05/09/2026
शिक्षक सम्मान समारोह में नवाचारी शैक्षणिक गतिविधियों से बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाले शिक्षकों को मिला सम्मान
शिक्षक दिवस के अवसर पर बिहार राज्य शिक्षक सम्मान समारोह-2026 का पटना स्थित श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में माननीय मुख्यमंत्री, बिहार सरकार की अध्यक्षता में लाइव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर राज्य के सभी जिलों से चयनित एक-एक शिक्षक को राजकीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती एवं शिक्षक दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह-2026 का आयोजन समाहरणालय सभागार, गोपालगंज में जिलाधिकारी श्री समीर सौरभ की अध्यक्षता में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी श्री समीर सौरभ, जिला शिक्षा पदाधिकारी, तथा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, प्राथमिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान, गोपालगंज द्वारा डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक स्वागत गीत ने कार्यक्रम में भावपूर्ण वातावरण का सृजन किया और शिक्षकों के प्रति विद्यार्थियों की कृतज्ञता एवं सम्मान को अभिव्यक्त किया।
पारदर्शी प्रक्रिया के तहत 15 शिक्षकों का चयन
शिक्षा विभाग द्वारा जिले के शिक्षकों से उनके द्वारा किए जा रहे नवाचारी शैक्षणिक कार्यों एवं उत्कृष्ट गतिविधियों के आधार पर शिक्षक सम्मान के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। इसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों के 201 शिक्षकों ने अपने-अपने नवाचारों के साथ आवेदन किया।
प्राप्त आवेदनों के मूल्यांकन एवं चयन के लिए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, प्राथमिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान की अध्यक्षता में त्रिसदस्यीय समिति का गठन किया गया। समिति द्वारा निर्धारित मानकों एवं शिक्षकों के सराहनीय नवाचारों का मूल्यांकन करते हुए पूरी पारदर्शिता के साथ 15 उत्कृष्ट शिक्षकों का चयन सम्मान के लिए किया गया।
नवाचार के माध्यम से शिक्षा को बनाया रोचक और प्रभावी
चयनित शिक्षकों द्वारा विद्यालयों में केवल पाठ्यक्रम आधारित शिक्षण तक सीमित न रहते हुए बच्चों की रूचि, समझ, रचनात्मकता, सहभागिता एवं सीखने की क्षमता को बढ़ाने के लिए विभिन्न नवाचारी शैक्षणिक गतिविधियों को अपनाया जा रहा है।
इन शिक्षकों का प्रयास है कि बच्चे शिक्षा को केवल परीक्षा की तैयारी के रूप में न देखें, बल्कि गतिविधि आधारित, प्रयोगात्मक और आनंददायी तरीके से सीखने के अवसर प्राप्त करें। शिक्षकों द्वारा स्थानीय संसाधनों, सरल शिक्षण सामग्री, समूह गतिविधियों, रचनात्मक अभ्यास, डिजिटल माध्यमों तथा विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता को शिक्षण प्रक्रिया का हिस्सा बनाया जा रहा है।
सम्मानित शिक्षकों के नवाचार बनेंगे अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत
समारोह में जिलाधिकारी श्री समीर सौरभ एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा चयनित शिक्षक/शिक्षिकाओं को स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सम्मानित शिक्षकों से अपील की गई कि उनके द्वारा अपनाए जा रहे नवाचारी प्रयोगों और उत्कृष्ट कार्यों को जिले के अन्य विद्यालयों तक भी पहुंचाया जाए, ताकि एक विद्यालय में सफल नवाचार दूसरे विद्यालयों के लिए प्रेरणा और सीख का माध्यम बन सके।
शिक्षक सम्मान समारोह का उद्देश्य केवल उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित करना नहीं, बल्कि उनके कार्यों को जिले के प्रत्येक विद्यालय और प्रत्येक शिक्षक तक पहुंचाकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की संस्कृति को मजबूत करना भी है। सम्मानित शिक्षकों के अनुभव एवं नवाचार अन्य शिक्षकों को अपने विद्यालयों में स्थानीय आवश्यकता के अनुरूप नए प्रयोग करने के लिए प्रेरित करेंगे।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सामूहिक प्रयास का आह्वान
जिला शिक्षा पदाधिकारी, गोपालगंज ने सभी सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि उनके उत्कृष्ट कार्य जिले के अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने सभी शिक्षकों से अपील की कि वे अपने-अपने विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ नवाचारी एवं बाल-केंद्रित शिक्षण पद्धतियों को बढ़ावा दें तथा शिक्षा विभाग के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
जिला पदाधिकारी ने सभी सम्मानित शिक्षक एवं शिक्षिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा शिक्षा के क्षेत्र में इसी प्रकार समर्पण एवं नवाचार के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया।
शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान एवं नवाचारी कार्यों के लिए सम्मानित शिक्षकों में
सिधवलिया प्रखंड – डॉ. अमन कुमार रौनियार
विजयीपुर प्रखंड – डॉ. ओम प्रकाश यादव
बरौली प्रखंड – श्री मनीष कुमार
बैकुण्ठपुर प्रखंड – श्री रवि कुमार मिश्रा
उचकागांव प्रखंड – श्रीमती श्वेता गुप्ता
कुचायकोट प्रखंड – श्री विनीत कुमार शर्मा
भोरे प्रखंड – श्री राकेश कुमार
गोपालगंज प्रखंड – श्री प्रकाश
सहित जिले के अन्य चयनित शिक्षक/शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया।
यह शिक्षक सम्मान समारोह जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार और उत्कृष्ट शिक्षण पद्धतियों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। सम्मानित शिक्षकों के अनुभव और नवाचारी प्रयोग अब अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणा बनकर विद्यालयी शिक्षा को और अधिक प्रभावी, रोचक एवं विद्यार्थी-केंद्रित बनाने में सहायक होंगे।