संस्थान से शुरू हुआ अतुल व्यास का सफर आज देश के प्रतिष्ठित IIT दिल्ली के शीर्ष प्रशासनिक पद तक पहुंच चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे राष्ट्रीय नेतृत्व वाले कार्यक्रम में उनकी अगुवाई करते हुए सामने आई यह तस्वीर निश्चित तौर पर बैजनाथ और कांगड़ा के लिए गर्व का क्षण है।