22/08/2026
गर्दनीबाग में दो गुटों में बंटा छात्र आंदोलन, रौशन आनंद ने की एकजुट होने की अपील
पटना के गर्दनीबाग में छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। BPSC TRE-4 समेत विभिन्न परीक्षाओं से जुड़ी मांगों को लेकर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी बीच आंदोलन के अंदर छात्र नेताओं के अलग-अलग गुटों में नजर आने को लेकर छात्रों में नाराजगी भी देखने को मिली। ([
शनिवार को ज्ञान बिंदु के संचालक रौशन आनंद भी गर्दनीबाग धरना स्थल पर छात्रों के समर्थन में पहुंचे। उन्होंने छात्र नेताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एक मंच पर आने की अपील की। रौशन आनंद ने खास तौर पर छात्र नेता दिलीप कुमार और अमन कुमार से एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि अगर छात्र नेता एक साथ नहीं आएंगे तो आंदोलन कमजोर पड़ सकता है।
रौशन आनंद ने कहा कि छात्रों की मांगों को मजबूती से सरकार तक पहुंचाने के लिए एकता जरूरी है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग गुटों में बंटकर आंदोलन करने से सरकार को फायदा मिल सकता है, जबकि सभी छात्र नेता और छात्र संगठन एक साथ खड़े होंगे तो छात्रों की आवाज और मजबूत होगी।
उन्होंने आंदोलनकारी छात्रों से शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से प्रदर्शन जारी रखने की भी अपील की। साथ ही कहा कि छात्रों की मांगों और परीक्षा व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा।
अब देखना होगा कि रौशन आनंद की अपील के बाद छात्र नेता दिलीप और अमन कुमार समेत आंदोलन से जुड़े दूसरे नेता एक मंच पर आते हैं या नहीं और क्या छात्र आंदोलन को नई मजबूती मिलती है।